विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गिरिडीह में अंतरराज्यीय गिरोह के पांच अपराधी गिरफ्तार, बोकारो तनिष्क डकैती की योजना विफल

Published: Sun, 29 Nov 2026 12:53 PM (GMT+05:30)

गिरिडीह पुलिस ने एक अंतरराज्यीय गिरोह के पांच सदस्यों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। 

गिरफ्तार अपराधियों और उनकी योजना के बाबत जानकारी देते गिरिडीह के एसपी डा. बिमल कुमार व अन्य पुलिस पदाधिकारी। (फोटो जागरण)

गिरफ्तार अपराधियों और उनकी योजना के बाबत जानकारी देते गिरिडीह के एसपी डा. बिमल कुमार व अन्य पुलिस पदाधिकारी। (फोटो जागरण)

HighLights

  1. गिरिडीह पुलिस ने पांच अंतरराज्यीय अपराधियों को दबोचा।

  2. बोकारो तनिष्क ज्वेलर्स में डकैती की थी योजना।

  3. हथियार और जिंदा कारतूस बरामद, बड़ी घटना टली।

जागरण संवाददाता, गिरिडीह। किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की मंशा से एक लॉज में ठहरे अंतरराज्यीय गिरोह के पांच अपराधियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार करने में गिरिडीह पुलिस की टीम कामयाब रही है।

गिरफ्तार अपराधियों के नाम 

गिरफ्तार अपराधियों में उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के मुंगरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी करीब 39 वर्षीय आकाश सिंह, बिहार के नालंदा जिले के इस्लामपुर थाना क्षेत्र के अतासराय गांव निवासी करीब 20 वर्षीय सुजीत कुमार, वैशाली जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के शेखोपुर ढढ़िया गांव निवासी करीब 21 वर्षीय जसंत कुमार, वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के खरिका गांव निवासी करीब 23 वर्षीय प्रियांश कुमार और वैशाली जिले के ही फतेहपुर थाना क्षेत्र के महुंदाचतुर गांव निवासी करीब 22 वर्षीय रंजन कुमार शामिल हैं।

निमियाघाट थाना क्षेत्र से हुई गिरफ्तारी 

इनकी गिरफ्तारी गिरिडीह के निमियाघाट थाना क्षेत्र के रांगामाटी के पास जीटी रोड के किनारे स्थित लाज से की गई। उक्त जानकारी पुलिस अधीक्षक डा. बिमल कुमार ने शनिवार को अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेसवार्ता में दी।

बताया कि उक्त अपराधियों का गिरोह गिरिडीह व बोकारो के सिटी क्षेत्र में किसी बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठान व ज्वेलरी शाप में डाका डालने के मकसद में ठहरे हुए थे।

गनीमत रही कि वक्त पर पुलिस को इसकी जानकारी मिली और त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी टीम ने अपराधियों का हथियार व बाइक समेत दबोचने में कामयाब रही ओर एक बड़ी घटना को घटित होने से रोका जा सका।

बताया कि मौके पर से पांच को तो दबोचा गया लेकिन मौका पाकर वहां से कुछ अपराधी अर्टिगा कार में सवार होकर हजारीबाग की ओर भाग निकले।

हालांकि गिरिडीह पुलिस ने काफी दूर तक पीछा किया लेकिन वे हाथ नहीं आ सके और हजारीबाग जिला के सीमा क्षेत्र में चले गए तो हजारीबाग पुलिस को इसकी सूचना दे दी गई जिसके बाद लगातार छापेमारी की जा रही है।

दो देसी कट्टा, एक पिस्टल और 11 जिंदा कारतूस बरामद 

अपराधियों के पास से दो देसी कट्टा, एक पिस्टल, तीन बाइक व 11 जिंदा कारतूस बरामद किया गया। बताया कि बोकारो के तनिष्क ज्वेलर्स में घटना को अंजाम देने की पूरी तैयारी की जा चुकी थी लेकिन पुलिस को उनके मंसूबों के बारे में जानकारी मिलते ही पुलिस ने उनके इरादों पर पानी फेर दी।

प्रेसवार्ता में डुमरी एसडीपीओ मो.आबिद खां, डीएसपी टू आरके राणा व अन्य पुलिस पदाधिकारी शामिल थे। प्रेसवार्ता के बाद गिरफ्तार अपराधियों को चिकित्सीय जांच कराते हुए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

यह भी पढ़ें- गिरिडीह के खिलाड़ियों की मांग, दिवंगत सुदिव्य कुमार सोनू की पत्नी को बनाया जाए झारखंड सरकार में मंत्री

यह भी पढ़ें- गिरिडीह के एक परिवार में रहस्यमयी बीमारी: काउंसलिंग के बाद मास हिस्टिरिया की आशंका, सीटी स्कैन की सलाह

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।