महिला की संदेहास्पद मौत, हत्या का आरोप
संवाद सहयोगी, बिरनी (गिरिडीह): प्रखंड के बेलाटांड़ निवासी सूरज राम की 20 वर्षीय पत्नी का ...और पढ़ें

संवाद सहयोगी, बिरनी (गिरिडीह): प्रखंड के बेलाटांड़ निवासी सूरज राम की 20 वर्षीय पत्नी काजल देवी की संदेहास्पद स्थिति में शनिवार शाम को मौत हो गई। इसके बाद मृतका के ससुराल वाले शव को घर में छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर देर शाम महिला के परिजन उसके ससुराल पहुंचे। मृतका के चाचा आनंद राम ने घटना की सूचना बिरनी थाना को दी। एएसआइ विजय कुमार व मधुसूदन राउत रात में शव को थाना ले गए। घर पर ताला जड़कर चौकीदार रामदेव पासवान को तैनात कर दिया।
ससुराल वालों पर हत्या का आरोप: मृतका के चाचा धनवार थाना क्षेत्र के मरपोका निवासी आनंद राम ने थाने में आवेदन देकर काजल की हत्या का आरोप लगाया है। कहा कि इसकी जानकारी शनिवार शाम को दूरभाष पर काजल के दसरेडीह निवासी मामा से मिली। यहां पहुंचे तो देखा कि शव खाट पर पड़ा था। घर के सभी लोग वहां से फरार थे। भतीजी के शव पर गला दबाने का काला निशान था। साफ पता चल रहा था कि ससुराल वालों ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी है। कहा कि 2017 में उसका विवाह हुआ था। कुछ महीने से उसे मायके से एक लाख रुपया लाने के लिए प्रताडि़त किया जा रहा था।
ससुराल वालों ने आरोप को बताया गलत: मृतका के ससुर अर्जुन राम ने बताया कि घर पर बहू अकेली थी। वह पुत्र के साथ पलौंजिया बाजार गए थे। वापस लौटे तो घर का दरवाजा बंद था। दरवाजा खोलकर अंदर गए तो बहू फांसी पर लटकती मिली। शोर मचाने पर ग्रामीण जुटे और उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। उन्होंने कहा कि मृतक के चाचा ने जो आरोप लगाया है, वह निराधार है।
कहा कि इससे पहले 25 अक्टूबर को बहू बिना बताए अपने माता-पिता के पास कोलकाता चली गई थी। इसी को लेकर पंचायत भी हुई थी। बहू इस घर में कभी नहीं आना चाहती थी। 17 नवंबर को जबरन उसके माता-पिता ने उसे विदा किया था। इसी कारण उसने फांसी लगा ली है। थाना प्रभारी प्रशांत कुमार ने कहा कि शव को अंत्यपरीक्षण के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे कुछ कहा जा सकता है। मृतक के चाचा व पिता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज होगी।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।