कंटेनर में गुप्त तहखाना, अंदर से निकला 426 किलो गांजा; गढ़वा में तस्करी के खेल पर चला पुलिस का 'कटर'
झारखंड के गढ़वा में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कल्याणपुर ओवरब्रिज के पास खड़े एक कंटेनर से 426 किलो गांजा बरामद किया है।

कंटेनर से बरामद गांजा। फोटो जागरण
जागरण संवाददाता, गढ़वा। झारखंड के गढ़वा में पुलिस को नशे की तस्करी के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि गढ़वा थाना क्षेत्र अंतर्गत कल्याणपुर ओवरब्रिज के समीप सड़क किनारे खड़े एक कंटेनर वाहन में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा गया है।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, गढ़वा दिल्लू लोहरा के नेतृत्व में थाना प्रभारी, सुनील कुमार तिवारी एवं अन्य पुलिस पदाधिकारियों तथा जवानों की एक विशेष छापामारी टीम गठित की गई।
गठित टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर संदिग्ध कंटेनर वाहन की जांच की गई। जांच के दौरान वाहन सड़क किनारे खड़ा पाया गया, जिसमें कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। वाहन चालक की काफी खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
इसके पश्चात पुलिस टीम द्वारा वाहन की बारीकी से तलाशी ली गई। तलाशी के क्रम में ड्राइवर केबिन के ठीक पीछे विशेष रूप से बनाया गया एक संदिग्ध बॉक्सनुमा गुप्त ढांचा पाया गया, जिसका उपयोग मादक पदार्थों को छिपाकर परिवहन करने के लिए किया जा रहा था।
संदेह के आधार पर उक्त कंटेनर वाहन को गढ़वा थाना लाया गया, जहां कटर मशीन की सहायता से गुप्त बॉक्स को काटकर खोला गया। बॉक्स के अंदर प्लास्टिक की थैलियों में छिपाकर रखे गए कुल 426 पैकेट गांजा बरामद किए गए।
प्रत्येक पैकेट का वजन लगभग एक किलोग्राम पाया गया। इस प्रकार पुलिस द्वारा कुल 426 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
उल्लेखनीय है कि तस्करों द्वारा पुलिस की नजरों से बचने के उद्देश्य से कंटेनर वाहन में विशेष रूप से गुप्त बॉक्स बनाकर भारी मात्रा में गांजा छिपाया गया था। गढ़वा पुलिस की तत्परता एवं प्रभावी कार्रवाई से मादक पदार्थों की तस्करी के इस प्रयास को विफल कर दिया गया।
दिल्लू लोहरा ने बताया कि गढ़वा पुलिस मादक पदार्थों के अवैध कारोबार एवं तस्करी के विरुद्ध लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई कर रही है।
इस मामले में बरामद गांजा के स्रोत, गंतव्य, वाहन मालिक एवं चालक की संलिप्तता तथा तस्करी से जुड़े अन्य व्यक्तियों और पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए अग्रतर अनुसंधान जारी है। दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।