बिरनी में महिला मतदाताओं में देखा गया काफी उत्साह
बिरनी में महिला मतदाताओं में देखा गया काफी उत्साह

बिरनी में महिला मतदाताओं में देखा गया काफी उत्साह
संवाद सहयोगी, बिरनी (गिरिडीह): त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तीसरे चरण का मतदान मंगलवार को बिरनी में संपन्न हो गया। प्रखंड के 339 बूथों पर सुबह सात बजे से ही मतदाताओं की भीड़ उमड़ने लगी। इसमें सबसे अधिक बूथों पर महिलाओं की भीड़ लगी थी। महिला मतदाताओं के चेहरे पर गांव की सरकार बनाने की खुशियां थी। कहीं पर भी किसी तरह की बड़ी घटना नहीं हुई। मतदान कराने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मतदान बूथ नंबर 264 उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय दुधियानो में मुखिया के मतपत्र में गड़बड़ी के कारण आधा घंटे तक मतदान बाधित रहा। मतपत्र में चोंगाखार पंचायत की जगह पलामू जिले के पांकी पंचायत लिखा हुआ था।
-लोकतंत्र के महापर्व में सभी ने निभाई भागीदारी : सात साल के बाद एक बार फिर से गांव की सरकार चुनने का मौका जनता को मिला। जनता भी लोकतंत्र के इस महापर्व में पूरे उत्साह से भाग ले रही थी। लोगों का उत्साह नक्सली खौफ और भीषण गर्मी भी खत्म नहीं कर पा रही थी। लोगों में गांव की सरकार चुनने के प्रति इस कदर उत्साह था कि वे बेखौफ होकर घर से बाहर निकल अपने-अपने बूथों पर गए। वहां घंटों लाइन में खड़े रहे और अपनी बारी आने पर वोट दिया।
लंबी होती गई कतार, बढ़ता गया मतदान का ग्राफ : वोट देने के लिए मंगलवार सुबह सात बजे से ही बूथों पर मतदाताओं की भीड़ जुटने लगी थी। दिन चढ़ने के बाद बूथों पर मतदाताओं की कतार भी लंबी होती गई। इसी के साथ मतदान का ग्राफ भी चढ़ता गया। सुबह करीब नौ बजे तक करीब 20 फीसद मत पड़े थे। इसके दो घंटे बाद यानि 11 बजे इसका ग्राफ बढ़ कर करीब 40 फीसद हो गया। दोपहर एक बजे तक करीब 60 फीसद वोटिंग दर्ज की गई। दोपहर तीन बजे तक मतदान 74.13 फीसद पहुंच गया। इस प्रखंड में कुल एक लाख 21 हजार 666 मतदाता हैं। इसमें 90 हजार 195 मतदाताओं ने मतदान किया।
महिलाएं थी उत्साहित, युवा, बुजुर्ग तथा दिव्यांग भी नहीं रहे पीछे : वोट देने को लेकर महिलाएं अधिक उत्साहित थीं। इसमें युवा, बुजुर्ग तथा दिव्यांग भी पीछे नहीं रहे। महिलाएं घर के कामों को निपटाकर बच्चों को गोद में लिए जंगल व पहाड़ से निकलकर नदी नाले को लांघते हुए बूथों तक पहुंची। वहां आराम से वोट दिया। इस तरह कई बुजुर्ग व दिव्यांग लाठी व बैसाखी लेकर तो कोई दूसरे के सहारे मतदान केंद्र पहुंचे और वोट दिया। बूथ नंबर आठ उत्क्रमित हाई स्कूल रूपायडीह में दिव्यांग दुलारी देवी गांव की सरकार चुनने के लिए घर से बैशाखी के सहारे करीब आधा किलोमीटर चलकर बूथ तक पहुंची। वे काफी खुश थीं और वोट देने के लिए महिलाओं की कतार में लग गई। मतदान कर्मियों ने उनसे पहले वोट देने का आग्रह किया लेकिन उन्होंने कहा कि यह बहुत बड़ा महापर्व है। इसमें नियम कानून सब के लिए बराबर होना चाहिए। जब उनका नंबर आया तो खुश होकर उन्होंने वोट डाला। कहा कि न हम पैसे व मुर्गा मछली पर बिके हैं और न ही कभी बिकेंगे। 18 वर्ष के बाद जब से वोट दे रही हूं तब से किसी के पास अपना वोट नहीं बेचा।
पहली बार वोटिंग : बिरनी के विभिन्न क्षेत्रों में नए मतदाता युवा व युवा शक्ति ने पहली बार खुश होकर मतदान किया। बूथ नंबर 11 12, 13 उत्क्रमित मध्य विद्यालय वृंदा व बूथ नंबर पांच उत्क्रमित मध्य विद्यालय चानो में वोट करने आए बीए में पढ़नेवाले छात्र सदानंद पंडित, दिलीप पंडित, राजदेव पंडित, साकेत पंडित, चानो बूथ में वोट देने आई बीए की छात्रा रिंकी कुमारी, पूजा कुमारी व पिंकी कुमारी पहली बार मतदान कर काफी खुश हुई। कहा कि हमने अपने अधिकार का प्रयोग पहली बार किया है।
सहायक निर्वाचन पदाधिकारी सह बीडीओ सुनील कुमार व सीओ अशोक राम ने कहा कि सभी बूथों पर शांतिपूर्वक मतदान हुआ है। किसी भी तरह की कोई घटना नहीं हुई है। एक बूथ पर मतपत्र की वजह से थोड़ी देर से मतदान शुरू हुआ। यहां 74.13 फीसद वोट पड़ा है। इसमें सबसे अधिक महिलाओं की भागीदारी इस बार रही। सभी बूथों पर पुलिस के जवान तैनात थे। कहा कि थाना प्रभारी अमरजीत सिंह शांतिपूर्ण तरीके से मतदान कराने को हर बूथों का जायजा लेते रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।