Jharkhand: थमने का नाम नहीं ले रहा पारसनाथ तीर्थ स्थल विवाद, गैरजैन को पहाड़ पर चढ़ने से मना करने पर भड़के लोग
तीर्थ स्थल मधुबन पारसनाथ का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। पवित्र पर्वत पर गैर जैन को चढ़ने से मना करने पर यह विवाद बढ़ गया है। विवाद इतना बढ़ गया कि मधुबन बाजार बंद करवा दिया गया। पुलिस लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रही।

गिरीडीह, जागरण संवाददाता: जैनियों के विश्व प्रसिद्ध तीर्थ स्थल मधुबन पारसनाथ का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। तीर्थ स्थल पर एक बार फिर विवाद शुरू हो गया है। पवित्र पर्वत पर गैर जैन को चढ़ने से मना करने पर यह विवाद बढ़ गया है। विवाद इतना बढ़ गया कि मधुबन बाजार बंद करवा दिया गया।
स्थानीय लोग अजीबोगरीब फैसले के विरोध में नारेबाजी कर रहे हैं। पुलिस प्रशासन के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं। स्कूली बच्चे मधुबन, पारसनाथ घूमने पहुंचे थे। बुधवार दोपहर को एक जैन तीर्थ यात्री ने स्कूली बच्चों को पारसनाथ पहाड़ पर जाने से रोका। इसे वहां के लोगों ने देखा और फिर गुस्साए गैर जैन समाज के लोगों ने विरोध जताना शुरू कर दिया। गुस्साए स्थानीय गैर जैन समाज ने इसके विरोध में धरने बैठ गए और नारेबाजी करने लगे।
सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और विरोध करने वाले एक जैन को थाना ले गई है। वह थाना में भी अनर्गल बयानबाजी करता रहा। इससे आक्रोशित गैर जैन लोगों ने मधुबन बाजार को बंद करवा दिया। सभी दुकानों में जा-जाकर दुकानें बंद कराई गई।
गैर जैन लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि यहां विवाद फैलाने की कोशिश करने वाले को चिन्हित करते हुए कार्रवाई की जाए। प्रशासन लोगों से शांति की अपील कर रहा है। इसके लिए एसडीएम डुमरी प्रेमलता मुर्मु और एसडीपीओ मनोज महतो पहुंच चुके हैं। दोनों मधुबन गेस्ट हाउस से मानिटरिंग कर रहे हैं। शांति भंग न हो, इसके लिए पुलिस सड़कों पर पेट्रोलिंग कर रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।