मधुबन बनेगा विश्वस्तरीय धार्मिक व पर्यटनस्थल
पारसनाथ (गिरिडीह) : बुधवार देर शाम पर्यटन विभाग के अपर सचिव अनिल कुमार राय मधुबन पहुंचे
पारसनाथ (गिरिडीह) : बुधवार देर शाम पर्यटन विभाग के अपर सचिव अनिल कुमार राय मधुबन पहुंचे। यहां पहुंचते ही उन्होंने विभिन्न स्थलों का मुआयना किया तथा विकास के हरेक संभावनाओं को तलाशने की कोशिश की। इस क्रम में विभिन्न संस्थाओं व समितियों के प्रतिनिधि से भी वे मिले। वे गिरिडीह के दौरे पर आए थे जिनका रात्रि प्रवास मधुबन स्थित गेस्ट हाउस में हुआ।
अपर सचिव बुधवार को गिरिडीह पहुंचे तथा वहां से वापसी के क्रम में वे मधुबन आए। इस क्रम में उन्होंने यहां की वस्तुस्थिति की जानकारी ली। इसी क्रम में वे मधुबन गेस्ट हाउस के ठीक सामने बने श्री पार्श्वनाथ स्वच्छता समिति के कार्यालय भी पहुंचे। समिति की कार्यशैली को देखते हुए उन्होंने उसके सदस्यों की प्रशंसा भी की। इस क्रम में समिति के सदस्यों ने अपनी समस्या को उन्हें बताते हुए कहा कि कचरा फेंकने के लिए जमीन दी गई है। उसमें बाउंड्री नहीं होने के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। अपर सचिव ने कहा कि मधुबन व पारसनाथ पर्वत के विकास को ले उन्होंने गिरिडीह में संबंधित लोगों के साथ बैठक कर नया डीपीआर बनाने का निर्णय लिया है। विश्व के मानचित्र में पारसनाथ की एक पहचान विश्वस्तरीय धार्मिक व पर्यटनस्थल के रूप में हो इसके लिए सरकार कटिबद्ध हैं। इसमें योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाएगा। पहले तो यह देखा जाएगा कि यहां क्या क्या समस्याएं हैं तथा उन्हें कैसे दूर किया जा सकता है। पानी की समस्या, रोशनी, आवागमन समेत विभिन्न ¨बदुओं पर गहन मंथन किया जाएगा तथा उसका संभावित निदान भी किया जाएगा। कहा कि मधुबन जैन धर्मावलंबियों का विश्वप्रसिद्ध तीर्थस्थल है लिहाजा कार्य शुरू होने से पहले संस्थाओं व जैन के समाज के लोग से भी उनकी राय ली जाएगी। धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए पारसनाथ का विकास कार्य किया जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।