गिरिडीह के एक परिवार में रहस्यमयी बीमारी: काउंसलिंग के बाद मास हिस्टिरिया की आशंका, सीटी स्कैन की सलाह
गिरिडीह के पारगो तिलैया गांव में एक ही परिवार के आठ सदस्य रहस्यमयी बीमारी की चपेट में आ गए हैं।

डुमरी के चारगोतिलैया गांव में एक ही परिवार के 8 लोगों को इलाज के लिए धनबाद के एसएनएमएसीएच लाया गया। (फाइल फोटो)
HighLights
गिरिडीह के पारगो तिलैया गांव में आठ सदस्य बीमार।
चिकित्सकों ने मास हिस्टिरिया की प्रारंभिक आशंका जताई।
बीमारी की पुष्टि के लिए सीटी स्कैन, ब्लड जांच जारी।
जागरण संवाददाता, धनबाद। गिरिडीह जिले के डुमरी प्रखंड स्थित पारगो तिलैया गांव में एक ही परिवार के आठ सदस्यों के रहस्यमयी बीमारी की चपेट में आने का मामला सामने आया है।
शुक्रवार को सभी मरीजों की एसएनएमएमसीएच के मनोरोग विभाग में काउंसलिंग की गई। प्रारंभिक आकलन के बाद चिकित्सकों ने मास हिस्टिरिया की आशंका जताई है।
हालांकि, बीमारी की वास्तविक वजह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. शहनवाज ने मरीजों की काउंसलिंग के बाद साइकोसिस की आशंका से इनकार किया।
उन्होंने बताया कि शुरुआती लक्षण मास हिस्टिरिया से मिलते-जुलते हैं। इसमें एक व्यक्ति में दिखाई देने वाले शारीरिक लक्षण परिवार या समूह के अन्य सदस्यों में भी सामने आने लगते हैं।
परिजनों के अनुसार, बुधवार रात से परिवार के सदस्यों की तबीयत बिगड़नी शुरू हुई। पहले किसी एक सदस्य को मिर्गी जैसे दौरे पड़ते हैं और वह बेहोश हो जाता है।
कुछ देर बाद उसके सामान्य होने पर परिवार के दूसरे सदस्य में भी इसी तरह के लक्षण दिखने लगते हैं। धीरे-धीरे परिवार के आठ सदस्य इसकी चपेट में आ गये। इनमें दो बच्चे भी शामिल हैं।
सीटी स्कैन और ब्लड जांच की सलाह
चिकित्सकों ने सभी मरीजों को सीटी स्कैन समेत कई अन्य ब्लड जांच कराने की सलाह दी है। इन जांचों के माध्यम से बीमारी के दूसरे संभावित कारणों का पता लगाया जाएगा।
रिपोर्ट मिलने के बाद ही आगे के इलाज की दिशा तय होगी। फिलहाल सभी मरीज एसएनएमएमसीएच में चिकित्सकों की निगरानी में हैं।
यह भी पढ़ें- झारखंड के गिरिडीह में एक के बाद एक 8 लोग बेहोश, धनबाद मेडिकल कॉलेज रेफर; डॉक्टर भी हैरान