विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 27, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

झारखंड में मणिपुर जैसी घटना: निर्वस्‍त्र कर दलित महिला को पेड़ से बांधकर पीटा, घर से घसीट जंगल में ले गई भीड़

By Jagran NewsEdited By: Arijita Sen
Published: Thu, 27 Jul 2023 02:09 PM (IST)Updated: Thu, 27 Jul 2023 04:06 PM (IST)

मणिपुर मेरठ के बाद अब झारखंड के गिरिडीह में महिला संग दरिंदगी की घटना सामने आई है। यहां बुधवार की ...और पढ़ें

झारखंड के गिरिडीह में महिला को निर्वस्‍त्र कर पीटा।
झारखंड के गिरिडीह में महिला को निर्वस्‍त्र कर पीटा।

संवाद सहयोगी, सरिया (गिरिडीह)। मणिपुर और मेरठ में महिलाओं संग दरिंदगी की घटनाओं के बाद अब गिरिडीह से भी एक ऐसी ही घिनौनी वारदात सामने आई है। यहां सरिया थाना क्षेत्र के कोवडिया टोला में बुधवार की रात एक दलित महिला को निर्वस्त्र कर पेड़ से बांधकर पिटाई का मामला सामने आया है।

महिला को घसीटकर जंगल में ले गए लोग

पुलिस इस मामले में महिला के बयान के आधार पर दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वारदात से बुरी तरह से जख्‍मी महिला का इलाज सरिया के देवकी अस्पताल में किया जा रहा है।

पीड़ित महिला ने पत्रकारों को बताया कि बुधवार की रात अचानक कोवडिया टोला के कुछ पुरुष और महिला घर पर आए और जबरन कपड़े से मुंह बांधकर उसे घर से लगभग 500 मीटर दूर जंगल की ओर ले गए। वहां एक पेड़ से बांधकर उस पर लात-घूंसे बरसाने लगे। इसी दौरान उसे पूरा निर्वस्‍त्र कर दिया।

पुलिस ने आकर तन पर डाले कपड़े

मारपीट की घटना के बाद महिला बेहोश हो गई। मामले की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। इसके बाद सरिया पुलिस महिला को अपनी सुरक्षा में लेकर उसके शरीर पर कपड़े डाले और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं घटना के कारण के बारे में पीड़ित महिला कुछ स्पष्ट नहीं बता पाई, लेकिन उसने बताया कि कुछ दिन पूर्व आरोपी लोगों से कुछ बात को लेकर गाली-गलौज हुआ था। संभावना है कि उसी बात को लेकर यह घटना हुई है।

नाजायज संबंध रखने की दी सजा

वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि उक्त महिला का नाजायज संबध था। अक्‍सर देर रात उसका आना-जाना लगा रहता था। शायद इसलिए आक्रोशित लोगों ने उसके साथ ऐसा किया है। वहीं घटना की पुष्टि थाना प्रभारी संतोष कुमार मौर्य ने भी किया है एवं पीड़ित महिला के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही।