विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पिता की अंतिम इच्छा पूरी करने निकले परिवार पर काल का कहर, 7 की मौत के बाद गिरिडीह के गांव में पसरा मातम

Published: Mon, 09 Nov 2026 09:35 PM (IST)

Giridih Family Tragedy: बगोदर से पिता का अंतिम संस्कार करने बनारस जा रहे परिवार की गाड़ी हजारीबाग की दनुआ घाटी में दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

शवों के सामने बिलखते स्वजन। (फोटो जागरण)

शवों के सामने बिलखते स्वजन। (फोटो जागरण)

HighLights

  1. पिता की अंतिम इच्छा पूरी करने बनारस जा रहा था परिवार।

  2. हजारीबाग की दनुआ घाटी में ट्रेलर ने मारी जोरदार टक्कर।

  3. हादसे में सात लोगों की मौत, ग्यारह गंभीर रूप से घायल।

साेहन, बगोदर (गिरिडीह)।  Giridih Family Tragedy: झारखंड के गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र के मुंडरो पंचायत के बिहारो सलैयाटांड़ गांव में सोमवार को ऐसा हादसा हुआ, जिसने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। पिता के शव का अंतिम संस्कार करने बनारस जा रहे परिवार के लोगों की गाड़ी चौपारण की दनुआ घाटी में दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

ट्रेलर की जोरदार टक्कर से एक ही परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों समेत सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। जिस घर से पिता की अंतिम विदाई की तैयारी हो रही थी, वहां एक साथ कई अर्थियां उठने की नौबत आ गई।

जानकारी के अनुसार, बिहारो सलैयाटांड़ गांव निवासी कुंजो कुम्हार की स्वाभाविक मृत्यु हो गई थी। मरने से पहले उन्होंने अपने चारों पुत्रों से अंतिम संस्कार बनारस में करने की इच्छा जताई थी।

पिता की इसी अंतिम इच्छा को पूरा करने के लिए उनके पुत्र लखन पंडित, सीताराम पंडित, मुकेश पंडित और राजू पंडित अपनी बहुओं तथा अन्य रिश्तेदारों के साथ सवारी वाहन से उनका शव लेकर बनारस जा रहे थे।

इसी दौरान हजारीबाग जिले के चौपारण स्थित दनुआ घाटी में उनके वाहन को एक ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सात लोगों की मौत हो गई।

मृतकों में कुंजो कुम्हार के छोटे पुत्र राजू पंडित, बहू सावित्री देवी, बुधनी देवी और रूबिया देवी के अलावा बगोदर चौबे के दामाद ढोकल पंडित, उनके जीजा बगोदर के चिचाकी निवासी रामेश्वर पंडित और बिहारो गांव के रामकिशुन पंडित शामिल हैं। हादसे में 11 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इनमें एक बहू की स्थिति नाजुक बनी हुई है।

सोमवार दोपहर घटना की सूचना गांव पहुंचते ही पूरे परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों के विलाप से सलैयाटांड़ गांव समेत आसपास का इलाका गमगीन हो गया। जिस घर के आंगन से पिता का शव अंतिम संस्कार के लिए निकला था, उसी घर के कई सदस्य अब कभी लौटकर नहीं आएंगे।

इस हृदयविदारक घटना की जानकारी मिलने पर गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घटना के बारे में जिसने भी सुना, उसकी आंखें नम हो गईं।

हादसे में पांच मृतकों के शव बरही अनुमंडल अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद सोमवार देर शाम गांव पहुंचे। वहीं, रूबिया देवी और सावित्री देवी का पोस्टमार्टम हजारीबाग में कराया गया। मंगलवार सुबह पिता कुंजो कुम्हार समेत सभी मृतकों का अंतिम संस्कार स्थानीय श्मशान घाट में किया जाएगा।

घटना की जानकारी मिलने पर बगोदर विधायक नागेंद्र महतो, पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह, जिला परिषद सदस्य दुर्गेश कुमार, मुखिया बंधन महतो, लक्ष्मण महतो, मनोज सिंह, पवन महतो, उमेश मंडल और झामुमो नेता शत्रुघ्न प्रसाद मंडल शोकाकुल परिवार से मिलने पहुंचे।

सभी ने परिजनों को ढाढ़स बंधाया और इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिया।

यह भी पढ़ें- गिरिडीह में बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार, चार बाइक बरामद

यह भी पढ़ें- उत्तर प्रदेश समेत पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के साथ गिरिडीह में भी उपचुनाव के आसार, भाजपा ने शुरू की तैयारी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।