गिरिडीह में बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार, चार बाइक बरामद
Giridih Police Busts Bike Theft Gang: नगर थाना पुलिस ने बाइक चोरी के एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

गिरिडीह नगर थाना में बरामद चोरी की बाइकें। (फोटो जागरण)
HighLights
गिरिडीह पुलिस ने बाइक चोरी के बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया।
तीन आरोपित गिरफ्तार, जिनमें चोरी की बाइक खरीदने वाला भी शामिल।
पुलिस ने चोरी की चार बाइक और दो मोबाइल फोन बरामद किए।
जागरण संवाददाता गिरिडीह। नगर थाना पुलिस ने बाइक चोरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर चोरी की चार बाइक और अपराध में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपितों में बाइक चोरी करने वाले गिरोह के सदस्य के साथ चोरी की बाइक खरीदने वाला व्यक्ति भी शामिल है। रविवार को तीनों आरोपितों को सदर अस्पताल में चिकित्सकीय जांच कराने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
नगर थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने बताया कि चार नवंबर को झंडा मैदान के समीप श्रीराम टायर के पास से अज्ञात चोरों ने दो बाइक चोरी कर ली थी। इस मामले में कोलडीहा सात नंबर निवासी राजू दास और अरगाघाट निवासी कुणाल कुमार ने संयुक्त आवेदन देकर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
राजू दास ने अपनी हीरो होंडा स्प्लेंडर बाइक (जेएच 11 जेड 2597) और कुणाल कुमार ने अपनी हीरो एचएफ डीलक्स बाइक (जेएच 15 एस 9215) चोरी होने की शिकायत की थी। दोनों ने पुलिस से बाइक बरामदगी की गुहार लगाई थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मुख्यालय पुलिस उपाधीक्षक प्रथम नीरज कुमार सिंह के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। टीम ने मामले की जांच करते हुए छापेमारी अभियान शुरू किया।
पुख्ता सूचना और साक्ष्य के आधार पर पुलिस ने सात नवंबर को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के 16 नंबर चुंजका निवासी राज पासवान के घर पर छापेमारी की। इस दौरान एक इंफिनिक्स कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन और बिना नंबर की हरे रंग की हीरो स्प्लेंडर प्रो बाइक बरामद की गई। पुलिस ने राज पासवान को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान राज पासवान ने बाइक चोरी में शामिल अपने सहयोगियों वारिस अंसारी उर्फ विक्की और टिड्डू के बारे में जानकारी दी। उसने बताया कि चोरी की बाइक आठ हजार रुपये में सेंट्रलपीट रूपनगर निवासी उदय कुमार दास को बेची गई थी।
इसके बाद पुलिस ने उदय कुमार दास के घर पर छापेमारी की। वहां से बिना नंबर की चोरी की हीरो सीडी डीलक्स बाइक बरामद की गई। साथ ही चोरी की बाइक खरीदने के दौरान फोनपे के माध्यम से ऑनलाइन लेनदेन में इस्तेमाल किया गया रीयलमी कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। पुलिस ने उदय कुमार दास को गिरफ्तार कर थाना लाया।
इसके बाद राज पासवान के सहयोगी वारिस अंसारी उर्फ विक्की के घर पर छापेमारी की गई। इस दौरान अन्य मामलों में चोरी की गई हीरो कंपनी की दो बाइक, एक स्प्लेंडर प्रो और दूसरी स्प्लेंडर प्लस, बरामद की गईं। पुलिस ने वारिस अंसारी को भी गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों में ये हैं शामिल
गिरफ्तार आरोपितों में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के 16 नंबर चुंजका निवासी राज पासवान, सेंट्रलपीट रूपनगर निवासी उदय कुमार दास और परातडीह निवासी वारिस अंसारी उर्फ विक्की शामिल हैं।
बरामद बाइक और मोबाइल
पुलिस ने छापेमारी के दौरान चोरी की चार बाइक और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद सामान में इंफिनिक्स कंपनी का एक एंड्रॉयड मोबाइल, रीयलमी कंपनी का एक एंड्रॉयड मोबाइल, बिना नंबर की हरे रंग की हीरो स्प्लेंडर प्रो बाइक, बिना नंबर की आसमानी रंग की स्प्लेंडर प्रो बाइक, काले रंग से पुताई की गई सीडी डीलक्स बाइक और बिना नंबर की काले रंग की हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक शामिल हैं।
छापेमारी टीम में ये थे शामिल
मुख्यालय पुलिस उपाधीक्षक प्रथम नीरज कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित छापेमारी टीम में नगर थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, एसआई सह अनुसंधानकर्ता विनय कुमार यादव, एएसआई अरविंद कुमार पाठक, पीयूष केरकेट्टा समेत नगर थाना के जवान शामिल थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।