गेल का ऑपरेशन 24x7: टाटा मोटर्स प्लांट में प्राकृतिक गैस की सप्लाई शुरू, बंदी का टला खतरा
गेल (इंडिया) लिमिटेड ने टाटा मोटर्स, जमशेदपुर प्लांट को रिकॉर्ड नौ दिनों में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की आपूर्ति शुरू ...और पढ़ें

टाटा मोटर्स में पीएनजी का शुभारंभ करते गेल और टाटा मोटर्स के पदाधिकारी।
HighLights
रिकॉर्ड नौ दिनों में प्लांट बंद होने से बचाया।
औद्योगिक विस्तार पर गेल का विशेष ध्यान।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी गेल (इंडिया) लिमिटेड ने औद्योगिक जगत में मिसाल पेश की है। प्रोपेन की कमी के कारण संकट का सामना कर रहे टाटा मोटर्स के जमशेदपुर प्लांट को गेल ने रिकॉर्ड नौ दिनों के भीतर पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की आपूर्ति शुरू कर दी है।
युद्धस्तर पर पूरा हुआ काम
इस त्वरित पहल ने न केवल प्लांट के बंद होने की आशंका को टाल दिया, बल्कि औद्योगिक निरंतरता भी सुनिश्चित की। आमतौर पर हफ्तों में पूरे होने वाले इस कार्य को गेल की टीम ने महज 9 दिनों में पूरा किया।
समझौते पर हस्ताक्षर से लेकर पाइपलाइन बिछाने और गैस कमीशनिंग तक का सफर टीम ने 24 घंटे युद्धस्तर पर काम कर तय किया। इस उपलब्धि के साथ ही टाटा मोटर्स, टाटा स्टील के कोम्बी मिल (जो अक्टूबर 2025 से पीएनजी पर संचालित है) के बाद क्षेत्र का दूसरा बड़ा प्लांट बन गया है जो गेल की प्राकृतिक गैस का उपयोग कर रहा है।
क्लीन एनर्जी की ओर बढ़ता कदम
कमीशनिंग के मौके पर गेल के महाप्रबंधक सह जीए इंचार्ज गौरी शंकर मिश्रा ने बताया कि यह सफलता गेल और टाटा की टीमों के संयुक्त और समन्वित प्रयास का परिणाम है। इस दौरान टाटा मोटर्स के महाप्रबंधक गोलाम मण्डल और टाउन एडमिनिस्ट्रेशन के रजत सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
महाप्रबंधक ने जानकारी दी कि गेल अब घरेलू और व्यावसायिक उपयोग के साथ-साथ औद्योगिक विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है। आगामी कुछ हफ्तों में पांच और बड़े उद्योगों को पीएनजी नेटवर्क से जोड़ने की योजना है।
