गिरिडीह में आधी रात ‘बुलडोजर कांड’, 70 साल पुरानी खैनी दुकान को मलबे में मिलाया; किराएदार-मकान मालिक आमने-सामने
Giridih Bulldozer Action: सरिया में आधी रात को एक खैनी की दुकान को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया, जिसके बाद किराएदार और मकान मालिक आमने-सामने आ गए हैं।

गिरिडीह के सरिया में ध्वस्त दुकान के मलबे को देखते दुकानदार और उसके परिजन। (फोटो जागरण)
HighLights
गिरिडीह में आधी रात खैनी की दुकान ध्वस्त।
किराएदार-मकान मालिक के बीच गंभीर विवाद गहराया।
पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
संवाद सहयोगी, सरिया (गिरिडीह)। झारखंड के गिरिडीह जिले में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। रात में दुकानदार दुकान बंद कर घर गया था। सुबह लौटा तो देखा कि बुलडोजर चलाकर उसकी दुकान ध्वस्त कर दी गई है। मामले की पुलिस जांच कर रही है।
सरिया झंडा चौक के समीप स्थित एक खैनी दुकान को सोमवार की देर रात अज्ञात लोगों द्वारा जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया गया। मंगलवार की अहले सुबह लोगों ने दुकान को मलबे में तब्दील देखा।
इसके बाद दुकानदार सह किराएदार अमृत साव और मकान मालिक नीरज कुमार के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया। इस संबंध में दुकानदार अमृत साव ने बताया कि सोमवार रात करीब नौ बजे रोजाना की तरह दुकान बंद कर वह अपने आवास चले गए थे।
देर रात अज्ञात लोगों ने जेसीबी की मदद से दुकान को ढहा दिया। सुबह जब घटना की जानकारी मिली, तो दुकान पूरी तरह मलबे में तब्दील हो चुकी थी। दुकानदार का कहना है कि दुकान में रखा सारा सामान बर्बाद हो गया।
अमृत साव ने बताया कि वह और उनके पूर्वज पिछले 70 वर्षों से उक्त दुकान में किराएदार के रूप में व्यवसाय कर रहे थे। लगभग एक माह पूर्व मकान मालिक ने दुकान खाली करने का मौखिक आदेश दिया था।
इस पर अमृत साव ने 15 नवंबर तक दुकान खाली करने का आश्वासन दिया था। पीड़ित का आरोप है कि तय समयसीमा से पहले ही दुर्भावनापूर्ण तरीके से रात के अंधेरे में जेसीबी चलवाकर दुकान को ध्वस्त कर दिया गया।
वहीं, दुकान के मकान मालिक नीरज कुमार ने बताया कि वह बैंककर्मी हैं और ओडिशा में कार्यरत हैं, जबकि उनके पिता बोकारो में रहते हैं और अस्वस्थ हैं।
उन्होंने कहा कि किराएदार से लंबे समय से दुकान खाली करने का अनुरोध किया जा रहा था, लेकिन वह आनाकानी कर रहा था।
मकान मालिक का आरोप है कि किराएदार द्वारा जमीन उसके नाम बेचने या 50 लाख रुपये रंगदारी मांगने की बात कही गई थी। इसे लेकर पूर्व में थाने में आवेदन भी दिया गया है।
नीरज कुमार ने बताया कि जब उन्होंने किराएदार से कहा कि दुकान खाली नहीं करने पर न्यायालय का सहारा लिया जाएगा, तो किराएदार ने अपना सारा सामान निकालकर षड्यंत्र के तहत बीती रात दुकान तोड़ दी, ताकि उन्हें और उनके परिवार को फंसाया जा सके।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।