प्रख्यात चिकित्सक डॉ. दीपक बगेड़िया नहीं रहे
- पत्नी डा. मधु बगेड़िया दुर्गापुर में इलाजरत - देर शाम पचंबा मुक्तिधाम में पंचतत्व में विलीन ...और पढ़ें

- पत्नी डा. मधु बगेड़िया दुर्गापुर में इलाजरत
- देर शाम पचंबा मुक्तिधाम में पंचतत्व में विलीन जागरण संवाददाता, गिरिडीह : गिरिडीह के प्रख्यात चिकित्सक एवं शहर के प्रसिद्ध नवजीवन नर्सिंग होम के संचालक व संस्थापक डॉ. दीपक बगेड़िया का रविवार की सुबह दुर्गापुर के एक अस्पताल में इलाज के क्रम में निधन हो गया। उनकी पत्नी डा. मधु बगेड़िया अभी भी दुर्गापुर में इलाजरत हैं। डा. दीपक बगेड़िया का शव शाम को दुर्गापुर से गिरिडीह लाया गया। सबसे पहले उनके शव को नवजीवन नर्सिंग होम लाया गया। वहां लोगों ने उन्हें विदाई दी। इसके बाद शव को रेड क्रॉस सोसाइटी भवन लोगों के दर्शन के लिए लाया गया। वहां से पचंबा स्थित आवास पर शव लाया गया। इसके बाद रात करीब साढ़े आठ बजे पचंबा मुक्तिधाम में शव का अंतिम संस्कार किया गया। डा. बगेड़िया एवं उनकी पत्नी कोरोना संक्रमित होने के बाद करीब 15 दिन पूर्व दुर्गापुर के एक अस्पताल में भर्ती हुए थे। वे रोटरी क्लब के भी लंबे समय तक सचिव रहे थे। इसके अलावा मारवाड़ी युवा मंच के गिरिडीह के वे संस्थापक अध्यक्ष थे। गिरिडीह जिले में वे चिकित्सा क्षेत्र के स्तंभ थे।
जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष प्रकाश सहाय ने कहा कि वह एक अच्छे डॉक्टर के साथ उतने ही अच्छे इंसान थे।
महासचिव चुन्नूकांत ने कहा कि गरीब और असहाय लोगों के लिए यह एक काला दिन है। वरीय अधिवक्ता अजय कुमार सिन्हा ने कहा कि गिरिडीह ने एक बेहतरीन डॉक्टर को खो दिया है। सतीश कुंदन ने कहा कि वह एक अच्छे चिकित्सक के साथ सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देने वाले व्यक्ति थे। वरिष्ठ इंटक नेता एनपी सिंह बुल्लू ने कहा कि दीपक बगेड़िया गिरिडीह में चिकित्सा क्षेत्र के स्तंभ थे। साजिद महमूद ने कहा कि डॉ. बगेड़िया के निधन से चिकित्सीय क्षेत्र को बड़ा नुकसान हुआ है। शोक व्यक्त करने वालों में दिनेश राणा, शिवकुमार गुप्ता, राजीव सिन्हा, गीतेश चंद्रा, दीपक सिन्हा आदि शामिल हैं।
निवर्तमान जिप उपाध्यक्ष कामेश्वर पासवान ने कहा कि उनके निधन से उन्हें पारिवारिक क्षति भी हुई है। निवर्तमान मेयर सुनील पासवान ने कहा कि कोविड काल में काफी लोगों की जान बचाने वाले डॉ. बगेड़िया के निधन से अपूरणीय क्षति हुई है। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रशांत जायसवाल, विवेश जालान आदि ने भी शोक व्यक्त किया है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।