गिरिडीह में इंजीनियरिंग के छात्र ने की आत्महत्या, दुमका का था रहने वाला; कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस
Giridih Engineering Student Suicide: शीतलपुर में इंजीनियरिंग के छात्र सौरव राज ने किराए के मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

सौरव राज की आत्महत्या के बाद बिलखती मां को संभालते स्वजन। (फोटो जागरण)
HighLights
गिरिडीह में इंजीनियरिंग छात्र सौरव राज ने की आत्महत्या।
किराए के मकान में फांसी लगाकर दी अपनी जान।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
संवाद सहयोगी, गिरिडीह। मुफस्सिल थाना अंतर्गत शीतलपुर में किराए के मकान में रहकर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे 22 वर्षीय छात्र सौरव राज ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना मंगलवार रात की है।
सूचना मिलने के बाद मृतक के स्वजन रात करीब 11:50 बजे गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचे, जहां सौरभ को मृत पाया।
बुधवार को नगर थाना गिरिडीह में मृतक के पिता दुमका जिला के हंसडीहा थाना अंतर्गत पगवारा निवासी विनय कुमार दास ने पुलिस के समक्ष अपना बयान दर्ज कराया।
पुलिस को दिए बयान में विनय कुमार दास ने बताया कि उनका पुत्र सौरव राज पिछले करीब एक वर्ष से शीतलपुर में लाला शर्मा के मकान में किराए पर रहकर एसआईटी में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था।
मंगलवार छ्ह अक्टूबर की रात करीब 9:10 बजे मकान मालिक की बेटी तनी कुमारी ने फोन कर बताया कि सौरव ने अपने कमरे में गमछे का फंदा बनाकर फांसी लगा ली है।
सूचना मिलने के बाद स्वजन गिरिडीह के लिए रवाना हुए। इसी दौरान सौरव को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया। स्वजन रात करीब 11:50 बजे सदर अस्पताल पहुंचे, जहां प्रतीक्षालय कक्ष में स्ट्रेचर पर सौरव मृत अवस्था में मिला। इसके बाद चिकित्सकों द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
बुधवार की सुबह करीब 8:50 बजे मृतक के पिता विनय कुमार दास ने नगर थाना गिरिडीह पहुंचकर पुलिस पदाधिकारियों व स्वजनों की मौजूदगी में अपना बयान दर्ज कराया। पुलिस ने बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
छात्र ने आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाया, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है। इधर छात्र की कलाई में कटे का निशान भी देखा गया था।
छात्र के फांसी लगाए जाने की सूचना किसी लड़की ने फोन कर मृतक के एक दोस्त को दी थी। सूचना मिलने के बाद उसका दोस्त सौरभ के कमरे में गया, दरवाजा अंदर से बंद रहने के कारण खिड़की तोड़ कर कैंची से फंदे को काटा। इसके बाद दरवाजा तोड़ कर सौरभ को अस्पताल ले गए।
