झारखंड के झरिया में शहीदों का अपमान, 2001 की त्रासदी में जान गंवाने वाले मजदूरों के स्मारक पर चला बुलडोजर
झरिया की बागडिगी कोलियरी में 2001 के हादसे में शहीद हुए 29 श्रमिकों के ऐतिहासिक स्मारक को बिना वैकल्पिक व्यवस्था के ध्वस्त कर दिया गया है।

झरिया में मजदूरों की याद में बना स्मारक स्थल। फोटो जागरण
HighLights
बागडिगी कोलियरी का ऐतिहासिक शहीद स्तंभ बिना वैकल्पिक व्यवस्था ध्वस्त।
यह स्मारक 2001 खदान दुर्घटना के 29 शहीद श्रमिकों का था।
प्रबंधन ने स्मारक को जल्द ही ससम्मान पुनर्स्थापित करने का आश्वासन दिया।
श्रवण कुमार, झरिया। समय का पहिया भले ही आगे बढ़ गया हो, लेकिन 2 फरवरी की तारीख आते ही झरिया की बागडिगी कोलियरी के श्रमिकों और उनके परिवारों के पुराने जख्म फिर से हरे हो जाते हैं।
वर्ष 2001 का वह भयावह मंजर, जब जमीन से सैकड़ों फीट नीचे काला हीरा कोयला निकालने गए 29 श्रमिक काल के गाल में समा गए थे, आज भी लोगों के कलेजे को दहला देता है, लेकिन अब इन शहीद श्रमिकों की स्मृति में बने ऐतिहासिक शहीद स्तंभ का अस्तित्व ही खतरे में पड़ गया है।
क्षेत्र में संचालित सुशी आउटसोर्सिंग परियोजना के विस्तारीकरण के नाम पर बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था या पुनर्स्थापना के ही इस स्मारक को मशीनों से ध्वस्त किया जा रहा है।
भव्य स्मारक से मलबे के ढेर में तब्दील हुआ शहीद स्थल
जहां कभी 2 फरवरी को फूलों की मालाओं से सजे शहीद स्तंभ पर श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगता था, आज वहां केवल टूटे हुए पत्थर और मलबे का ढेर नजर आ रहा है।
स्तंभ पर लगे शिलापट्ट, जिन पर उन 29 अमर शहीदों के नाम स्वर्णाक्षरों में अंकित थे, उन्हें उखाड़ दिया गया है।
जिस स्तम्भ पर लिखा था हम सभी कोयला परिवार आपके कृतज्ञ हैं, आज उसी स्मारक की ऐसी दुर्दशा देखकर कोयलांचल के लोगों की आंखें नम और मन आक्रोशित है।
प्रबंधन की इस मनमानी व तरनाशाही रवैया काे लेकर लोगों में काफी आक्रोश है। बताया कि बागडिगी कोलियरी के 29 श्रमिकों ने देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए अपने प्राणों की आहुति दी थी।
बिना किसी पूर्व सूचना या पुनर्स्थापना के उनके स्मारक पर मशीन चलाना पूरे मजदूर वर्ग की भावनाओं को कुचलने जैसा है। प्रबंधन को तत्काल इस तोड़फोड़ को रोकना होगा।
उन्होंने कहा कि कोयला उत्पादन जरूरी है, लेकिन शहीदों की अस्मिता और सम्मान की कीमत पर नहीं।
नियम के तहत किसी भी स्मारक को हटाने से पहले दूसरे सुरक्षित स्थान पर भव्य स्मारक का निर्माण कर विधिवत रूप से शिलापट्ट स्थापित किया जाना चाहिए। कंपनी की यह मनमानी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।'
क्या हुआ था 2 फरवरी 2001 को...
किसे पता था कि फरवरी की वह तारीख बागडिगी के लिए काली साबित होगी। 2 फरवरी 2001 को दोपहर के करीब 12 बजे लोदना क्षेत्र की बागडिगी कोलियरी की 12 नंबर खदान में अचानक एक जोरदार धमाके जैसी आवाज हुई।
वर्ष 1962 से संचित पुराने डैम का बांध टूट गया और लाखों गैलन पानी तेज रफ्तार से खदान के भीतर घुस गया। गहराई में काम कर रहे श्रमिकों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और 29 श्रमिकों ने खदान के भीतर ही जलसमाधि ले ली।
यह त्रासदी केवल 29 मजदूरों के बलिदान की नहीं, बल्कि अदम्य जिजीविषा की भी गवाह बनी थी। इसी हादसे में फंसे श्रमिक सलीम अंसारी ने खदान के भीतर घुप अंधेरे और पानी के बीच सात दिनों तक मौत के साये में रहकर जिंदगी की जंग लड़ी थी और अंततः सुरक्षित बाहर निकलकर मौत को शिकस्त दी थी।
यह केवल पत्थरों का ढांचा नहीं, बल्कि उन 29 परिवारों और पूरे झरिया कोयलांचल की भावनाओं का केंद्र है। शहीदों का अपमान किसी भी सूरत में नहीं होने दिया जाएगा। प्रबंधन को ससम्मान नए स्थल पर स्मारक का पुनर्निर्माण कराना ही होगा। इस गंभीर विषय को बीसीसीएल के उच्चाधिकारियों और जिला प्रशासन को अवगत कराया जाएगा। -- बिहारी लाल चौहान, सदस्य, क्षेत्रीय सलाहकार समिति, लोदना क्षेत्र। सह केन्द्रीय सचिव, केआइएमपी।
शहीद स्थल काे जल्द ही ससम्मान लोदना क्षेत्रीय भीटीसी केन्द्र में स्थापित किया जाएगा। शहीदों के सम्मान बीसीसीएल परिवार के लिए सर्वोपरि है। -- रविन्द्र कुमार, प्रबंधक, एकीकृत जयरामपुर कोलियरी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।