अब गढ़वा की बेटियां भी अपने ही शहर में कर सकेंगी उच्च शिक्षा ग्रहण
गढ़वा जिले की बेटियां अब अपने ही जिले में उच्च शिक्षा ग्रहण कर सकेंगी। जिला मुख्यालय के सोनपुरवा में 13 करोड़ 62 लाख रुपए की लागत से महिला महाविद्यालय का निर्माण कराया जाएगा। झारखंड सरकार ने इसकी प्रशासनिक स्वीकृति दे दी है

गढ़वा, जासं । गढ़वा जिले की बेटियां अब अपने ही जिले में उच्च शिक्षा ग्रहण कर सकेंगी। जिला मुख्यालय के सोनपुरवा में 13 करोड़, 62 लाख रुपए की लागत से महिला महाविद्यालय का निर्माण कराया जाएगा। झारखंड सरकार ने इसकी प्रशासनिक स्वीकृति दे दी है। जिसके बाद बेटियों के उच्च शिक्षा ग्रहण करने का रास्ता भी साफ हो गया है। यह गढ़वा के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है। गढ़वा विधायक सह झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने बताया कि यह उनके प्रयास से गढ़वा जिले को यह उपलब्धि हासिल हुई है। अब तक गढ़वा जिला में एक भी महिला महाविद्यालय नहीं था। जिस वजह से यहां के बच्चे उच्च शिक्षा प्राप्त नहीं कर पाते थे।
सभी सुविधाओं वाला महिला कालेज खुलेगा
विशेष बातचीत के क्रम में गढ़वा विधायक सह झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री ने बताया कि अब गढ़वा में भी सभी सुविधाओं वाला महिला कालेज खुलेगा। अपनी बेटियां भी गुणवत्तापूर्ण उच्च व उच्चतर शिक्षा अपने शहर में ही प्राप्त कर सकेंगी। लगभग 13 करोड़ 62 लाख रुपए की लागत से बनने वाले इस महाविद्यालय के निर्माण की प्रशासनिक स्वीकृति राज्य सरकार ने प्रदान कर दी है। अब जल्द निविदा की प्रक्रिया पूर्ण कर कार्य आरंभ होगा।
सभी विषयों की होगी पढ़ाई
मंत्री ने बताया कि इस कालेज में कला, विज्ञान व वाणिज्य सभी विषयों की पढ़ाई होगी। इसमें एक अत्याधुनिक लाइब्रेरी के अलावा सभी विज्ञान के विषयों के अलग अलग लैबोरेट्री भी होंगे। कामन रूम, स्टाफ रूम, पैंट्री, कैंटीन, एम्पीथियेटर जैसी सभी सुविधाएं होंगी। विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन के लिए एक बड़ा कोर्टयार्ड भी तैयार होगा। यह महाविद्यालय गढ़वा में महिला शिक्षा के क्षेत्र में मील का एक पत्थर साबित होगा। अपनी बेटियां भी पढ़ेंगी और आगे बढ़ेंगी। गढ़वा की बेटी नम्रता चौबे सभी बच्चियों का प्रेरणास्रोत बनेगी। मंत्री ने कहा कि वे गढ़वा के आमूलचूल परिवर्तन के लिए कटिबद्ध हैं। गढ़वा की जनता के विश्वास पर शत प्रतिशत खरा उतर पाऊं बस यही मेरा संकल्प है। वे गढ़वा की सभी समस्याओं को एक एक कर लगातार दूर कर रहे हैं। आने वाले समय में गढ़वा की तस्वीर बदल जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।