गढ़वा के नए एसपी आशुतोष शेखर ने संभाली कमान, अपराध पर नकेल कसने का संकल्प
गढ़वा के नए पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने पदभार संभाला। उन्होंने अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए आम जनता की सुरक्षा को प्राथमिकता बताया।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, गढ़वा। जिले के नए पुलिस अधीक्षक के रूप में 2014 बैच के आईपीएस अधिकारी आशुतोष शेखर ने शनिवार की रात पदभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालते ही नए एसपी के तेवर पूरी तरह तल्ख नजर आए।
उन्होंने स्पष्ट संदेश दे दिया है कि गढ़वा में अपराध और अपराधियों के लिए कोई स्थान नहीं होगा और आम जनता की सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
पदभार ग्रहण करने के पश्चात उन्होंने समाहरणालय स्थित एसपी कार्यालय में पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक की, जिसमें जिले की वर्तमान कानून-व्यवस्था की समीक्षा की गई। बैठक के दौरान एसपी आशुतोष शेखर ने अधिकारियों को दो टूक कहा कि पुलिसिंग की कार्यशैली में बदलाव और जनता के साथ बेहतर समन्वय उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने निर्देश दिया कि अपराध नियंत्रण के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्रवाई अपराधियों के लिए खौफ का सबब होनी चाहिए, जबकि आम नागरिकों के लिए पुलिस का चेहरा संवेदनशील होना चाहिए, ताकि पीड़ित को न्याय मिल सके।
एसपी ने कहा कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखना और लोगों के मन में सुरक्षा का भाव पैदा करना उनका मुख्य लक्ष्य है। उन्होंने जोर देकर कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल बनाकर ही बड़े से बड़े अपराध पर अंकुश लगाया जा सकता है।
मौके पर एएसपी अभियान राहुल देव बड़ाइक, डीएसपी मुख्यालय यशोधरा, गढ़वा के एसडीपीओ नीरज कुमार समेत जिले के की पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें- एक बार निवेश, कई सालों तक कमाई: आम की बागवानी ने बदली सुशील मुण्डा की किस्मत, कमा रहे लाखों रुपये
यह भी पढ़ें- झारखंड में स्वास्थ्य सेवा में होगा सुधार, हेमंत सरकार खरीदेगी 237 नई एंबुलेंस
