विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गढ़वा में अवैध बालू से लदे ट्रैक्टर ने बाइक सवार को कुचला, एक मौत; दूसरे युवक की हालत गंभीर

Published: Thu, 02 Apr 2026 10:45 AM (IST)

गढ़वा के धुरकी थाना क्षेत्र में बुधवार रात अवैध बालू लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने एक मोटरसाइकिल सवार को कुचल ...और पढ़ें

घटनास्थल पर आक्रोशित ग्रामीण

घटनास्थल पर आक्रोशित ग्रामीण

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

संवाद सूत्र, धुरकी (गढ़वा)। धुरकी थाना क्षेत्र के अंबाखोरिया पंचायत अंतर्गत बरसोती गांव में बुधवार रात करीब 10 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। कनहर नदी के प्रतिबंधित घाट से अवैध बालू लेकर जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मोटरसाइकिल सवार को कुचल दिया।

इस घटना में भंडार गांव निवासी सेवक लोहरा के पुत्र विजय लोहरा की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसके साथ बाइक पर सवार कृष्णा कोरबा गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर को एक नाबालिग चालक बेहद तेज गति में चला रहा था। बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि विजय लोहरा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

वहीं घायल कृष्णा कोरबा को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है। उक्त घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार होने में सफल रहा।

इस हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों में भारी उबाल देखा गया। गुस्साए लोगों ने मृतक का शव सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और धुरकी-श्रीबंशीधर नगर मार्ग को जाम कर दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क पर करीब आधा दर्जन अवैध बालू लदे ट्रैक्टरों और एक टीपर को रोक लिया और उनके टायरों की हवा निकाल दी।

ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मिलीभगत से रात के अंधेरे में अवैध बालू का काला खेल चल रहा है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि यदि बालू की आवश्यकता है तो इसे दिन में वैध तरीके से क्यों नहीं ढोया जाता।

रात में तेज रफ्तार ट्रैक्टरों के कारण स्थानीय लोगों और बच्चों का घर से निकलना भी दूभर हो गया है। घटनास्थल पर पहुंचे थाना प्रभारी ने गुरुवार की सुबह शव को कब्जे लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। इस घटना के बाद मृतक के स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल था।

यह भी पढ़ें- बड़गाई अंचल जमीन घोटाला: हेमंत सोरेन की डिस्चार्ज याचिका पर ED कोर्ट में सुनवाई, CM सहित 18 के खिलाफ चार्जशीट

यह भी पढ़ें- गेल का ऑपरेशन 24x7: टाटा मोटर्स प्लांट में प्राकृतिक गैस की सप्लाई शुरू, बंदी का टला खतरा