नाई समाज ने लिया सामाजिक कुरीतियों को दूर करने का संकल्प
गिरिडीह : लोक कलाकार भिखारी ठाकुर की पुण्यतिथि के मौके पर मंगलवार को राष्ट्रीय नाई
गिरिडीह : लोक कलाकार भिखारी ठाकुर की पुण्यतिथि के मौके पर मंगलवार को राष्ट्रीय नाई महासभा की झारखंड प्रदेश की कार्यसमिति की बैठक पचंबा में हुई, जिसमें झारखंड के सभी जिलों से नाई समाज के लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर सामाजिक कुरीतियों को दूर करने और सामाजिक व जनकल्याणकारी कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का संकल्प लिया। जननायक कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न देने और केश कला बोर्ड गठन करने की मांग को ले समाज के लोगों ने आवाज भी बुलंद की। बैठक की अध्यक्षता कर रहे मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सीके ठाकुर ने कहा कि भारत सरकार से जन नायक कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न देने की मांग वर्षों से की जा रही है, लेकिन सरकार ने आज तक इसे पूरा नहीं किया है। सरकार इसे गंभीरता से नहीं ले रही है। इसे लेकर आन्दोलन अब तेज होगा। कहा कि केश कला बोर्ड की स्थापना भी झारखंड सरकार नहीं कर रही है, जबकि कई राज्यों में केश कला बोर्ड का गठन हो चुका है। इसके लिए भी आंदोलन की रणनीति बनाई गई है।
प्रदेश सचिव सुरेश ठाकुर ने कहा कि महासभा गांव-गांव में सदस्यता अभियान चलाएगी। महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष हीरा देवी ने कहा कि लड़का-लड़की छोड़ा-छोड़ी वाले मामलों में दोनों परिवारों के सभी रिश्तेदारों के महिला -पुरुष मिलकर फैसला करें। कहा कि अशिक्षा और कुरीतियों से समाज जूझ रहा है। गिरिडीह जिलाध्यक्ष नंदलाल शर्मा ने बैठक में सर्वसम्मति से पारित प्रस्तावों को पढ़कर सुनाया। सामाजिक कार्यकर्ता कृष्ण मुरारी शर्मा ने कहा कि अनाथ और गरीब बच्चों की शिक्षा, विधवा महिलाओं के स्वरोजगार के लिए समाज ने सराहनीय पहल की है।
याद किए गए भिखारी ठाकुर :
इस दौरान लोगों ने जन नायक कर्पूरी ठाकुर और लोक कलाकार भिखारी ठाकुर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किया। साथ ही भिखारी ठाकुर को सभी ने याद किया और उनके विचारों को जन-जन पहुंचाने का संकल्प लिया।
पारित किए गए कई प्रस्ताव :
बैठक के दौरान सर्वसम्मति से कई प्रस्ताव पारित किए गए, जिनमें अनाथ व गरीब बच्चों की शिक्षा की व्यवस्था, विधवा महिलाओं के लिए स्वरोजगार की व्यवस्था करने, दहेज प्रथा, महिला उत्पीड़न, सामाजिक कुरीतियों आदि पर रोक लगाने, रक्तदान शिविर का आयोजन करने, गिरिडीह जिला में नगर निगम क्षेत्र में जन नायक कर्पूरी ठाकुर चौक का नामकरण व उनकी प्रतिमा लगाने का प्रस्ताव शामिल है।
बैठक में हजारीबाग, बोकारो, रामगढ़, जामतारा, दुमका, देवघर, धनबाद, कोडरमा, जामतारा आदि जिलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया । मौके पर नगर अध्यक्ष रंजीत ठाकुर, दीपक ठाकुर, मनीष ठाकुर, अमित ठाकुर, राम अवतार ठाकुर, रामशंकर शर्मा, अशोक शर्मा, अजीत शर्मा, मनोज शर्मा, गणेश ठाकुर, नाथो ठाकुर, मुकेश ठाकुर, प्रमोद ठाकुर, मनोहर ठाकुर, संजय ठाकुर, ओम प्रकाश ठाकुर, अनिल शर्मा आदि उपस्थित थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।