Giridih: डायन-बिसाही के शक में रिश्तों का कत्ल, देवर ने कुल्हाड़ी से वार कर भाभी को मार डाला
Giridih News: बासाबुदा गांव में डायन-बिसाही के अंधविश्वास में देवर ने कुल्हाड़ी से वार कर 59 वर्षीय दुलारी देवी की ...और पढ़ें

घटना के बाद गांव में जुटे लोग। (फोटो जागरण)
HighLights
डायन-बिसाही के अंधविश्वास में आदिवासी महिला की हत्या।
देवर ने कुल्हाड़ी से वार कर भाभी को मारा।
पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया, जांच जारी।
जागरण संवाददाता, गिरिडीह। मुफ्फसिल थाना अंतर्गत पुरनानगर पंचायत के बासाबुदा गांव में शनिवार सुबह करीब छह बजे डायन-बिसाही के अंधविश्वास में परिवार के ही देवर समेत अन्य लोगों ने कुल्हाड़ी से वार कर एक आदिवासी महिला करीब 59 वर्षीय दुलारी देवी की हत्या कर दी। वहीं उसके पति व पुत्र की भी जमकर पिटाई की गई। इस घटना को जिसने भी सूना, वे दंग रह गए।
इधर घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम एसआइ संजय कुमार के नेतृत्व में घटना स्थल पहुंची और मृतका के स्वजन से पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेते हुए शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल ले गई, जहां आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर स्वजन को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया।
महिला की हत्या व उसके स्वजन की पिटाई के मामले में मृतका के देवर समेत दो को पुलिस हिरासत में लेकर थाना लाई है और पूछताछ करने में जुटी है। बताया जाता है कि मृतका के परिवार में ही देवर के पुत्र की बीमारी के कारण मौत हो गई थी। इसके बाद दुलारी देवी पर डायन होने का आरोप लगाया जाने लगा।
मृतका के स्वजन का आरोप है कि शुक्रवार रात महिला के देवर व अन्य लोग उसके घर पहुंचे तथा उसे व उसके पति को घर से बाहर ले गए और मारपीट की। इसी क्रम में आरोपितों ने धारदार कुल्हाडी से महिला पर वार कर दिया जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मौके पर मौजूद मृतका की पोती ने अपनी आंखों के सामने दादी की हत्या करने का आरोप लगाया है।
पुलिस इस मामले में मृतका के देवर समेत दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ करते हुए मामले की जांच व हत्या के कारणाें का अनुसंधान करने में जुट गई है। एसडीपीओ जीतबाहन उरांव ने बताया कि अंधविश्वास के चक्कर में एक महिला की हत्या परिवार वालों ने की है।
स्वजन ने हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। घटना को लेकर पुलिस की टीम सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मृतका के देवर समेत दो को हिरासत में लेकर मामले से संबंधित पूछताछ की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।