Move to Jagran APP

Giridih Election 2024 : आज शाम पांच बजे से थम जाएगा प्रचार का शोर, डोर-टु-डोर जाकर उम्मीदवार करेंगे वोट की अपील

Giridih Election 2024 लोकसभा चुनाव के छठे चरण और झारखंड में तीसरे चरण के तहत गिरिडीह धनबाद रांची और जमशेदपुर में 25 मई को मतदान होना है। मतदान से पूर्व गुरुवार की शाम प्रचार का शोर थम जाएगा। शाम पांच बजे तक प्रचार की छूट है उसके बाद प्रत्याशी डोर-टु-डोर जाकर वोट की अपील करेंगे। गिरिडीह लोकसभा सीट पर इस बार 16 प्रत्याशी मैदान में हैं।

By Jagran News Edited By: Arijita Sen Published: Thu, 23 May 2024 02:15 PM (IST)Updated: Thu, 23 May 2024 02:15 PM (IST)
छठे चरण के लिए चुनाव प्रचार का आज आखिरी दिन

दीपक कुमार पाण्डेय, गिरिडीह। Giridih Election 2024 : लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर छठे चरण में होने वाले मतदान से पूर्व गुरुवार की शाम प्रचार का शोर थम जाएगा। शाम पांच बजे तक प्रचार की छूट है, उसके बाद प्रत्याशी डोर-टु-डोर जाकर वोट की अपील करेंगे। राष्ट्रीय स्तर पर छठे और राज्य के तीसरे चरण में गिरिडीह के अलावा धनबाद, रांची और जमशेदपुर में भी मतदान होना है। इधर, अंतिम समय में राजनीतिक दलों की ओर से प्रचार अभियान चरम पर है।

गिरिडीह लोकसभा सीट के लिए चुनाव में 16 प्रत्याशी

गिरिडीह लोकसभा सीट के लिए गिरिडीह जिले के गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र और डुमरी विधानसभा क्षेत्र के मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस लोकसभा सीट पर इस बार 16 प्रत्याशी मैदान में हैं।

नोटा को मिलाकर मतदान के लिए दो बैलेट यूनिट का प्रयोग किया जाएगा। गौरतलब है कि नाम वापसी के अंतिम दिन तक गिरिडीह लोकसभा सीट के लिए नामांकन दाखिल करने वाले दो प्रत्याशियों ने नाम वापस लिया था, जिसके बाद अब मैदान में बचे प्रत्याशियों की तकदीर 25 मई को मतदाता लिखेंगे।

जिले के छह लाख से अधिक मतदाता लेंगे चुनाव में हिस्सा

गिरिडीह के चार विधानसभा क्षेत्र बगोदर, राजधनवार, जमुआ और गांडेय कोडरमा लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा हैं। यहां 20 मई को मतदान संपन्न हो चुका है।

अब गिरिडीह और डुमरी विधानसभा क्षेत्र के छह लाख से अधिक मतदाता 25 मई को अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र में कुल 2,99,901 मतदाता हैं। इनमें 1,53,120 पुरुष मतदाता और 1,46,779 महिला मतदाता हैं। दो थर्ड जेंडर मतदाता हैं।

इसी तरह डुमरी विधानसभा क्षेत्र में कुल मतदाताओं की संख्या 3,9,332 है। इनमें 1,58,819 पुरुष मतदाता और 1,50,510 महिला मतदाता हैं। थर्ड जेंडर के मतदाताओं की संख्या तीन है।

आज किया जाएगा ड्राई रन

मतदान को लेकर गुरुवार को ड्राई रन आयोजित किया जाएगा। गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र की निर्वाची पदाधिकारी सह बोकारो जिला निर्वाचन पदाधिकारी विजया जाधव के अनुसार, वोटिंग के दिन सभी मतदान केंद्रों से वेबकास्टिंग की जाएगी। बूथों पर अंदर और बाहर की ओर दो कैमरे लगाए जाएंगे। व्यवस्था को फुलप्रूफ करने के लिए 23 मई को ड्राई रन आयोजित किया जा रहा है।

प्रत्याशियों में राष्ट्रीय दलाें के तीन, सात निर्दलीय

गिरिडीह लोकसभा सीट से अपनी किस्मत आजमा रहे उम्मीदवारों में राष्ट्रीय और राज्यीय दलों के तीन, पंजीकृत राजनैतिक दलों के छह और निर्दलीय सात प्रत्याशी हैं।

मुख्य रूप से मुकाबला एनडीए के वर्तमान सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी और आइएनडीआइए के प्रत्याशी सह झामुमो के टुंडी विधायक मथुरा महतो के बीच है। निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल करने वाले जेबीकेएसएस के नेता जयराम महतो इस संघर्ष को त्रिकोणीय बनाने में जुटे हैं।

लगातार लोगों के बीच सभाएं और रैलियां कर लोगों से समर्थन की अपील की है। इधर, निर्दलीय चुनाव लड़ रहीं फुसरो निवासी डा. उषा सिंह भी गिरिडीह तक सक्रिय हैं।

गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र में मतदान करेंगे मथुरा और जयराम

टुंडी विधायक सह आइएनडीआइए के गिरिडीह लोकसभा प्रत्याशी मथुरा महतो और निर्दलीय प्रत्याशी जयराम महतो दोनों गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र में मतदान करेंगे। दोनों बाघमारा विधानसभा क्षेत्र के मतदाता हैं।

गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत गिरिडीह जिले के गिरिडीह और डुमरी विधानसभा क्षेत्र के अलावा धनबाद जिले का बाघमारा और टुंडी विधानसभा क्षेत्र व बोकारो जिले का बेरमो और गोमिया विधानसभा क्षेत्र है। वहीं चंद्रप्रकाश चौधरी रामगढ़ जिले के मतदाता हैं।

प्रत्याशियों ने झोंकी अंतिम ताकत

प्रचार के अंतिम दौर में प्रत्याशियों ने पूरी ताकत झोंक दी है। एनडीए प्रत्याशी चंद्रप्रकाश चौधरी के पक्ष में बुधवार को केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने गिरिडीह में विभिन्न जगहों पर सभा को संबोधित कर वोट मांगा।

इधर, झामुमो के प्रत्याशी मथुरा प्रसाद महतो भी पूरे लोकसभा क्षेत्र में घूमकर समर्थन की अपील करते नजर आए।

गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू भी मथुरा के पक्ष में लोगों से वोट की अपील कर रहे हैं। इधर, निर्दलीय प्रत्याशी जयराम महतो ने 21 मई की शाम केबी हाई स्कूल डुमरी के मैदान में अंतिम जनसभा को संबोधित किया। इसके बाद अब तूफानी दौरे और जनसंपर्क के जरिए लोगों से वोट की अपील कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें:

आलमगीर आलम के मामले में चुप क्यों है कांग्रेस...? BJP ने पूछ लिया सवाल, कहा- इंडी गठबंधन ने झारखंड को बेच दिया

Giridih Election 2024 : गिरिडीह में आज शाम पांच बजे के बाद से नहीं बिकेगी शराब, इन जिलों में भी बंद रहेगा ठेका


This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.