Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    Jharkhand News: दुबई में फंसे धनबाद, गिरिडीह व हजारीबाग के 15 प्रवासी मजदूर, सरकार से लगाई वतन वापसी की गुहार

    By Jagran NewsEdited By: Ashish Mishra
    Updated: Fri, 27 Jun 2025 07:27 PM (IST)

    झारखंड के धनबाद, गिरिडीह और हजारीबाग जिलों के 15 प्रवासी मजदूर दुबई में फंसे हुए हैं। उन्हें पिछले तीन महीनों से वेतन नहीं मिला है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति खराब हो गई है। कई परिवारों के बच्चों की पढ़ाई बाधित हो गई है। मजदूरों ने केंद्र और राज्य सरकार से अपनी सकुशल वतन वापसी के लिए गुहार लगाई है। उनके परिवार भी उनकी वापसी को लेकर चिंतित हैं।  

    Hero Image

    धनबाद, गिरिडीह व हजारीबाग के 15 प्रवासी मजदूर दुबई में फंसे। (प्रतीकात्मक फोटो)

    जागरण, तोपचांची/बगोदर। झारखंड के धनबाद, गिरिडीह व हजारीबाग के 15 प्रवासी मजदूर दुबई में फंस गए हैं। धनबाद के तोपचांची प्रखंड के नेरो गांव निवासी संजय कुमार महतो तीन महीने से फंसे हैं। संजय ने दो दिन पूर्व स्वजन को दूरभाष पर इसकी जानकारी दी। इसके बाद से स्वजन परेशान हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    स्वजन ने बताया तीन नवंबर 2024 को संजय मजदूरी करने दुबई गया था। कंपनी की ओर से एक वर्ष तक काम करने का दबाव दिया जा रहा है। बात नहीं मानने पर तीन महीने से सभी मजदूरों का वेतन रोक दिया गया है। जिसकी वजह से मजदूरों की आर्थिक स्थिति खराब होती जा रही है।

    संजय की मां सोनिया देवी ने बताया कि उनके बेटे को पिछले कुछ माह से कंपनी वेतन नहीं दे रही है। लगातार शोषण किया जा रहा है। नेरो पंचायत के मुखिया उमेश कुमार महतो ने कहा कि मजदूर संजय के सकुशल वापसी के लिए विधायक तथा संसद को पत्र लिखा जाएगा।

    दुबई में फंसे बगोदर गिरिडीह के दो प्रवासी मजदूरों ने वतन वापसी के लिए सहायता मांगी है। स्वजन के मुताबिक मजदूरों को तीन माह से मजदूरी का भुगतान नहीं हुआ। इस कारण खाने-पीने में दिक्कत हो रही है।

    दुबई में फंसे मजदूरों ने बुधवार को इंटरनेट मीडिया पर वीडियो साझा कर दुर्दशा सुनाई। केंद्र व राज्य सरकार से वतन वापसी की गुहार लगाई।

    दुबई में फंसे बगोदर अंबाडीह के मजदूर बैजनाथ महतो की पत्नी कौशल्या देवी ने बताया कि घर की आर्थिक स्थिति ठीक करने व बच्चों की अच्छी पढ़ाई करने को लेकर पति दुबई गए थे। मजदूरी नहीं मिल रही है। बैजनाथ के दो पुत्र हैं। पैसे के अभाव में बेटे की पढ़ाई बाधित है।

    दुबई में फंसे मजदूरों के नाम गिरिडीह के बगोदर प्रखंड के अंबाडीह के बैजनाथ महतो, महेंद्र महतो, डुमरी मकान के सीताराम महतो, मूरत महतो, हजारीबाग के बिष्णुगढ़ प्रखंड के अलखरीखुर्द के चुरामन महतो, चंद्रिका महतो, कैलाश महतो शामिल हैं। 

    वहीं, उदयपुर के बिशुन महतो, जगन्नाथ सिंह, चितरामो के लखन सिंह, सुखदेव सिंह, गोविंदपुर के अर्जुन महतो, आंगो थाना क्षेत्र जोलमी के त्रिलोकी महतो, पलमा के बालेश्वर महतो व धनबाद जिले के तोपचांची थाना क्षेत्र के नेरो के संजय कुमार महतो दुबई में फंसे हैं।

    प्रवासी मजदूरों के हित में काम करने वाले सिकंदर अली ने केंद्र और राज्य सरकार से इन मजदूरों की सकुशल वतन वापसी कराने की मांग की है।

    बगोदर प्रखंड के दोंदलो के फलजीत महतो, संजय महतो, राजू महतो, चंद्रिका महतो व मुंडरो के उत्तम महतो को पश्चिमी अफ्रीका के नाइजर में हथियारबंद अपराधियों ने अपहरण कर लिया है। इस घटना के दो माह बाद भी अपहरण मजदूरों का कोई सुराग नहीं मिला है।