मनोज तिवारी का राहुल गांधी पर गंभीर आरोप, एलन मस्क के इशारे पर मोदी को हटाने की कोशिश
भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने राहुल गांधी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे एलन मस्क के इशारे पर प्रधानमंत्री मोदी को हटाने की कोशिश कर रहे हैं।

एलन मस्क, राहुल गांधी और मनोज तिवारी। (फाइल फोटो)
HighLights
राहुल गांधी एलन मस्क के इशारे पर मोदी को हटाना चाहते हैं।
राहुल गांधी संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर कर देश पर हमला कर रहे हैं।
मनोज तिवारी ने गिरिडीह में झारखंड सरकार पर भी निशाना साधा।
जागरण संवाददाता, गिरिडीह। उत्तर पूर्वी दिल्ली के भाजपा सांसद और अभिनेता मनोज तिवारी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर बहुत ही गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है- विदेशी कारोबारी एलन मस्क के इशारे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हटाने के लिए राहुल गांधी आंदोलन कर रहे हैं।
मनोज तिवारी ने कहा कि एलन मस्क अमेरिकी कारोबारी हैं। वह भारत में अपनी इंटरनेट कंपनी स्टार लिंक की एंट्री चाहते हैं।
तिवारी ने एलन मस्क के अमेरिकी कारोबारी होने और अमेरिकी राजनीति में उनकी भूमिका का हवाला देते हुए राहुल गांधी पर भारत के हितों के प्रति अविश्वास दिखाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने देश के लोगों के विश्वास पर सवाल खड़े किए हैं।
मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन कर देश पर अटैक कर रहे राहुल
तिवारी ने कहा है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी नई दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन न कर देश पर अटैक कर रहे हैं। वह लगातार संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर कर रहे हैं।
दिल्ली से भाजपा सांसद तिवारी सोमवार को अभिनेत्री डॉ. सौंदर्या शर्मा के साथ गिरिडीह पहुंचे। यहां उन्होंने दिल्ली में हो रहे विरोध प्रदर्शनों, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भूमिका पर तीखी प्रतिक्रिया दी।
मनोज तिवारी ने आरोप लगाया कि दिल्ली में विरोध प्रदर्शन के नाम पर देश को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि इन प्रदर्शनों से छोटे बच्चों और बुजुर्गों को परेशानी हुई है, वहीं वाहनों में तोड़फोड़ भी की गई है।
दोनों कलाकार सेवा संकल्प अभियान के तहत भाजपा नेता एवं समाजसेवी विनोद सिन्हा की ओर से गिरिडीह में आयोजित ‘जोहार वंदन अभिनंदन यात्रा’ में शामिल होने पहुंचे थे।
मनोज तिवारी ने पिछले विरोध प्रदर्शनों का जिक्र करते हुए कहा कि पहले पेपर लीक के मुद्दे पर प्रदर्शन किया गया था, लेकिन अब हो रहे विरोध का आधार क्या है।
SIR में अगर किसी का नाम कटा तो उसे सामने आना चाहिए
उन्होंने एसआइआर के तहत मतदाता सूची से नाम काटे जाने के मुद्दे पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति का नाम गलत तरीके से हटाया गया है, तो उसे सामने आकर अपनी बात रखनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि वह दिल्ली जा रहे हैं। यदि गलत तरीके से नाम काटे जाने से प्रभावित 100 लोग भी उनके कार्यालय पहुंचकर अपनी शिकायत रखते हैं, तो इस मामले को गंभीरता से लिया जाएगा।
इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी की पृष्ठभूमि पर भी व्यक्तिगत टिप्पणी की और उनके साथ खड़े नेताओं पर सवाल उठाए।
दिल्ली में विरोध प्रदर्शन की अनुमति नहीं दिए जाने के सवाल पर मनोज तिवारी ने कहा कि पहले प्रदर्शन का अवसर दिया गया था।
उनके अनुसार उस दौरान निर्धारित प्रोटोकाल का पालन नहीं किया गया और हंगामे की स्थिति पैदा हुई। उन्होंने दावा किया कि इसी वजह से इस बार प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई।
गिरिडीह में रोड शो के लिए पहुंचे मनोज तिवारी के इन बयानों से राजनीतिक माहौल गरमा सकता है। उनके बयान के केंद्र में दिल्ली में हुए विरोध प्रदर्शन, एसआइआर के तहत मतदाता सूची में नामों की कटौती और राहुल गांधी की राजनीति रही।
गिरिडीह दिल्ली के सांसद व अभिनेता मनोज तिवारी और अभिनेत्री डा. सौंदर्या शर्मा गिरिडीह के बरगंडा स्थित भाजपा नेता व समाजसेवी बिनोद सिन्हा के आवास पर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की। वहां गायक मनोज तिवारी ने मां के भजन भी प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया।
मौके पर पत्रकारों से बात करते हुए सांसद ने झारखंड सरकार पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि झारखंड में सत्ता परिवर्तन की शुरुआत गिरिडीह उपचुनाव से होगी।
पेपर लीक को लेकर झारखंड सरकार को घेरा
मनोज तिवारी ने कहा कि केंद्र सरकार ने पेपर लीक के मुद्दे पर संवेदनशीलता दिखाते हुए छात्रों और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की पहल की, जबकि झारखंड में रांची और गिरिडीह में छात्रों के साथ बर्बरता की गई।
दूसरी ओर अभिनेत्री डा. सौंदर्या शर्मा ने युवाओं को जागरूक करने और छात्रों के मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि वह पहली बार गिरिडीह आई हैं और यहां आकर उन्हें काफी अच्छा लग रहा है।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से वह युवाओं को जागरूक करना चाहती हैं। डा. सौंदर्या शर्मा के मुताबिक, दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन और उनकी बदलती सोच को सही दिशा देने की जरूरत है।
उन्होंने अपनी मेडिकल की पढ़ाई और नीट परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले का जिक्र करते हुए भी छात्रों से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखी। प्रेसवार्ता के दौरान भाजपा नेता व समाजसेवी बिनोद सिन्हा साथ में थे।
