विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रिश्वत लेकर बालू लदा ट्रैक्टर छोड़ने के आरोप में दारोगा और सिपाही निलंबित, गिरिडीह SP की कार्रवाई

Published: Wed, 14 Oct 2026 03:03 PM (IST)

Giridih News: अवैध बालू लदे ट्रैक्टर को पैसे लेकर छोड़ने के आरोप में एक एसआई और एक आरक्षी को निलंबित कर दिया गया है।

रिश्वतखोरी में दारोगा और सिपाही निलंबित। (प्रतीकात्मक फोटो)

रिश्वतखोरी में दारोगा और सिपाही निलंबित। (प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. अवैध बालू ट्रैक्टर छोड़ने पर दो पुलिसकर्मी निलंबित।

  2. एसआई रंधीर सिंह और आरक्षी अजीत कुमार पर गाज।

  3. जांच रिपोर्ट में अवैध वसूली और लापरवाही सिद्ध।

जागरण संवाददाता, गिरिडीह। अवैध बालू लदे ट्रैक्टर को पकड़ने के बाद थाना ले जाने से पहले रास्ते में रुपये लेकर छोड़ने के आरोप मामले में एक एसआइ (दारोगा) व एक आरक्षी (सिपाही)पर निलंबन की गाज गिरी है। यह कार्रवाई मामले से संबंधित जांच रिपोर्ट के आधार पर गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक डा. बिमल कुमार ने की है।

निलंबित होने वालों में बेंगाबाद थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक रंधीर कुमार सिंह व आरक्षी अजीत कुमार शामिल हैं। इनके खिलाफ बेंगाबाद थाना क्षेत्र के बरियारपुर गांव निवासी मो. सिद्धीक अंसारी ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर शिकायत की थी।

कहा था कि उक्त दोनों ने 20,000 रुपये लेकर ट्रैक्टर छोड़ने व एसआइ रंधीर सिंह द्वारा बेंगाबाद प्रखंड कार्यालय के सामने स्थित सरकारी गैरमजरूआ भूमि पर कथित रूप से अवैध कब्जा कर मकान निर्माण करने का आरोप लगाया था।

इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने सदर एसडीपीओ को जांच कर इससे संबंधित रिपोर्ट देने का निर्देश दिया था। एसडीपीओ की ओर से एक अक्टुबर को जांच रिपोर्ट सौंपी गई।

इसमें यह बात सामने आई कि एसआइ रंधीर कुमार सिंह व आरक्षी अजीत कुमार की ओर से घटना से संबंधित उक्त बालू लदे ट्रैक्टर को विधिवत रूप से जब्त कर वरीय पदाधिकारी को अवगत कराते हुए थाना ले जाकर विधि-सम्मत कार्रवाई करनी थी।

ट्रैक्टर मालिक व चालक के खिलाफ कार्रवाई नहीं करते हुए पैसा की लेन-देन यानि अवैध वसूली कर पुलिस की छवि को धूमिल किया गया। साथ ही निजी स्वार्थ के लिए वरीय पदाधिकारियों की छवि को भी धूमिल करने का प्रयास किया गया।

ऐसे में उक्त दोनों पुलिस पदाधिकारी व कर्मी का कृत्य घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता, कर्तव्यहीनता, उदंडता, स्वेच्छाचारिता व अयोग्य पुलिस पदाधिकारी व कर्मी होने का प्रमाण देता है। इसी रिपोर्ट के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसपी ने दोनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने की कार्रवाई की।

यह भी पढ़ें- मनोज तिवारी का राहुल गांधी पर गंभीर आरोप, एलन मस्क के इशारे पर मोदी को हटाने की कोशिश

यह भी पढ़ें- गिरिडीह में हाथी के हमले में घायल भाजपा कार्यकर्ता की रांची में मौत, वन विभाग ने परिजनों को दिए 50 हजार रुपये