विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

न खेती छोड़ी, न खाली रखी जमीन! 2 एकड़ में 300 पौधे लगाकर गढ़वा के किसान ने पेश की मिसाल

Published: Thu, 19 Nov 2026 02:47 PM (IST)

रविंद्र कुमार चौबे ने गढ़वा के सुलसुलिया में रैखिक विधि से 300 से अधिक पेड़ लगाकर पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक ...और पढ़ें

रविंद्र चौबे ने रैखिक विधि से 300 से अधिक पौधे लगाए। जागरण

रविंद्र चौबे ने रैखिक विधि से 300 से अधिक पौधे लगाए। जागरण

HighLights

  1. रविंद्र चौबे ने रैखिक विधि से 300 से अधिक पौधे लगाए।

  2. यह पहल पर्यावरण संरक्षण और अतिरिक्त आय का स्रोत बनी।

रजनीश कुमार मंगलम, श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। बढ़ते प्रदूषण और सिमटते हरित क्षेत्र के बीच श्री बंशीधर नगर प्रखंड के सुलसुलिया गांव निवासी रविंद्र कुमार चौबे समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनकर उभरे हैं। वे अपनी रैयती भूमि में रैखिक विधि से पौधारोपण कर न केवल प्रदूषित हो रहे पर्यावरण को बचाने की अनूठी मुहिम चला रहे हैं, बल्कि अपनी आर्थिक स्थिति को भी मजबूत कर रहे हैं।

उनकी यह पहल क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए एक बेहतरीन मॉडल साबित हो रही है। रविंद्र कुमार चौबे ने अपनी करीब दो एकड़ रैयती भूमि पर बेहद व्यवस्थित तरीके से रैखिक विधि अपनाते हुए तीन सौ से अधिक पौधे लगाए हैं। इन पौधों में मुख्य रूप से आम, सागवान, साइबेरियन आम, बेर, महुआ, आसन और परास, नीम, बांस, यूकेलिप्टस, धौरा, शीशम जैसी उपयोगी व पारंपरिक प्रजातियां शामिल हैं।

साइबेरियन आम में तो अक्टूबर-नवंबर माह में ही मंजर और फल आ गए हैं। पौधारोपण के बाद उन्होंने केवल खानापूर्ति नहीं की, बल्कि बच्चों की तरह इन पौधों की देखभाल कर इन्हें पूरी तरह संरक्षित भी किया है। आज ये पौधे लहलहा रहे हैं और क्षेत्र की हरियाली बढ़ा रहे हैं।

रैखिक विधि का बड़ा फायदा

रैखिक विधि से खेती करने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि इससे मुख्य फसल के उत्पादन पर कोई प्रतिकूल असर नहीं पड़ता। रविंद्र अपने खेतों में नियमित रूप से पारंपरिक फसलों की खेती भी कर रहे हैं। खेत की मेड़ों और निर्धारित कतारों में लगे पेड़ों से एक ओर जहां मिट्टी का कटाव रुकता है और खेतों की नमी बनी रहती है, वहीं दूसरी ओर पर्यावरण संतुलन में भी मदद मिलती है।

पौधे हैं आय का स्थायी जरिया

पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ यह मुहिम रविंद्र के लिए आय का एक अतिरिक्त और स्थायी जरिया भी बन गई है। खेतों में लगे आम और महुआ के पेड़ों से निकलने वाले फलों को बेचकर उन्हें अच्छी-खासी आमदनी हो रही है। इसके अलावा आसन और परास जैसे पेड़ पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने के साथ-साथ ग्रामीण जरूरतों को भी पूरा करते हैं।

सराहनीय है रविंद्र का प्रयास

ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान समय में जहां लोग निजी स्वार्थ के लिए पेड़ों की अंधाधुंध कटाई कर रहे हैं, वहीं रविंद्र कुमार चौबे का यह प्रयास बेहद सराहनीय है। उनकी इस मुहिम से प्रेरित होकर आसपास के गांवों के किसान भी अब अपनी खाली पड़ी जमीन और खेतों की मेड़ों पर फलदार व छायादार पौधे लगाने की दिशा में आगे आ रहे हैं।

रविंद्र का मानना है कि यदि हर किसान अपनी जमीन के कुछ हिस्से पर इस विधि से पौधे लगाए, तो पर्यावरण संकट को काफी हद तक कम किया जा सकता है। 

यह भी पढ़ें- एटा में किसानों को टमाटर-मिर्च के बीज पर मिलेगा 50 प्रतिशत अनुदान, परंपरागत खेती से इतर बागवानी को प्रोत्साहन

यह भी पढ़ें- बागवानी व सब्जी की खेती से अपनी आय दोगुनी कर सकते किसान, उद्यान विभाग की ये योजना बड़े काम की

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।