Chhath Puja 2026: राज धनवार छठ घाट पर महापर्व की भव्य तैयारी, राजस्थान और वृंदावन की झलक
Dhanwar Chhath Parv: राजधनवार का ऐतिहासिक राज छठ घाट इस वर्ष छठ महापर्व के लिए राजस्थान की शाही कला और वृंदावन की झांकियों से सजा है।

राजधनवार राज छठ घाट पर तैयार की जा रही झांकी। (फोटो जागरण)
संवाद सहयोगी, धनवार, गिरिडीह। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर राजधनवार का ऐतिहासिक राज छठ घाट इस वर्ष आकर्षक सजावट और धार्मिक झांकियों से जगमगा उठा है।
न
राजस्थान की स्थापत्य कला से प्रेरित भव्य सूर्य मंदिर का पंडाल, भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं पर आधारित वृंदावन की झांकी और नदी पर बने पुल को बांस से तैयार कर मंदिर का काल्पनिक स्वरूप देना इस बार मेले का विशेष आकर्षण बना हुआ है।
पुल पर बनाए गए इस अनूठे मंदिर के सबसे ऊपरी हिस्से में भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा स्थापित की गई है, जो दूर से ही श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रही है। रंग बिरंगी रोशनी से सजा पूरा घाट परिसर इन दिनों भक्तिमय वातावरण में सराबोर है।
राज छठ घाट पर शुक्रवार से पारंपरिक तीन दिवसीय मेले का शुभारंभ हो गया है। छठ पूजा की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। राजस्थान के मंदिर और महलों जैसी स्थापत्य शैली में तैयार सूर्य मंदिर के पंडाल में आकर्षक नक्काशी, विशाल मेहराब और भव्य सजावट देखने को मिल रही है।
वहीं ऐतिहासिक राजा आवास के सामने वृंदावन की झांकी सजाई गई है। इसमें भगवान श्रीकृष्ण की माखन चोरी, बाल लीलाओं, रासलीला और गोवर्धन पर्वत उठाने जैसे प्रसंगों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया है।
दूसरी ओर पुल पर बांस से निर्मित काल्पनिक मंदिर और उसके शीर्ष पर स्थापित श्रीकृष्ण की प्रतिमा मेले की सुंदरता में चार चांद लगा रही है। शाम होते ही विद्युत सज्जा से पूरा इलाका रोशनी से नहा उठता है।
सफाई व्यवस्था की नगर अध्यक्ष कर रहे निगरानी
छठ महापर्व और मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए नगर पंचायत प्रशासन की ओर से व्यापक सफाई अभियान चलाया गया है। बैकहो लोडर, ट्रैक्टर और सफाई कर्मियों की टीम लगातार काम में जुटी हुई है।
सभी प्रमुख घाटों, नदी, तालाब, गलियों और बाजार क्षेत्र की सफाई कराई गई है। नगर अध्यक्ष विनय संथालिया स्वयं सफाई व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं।
नगर क्षेत्र की गलियों और मोहल्लों में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था की गई है, जिससे रात में भी पूरा शहर रोशनी से जगमगाता रहे। घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों की सफाई के साथ चूना और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव भी कराया गया है।
सुरक्षा के लिए वाच टावर और सीसीटीवी से निगरानी
मेले में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। विभिन्न स्थानों पर वाच टावर और सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। महिला और पुरुष पुलिस बल के साथ पूजा समिति के स्वयंसेवक भी व्यवस्था संभालेंगे।
थाना प्रभारी मेले को व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए लगातार क्षेत्र में सक्रिय हैं। भीड़ नियंत्रण के लिए विभिन्न स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है।
साथ ही जांच के लिए ब्रेथ एनालाइजर मशीन की व्यवस्था करने की बात कही गई है, ताकि शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच की जा सके। खोरीमहुआ के अनुमंडल पदाधिकारी समीर रेनियर खलखो ने विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की है।
सामाजिक एकता का प्रतीक है राजधनवार का मेला
राजधनवार का ऐतिहासिक छठ मेला धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सौहार्द और सामूहिक सहयोग की मिसाल भी है। आयोजन को सफल बनाने में समाज के विभिन्न वर्गों और समुदायों के लोग बढ़-चढ़कर योगदान देते हैं।
अनूप संथालिया ने बताया कि यह आयोजन राजधनवार की ऐतिहासिक परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। मेले में गिरिडीह के अलावा कोडरमा, हजारीबाग, देवघर और बिहार के सीमावर्ती क्षेत्रों से भी श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले, मीना बाजार और खानपान की दुकानें भी सज गई हैं।
रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य और सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। इस दौरान छठी मैया के पारंपरिक गीतों और सूर्यदेव के जयकारों से राजधनवार का वातावरण भक्तिमय रहेगा। आस्था, आकर्षक सजावट और सांस्कृतिक विरासत का संगम प्रस्तुत करने वाला राज छठ घाट श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए तैयार है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।