गिरिडीह में उमरा यात्रा के नाम पर अवैध कारोबार का खुलासा करने की धमकी पर युवक की हत्या, विरोध में रोड जाम
गिरिडीह में उमरा यात्रा के नाम पर कथित अवैध कारोबार और सोने की तस्करी का राज खोलने की धमकी देने ...और पढ़ें

हैदर अली की हत्या के विरोध में टायर जला कर सड़क जाम करते लोग। (फोटो जागरण)
HighLights
उमरा यात्रा के नाम पर अवैध कारोबार का राज खोलने की धमकी।
मदीना ट्रैवल्स संचालक मौलाना इलियास अंसारी पर हत्या का आरोप।
मृतक के भाई ने आठ नामजद और अज्ञात लोगों पर केस दर्ज कराया।
संवाद सहयोगी, धनवार (गिरिडीह)। धनवार थाना क्षेत्र में उमरा यात्रा के नाम पर कथित अवैध कारोबार और सोने की तस्करी का पर्दाफाश करने की धमकी देने पर एक युवक की पीट पीटकर हत्या किए जाने का गंभीर आरोप सामने आया है। मृतक की पहचान हीरोडीह थाना क्षेत्र के चरघरा निवासी मो. हैदर अली के रूप में हुई है।
मृतक के भाई मो. परवेज अंसारी ने धनवार थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर मदीना ट्रैवल्स के संचालक मौलाना इलियास अंसारी समेत आठ नामजद और छह सात अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
उमरा यात्रा से माता पिता के नहीं लौटने पर बढ़ा विवाद
आवेदन के अनुसार परवेज अंसारी के माता पिता सात अक्टूबर 2026 को मौलाना इलियास अंसारी के माध्यम से उमरा यात्रा पर गए थे। उन्हें 24 अक्टूबर को वापस लौटना था, लेकिन निर्धारित तिथि बीत जाने के बाद भी उनकी वापसी नहीं हुई।
आरोप है कि 30 हजार रुपये अतिरिक्त लेने के बावजूद मौलाना ने उन्हें वापस नहीं बुलाया। इसी सिलसिले में हैदर अली लगातार मदरसे का चक्कर लगा रहे थे। इसी दौरान उन्हें कथित तौर पर ट्रैवल्स के माध्यम से चल रही संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिली।
पुलिस में शिकायत करने की कही थी बात
आवेदन में चचेरे भाई इसराफिल अंसारी को प्रत्यक्षदर्शी बताते हुए कहा गया है कि पांच नवंबर की सुबह करीब सात बजे हैदर अली और मौलाना इलियास अंसारी के बीच तीखी बहस हुई। हैदर ने कथित तौर पर धर्म की आड़ में गलत कारोबार करने और खाड़ी देशों में चल रहे अवैध कारोबार का पर्दाफाश करने के लिए पुलिस में शिकायत करने की बात कही।
आरोप है कि इससे नाराज होकर मौलाना इलियास और उसके भाई सनाउल्लाह ने दोनों भाइयों के साथ मारपीट शुरू कर दी, जान बचाकर भागने के दौरान हैदर अली को खोरीमहुआ मस्जिद के पास घेर लिया गया। आरोप है कि वहां मौलाना इलियास ने अन्य लोगों को हैदर की हत्या करने के लिए उकसाया।
इसके बाद आरोपितों ने उसे जमीन पर पटककर बेरहमी से मारपीट की। आवेदन में मौलाना इलियास, असद समेत अन्य लोगों पर हैदर के साथ मारपीट करने और गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया गया है। परिजनों का दावा है कि हैदर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मृतक के भाई ने अपने आवेदन में सनाउल्लाह अंसारी, आबिद अंसारी, बाबा इस्लाम, अफजल अंसारी, असद अंसारी, मौलाना इलियास अंसारी, मो. अदनान अंसारी के साथ साथ गरजा शारण पंचायत के मुखिया पति नसीम अंसारी को नामजद किया है।
इसके अलावा छह सात अज्ञात लोगों की संलिप्तता का भी आरोप लगाया गया है। आवेदन में बीएनएस की सुसंगत धाराओं के तहत सभी आरोपितों पर कठोर कार्रवाई की मांग की गई है।
यह भी पढ़ें- दिवंगत मंत्री सुदिव्य सोनू पर टिप्पणी से गरमाई गिरिडीह की सियासत, भाजपा से झामुमो ने मांगा जवाब
यह भी पढ़ें- Giridih UCO Bank डकैती कांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी, पिस्टल के साथ एक अपराधी गिरफ्तार; दूसरा फरार
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।