विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Cyclone Arnab से गिरिडीह के किसानों की बढ़ी मुसीबत, खेतों में गिरी धान की बालियां, आलू की फसल पर भी खतरा

Published: Sat, 31 Oct 2026 09:23 AM (IST)

चक्रवात अर्नब के कारण गिरिडीह और आसपास के इलाकों में तीन दिनों से हो रही बारिश व तेज हवाओं ने ...और पढ़ें

चक्रवात अर्नब से गिरिडीह में धान की फसलों को नुकसान। (सांकेतिक फोटो)

चक्रवात अर्नब से गिरिडीह में धान की फसलों को नुकसान। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. चक्रवात अर्नब से गिरिडीह में लगातार तीन दिन बारिश।

  2. तेज हवाओं से धान की फसल खेतों में गिरी।

  3. आलू की खेती और कृषि कार्य भी प्रभावित।

संवाद सहयोगी, बनियाडीह (गिरिडीह)। गिरिडीह कोयलांचल समेत जिले के विभिन्न प्रखंडों और ग्रामीण इलाकों में चक्रवात अर्नब का असर देखने को मिल रहा है। पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है।

बेमौसम बारिश और तूफानी हवाओं के कारण खेतों में पककर तैयार हो रही धान की फसल को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है। कई जगहों पर तेज हवा के झोंकों से धान की फसल जमीन पर गिर गई है। किसानों का अनुमान है कि इस बारिश से धान की पैदावार में करीब 30 प्रतिशत तक नुकसान हो सकता है।

किसानों के मुताबिक, महीनों की मेहनत, खाद, बीज और सिंचाई पर खर्च करने के बाद अब धान की फसल तैयार होने की स्थिति में थी। ऐसे समय में लगातार बारिश और तेज हवाओं ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेरना शुरू कर दिया है।

खेतों में गिरी फसल को देखकर किसान परेशान हैं। जिन किसानों की धान की फसल पककर तैयार हो चुकी है, उनके सामने अब कटाई और उपज को सुरक्षित रखने की चुनौती खड़ी हो गई है।

लगातार बारिश के कारण खेतों में पानी और नमी बढ़ गई है। इससे धान की कटाई का काम प्रभावित होने की आशंका है। वहीं, जमीन पर गिरी फसल को समेटने में किसानों को अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ेगी। इससे धान की गुणवत्ता और उत्पादन दोनों पर असर पड़ सकता है।

बारिश का असर आलू की खेती पर भी पड़ने की संभावना है। किसानों ने दुर्गापूजा के पहले ही खेतों में आलू का बीज लगा दिया था। लगातार बारिश से खेतों और क्यारियों में पानी जमा होने लगा है। इससे आलू की फसल खराब होने की आशंका ने किसानों की परेशानी और बढ़ा दी है।

इधर, तेज हवाओं के कारण ग्रामीण इलाकों में कई जगह बड़े पेड़ों के धराशायी होने की भी सूचना है। मौसम खराब रहने से कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

वहीं, दीपावली और महापर्व छठ से पहले लगातार बारिश होने के कारण लोगों को घरों की साफ-सफाई में भी परेशानी हो रही है। फिलहाल मौसम के बदले मिजाज ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है और उन्हें अपनी फसल के बड़े नुकसान का डर सता रहा है।

यह भी पढ़ें- राहुल गांधी और कांग्रेस देश में फैला रहे अराजकता: बाबूलाल मरांडी का बड़ा आरोप

यह भी पढ़ें- गिरिडीह में माओवादियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन में बड़ी सफलता, रॉकेट के दो पीस और 494 जिलेटिन बरामद

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।