कांग्रेस जिलाध्यक्ष की रेस में चार दावेदार, कुंडली खंगालने के बाद नवरात्र में होगा अंतिम फैसला
गिरिडीह कांग्रेस में जिलाध्यक्ष पद के लिए सरगर्मी तेज है। पार्टी कार्यकर्ताओं से रायशुमारी के बाद अब आंतरिक सर्वे कर रही है। कई नेताओं ने दावेदारी पेश की है जिनमें प्रमुख नाम धनंजय कुमार सिंह सतीश केडिया अजय कुमार सिन्हा और उपेंद्र सिंह हैं। जल्द ही AICC की ओर से जिलाध्यक्ष के नाम पर मुहर लगने की संभावना है।

जागरण संवाददाता, गिरिडीह। कांग्रेस पार्टी की ओर से संगठन सृजन अभियान के तहत जिलाध्यक्ष के दावेदारों के लिए शहर से लेकर पंचायत तक कार्यकर्ताओं का पिछले दिनों मन टटोला गया।
प्रखंडों में जाकर बंद कमरे में कार्यकर्ताओं की राय ली गई जो जिलाध्यक्ष के दावे करने वालों का पैनल बनाने का आधार बना। इसके बाद अब जिलाध्यक्ष के रेस में आगे रहने वालों की अंदरूनी कुंडली कई स्तरों पर गोपनीय तरीके से भी खंगाली जा रही है।
यह कार्य भी एक-दो दिनों में पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद एआईसीसी की ओर से जल्द ही जिलाध्यक्ष के नाम पर मुहर लगने वाली है। प्रबल संभावना है कि नवरात्र के बीच जिले को नया जिलाध्यक्ष मिल जाएगा और उनके सिर जिलाध्यक्ष का सेहरा भी सज जाएगा।
कयास लगाया जा रहा है कि इस बार कार्यकर्ताओं की राय व गोपनीय तहकीकात जिलाध्यक्ष चयन का आधार बनेगा या ऊपर से जिलाध्यक्ष थोप दिया जाएगा।
जिलाध्यक्ष की रेस में ऊपर है चार नाम
कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष के लिए वैसे तो कई नेताओं ने अपनी दावेदारी पेश की थी लेकिन इनमें से चार के नाम सबसे ऊपर आया है।इनमें वर्तमान जिलाध्यक्ष धनंजय कुमार सिंह, वर्तमान कार्यकारी जिलाध्यक्ष सतीश केडिया, प्रदेश सचिव अजय कुमार सिन्हा उर्फ मंटू सिन्हा व उपेंद्र सिंह का नाम शामिल है। इनमें से सभी की मजबूत दावेदारी जिलाध्यक्ष पद के लिए बताई जा रही है।
कार्यकर्ताओं ने दे दी है अपनी राय
संगठन सृजन अभियान के तहत कार्यकर्ताओं की भावनाओं व राय को जिलाध्यक्ष के चयन में सर्वाेपरि साबित करने का प्रयास किया गया है। हालांकि अंतिम निर्णय एआईसीसी को ही लेना है।
लेकिन एआईसीसी की ओर से नियुक्त प्रदेश पर्यवेक्षक सह गुजरात के विधायक इमरान खेड़ावाला व प्रदेश कांग्रेस प्रभारी की ओर से नियुक्त तीन पीसीसी पर्यवेक्षकों जिला कांग्रेस प्रभारी पूर्व मंत्री जेपी पटेल, विधायक सोनाराम सिंकू व पूर्व प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष आभा सिन्हा ने दो सितंबर से पांच सितंबर तक अलग-अलग प्रखंडों के कार्यकर्ताओं का मन टटोला और रिपोर्ट एआइसीसी को भेजी गई।
पार्टी अब कर रही आंतरिक सर्वे
जिलाध्यक्ष की रेस में शामिल नेताओं की कुंडली तो कार्यकर्ताओं से राय लेते हुए खंगाली जा चुकी है। इनमें से पैनल में सबसे ऊपर चल रहे चार दावेदारों की कुंडली अब आंतरिक रूप से विभिन्न स्रोतों से खंगाली जा रही है। इसके तहत कार्यकर्ताओं पर पकड़, संगठन के लिए कार्य करने की क्षमता, लोगों को कांग्रेस से जोड़ पाने की कुशलता, पार्टी के कार्यक्रमों में भागीदारी समेत अन्य बिंदु शामिल हैं।
जिलाध्यक्ष को लेकर पार्टी की ओर से कार्यकर्ताओं से रायशुमारी का कार्य पूरा कर लिया गया है। आगे की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पूरी रिपोर्ट एआईसीसी को सौंपी गई है। उम्मीद है कि इसी माह जिलाध्यक्ष की घोषणा एआईसीसी की ओर से कर दी जाए।- जेपी पटेल, जिला प्रभारी सह पूर्व मंत्री।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।