शादी में फोटो लेने को लेकर वर-वधु पक्ष भिड़े, ईंट-पत्थर और लाठियां चली
शादी में फोटो खींचने को ले वर-वधु पक्ष भिड़े

शादी में फोटो लेने को लेकर वर-वधु पक्ष भिड़े, ईंट-पत्थर और लाठियां चली
संस, जमुआ (गिरिडीह) : जमुआ के मिर्जागंज में गुरुवार शाम एक शादी समारोह में फोटो खिंचवाने के सवाल पर वर और वधू पक्ष आपस में उलझ गए। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्ष के बीच ईंट, पत्थर और लाठी भी चलने लगी। बाद में स्थानीय लोगों की पहल पर विवाद शांत करा शादी कराकर दोनों पक्ष को घर भेजा गया। मामले की जानकारी जमुआ थाना पुलिस को नहीं दी गई। जिले के जमुआ प्रखंड अंतर्गत मिर्जागंज स्थित जलीय सूर्यमंदिर धर्मशाला में शादी के दौरान वर वधु-पक्ष आपस में फोटो खिंचवाने को लेकर लड़ने लगे। देखते ही देखते दोनों पक्ष हिंसक हो गए। एक-दूसरे में खूब उठापटक हुई। ईंट-पत्थर भी चले। इतने से मन नहीं भरा तो लोग डंडे भी एक दूसरे पर चलाने लगे। मामूली सी बात को ले हुई इस हिंसक झड़प से शादी समारोह तमाशे में तब्दील हो गया। देखनेवाले लोगों की भीड़ लग गई कि आखिर माजरा क्या है। पता चला कि फोटो खिंचवाने को लेकर लड़ाई की शुरुआत हुई थी। बताया जाता है कि लड़का पक्ष गिरिडीह के धनवार प्रखंड का है तो लड़की पक्ष बिहार के सारण का। हालांकि बाद में स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ और फिर किसी तरह समझा-बुझाकर शादी करवा कर लड़का-लड़की को विदा करवा दिया गया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।