गढ़वा में रिश्वत मांगने के आरोप में निलंबित ASI पर अब प्राथमिकी की मांग, DGP तक पहुंचा मामला
रंका थाना के निलंबित एएसआइ लक्ष्मीकांत महतो के खिलाफ रिश्वत मांगने के आरोप में एंटी करप्शन एंड क्राइम कंट्रोल कमेटी ...और पढ़ें

AI द्वारा बनाई गई तस्वीर।
HighLights
निलंबित एएसआई लक्ष्मीकांत महतो पर प्राथमिकी की मांग।
एंटी करप्शन कमेटी ने डीजीपी को दोबारा शिकायत भेजी।
संवाद सहयोगी, गढ़वा। रंका थाना में पदस्थापित रहे एएसआई लक्ष्मीकांत महतो की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। उन पर रिश्वत मांगने के आरोप को लेकर एंटी करप्शन एंड क्राइम कंट्रोल कमेटी ने अब प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग उठाई है।
कमेटी के संस्थापक सह राष्ट्रीय अध्यक्ष राजलाल सिंह पटेल ने झारखंड के पुलिस महानिदेशक को दोबारा शिकायत भेजकर आरोपी एएसआई के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने और कड़ी कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि भ्रष्टाचार जैसे गंभीर मामले में केवल निलंबन पर्याप्त नहीं है।
जांच में आरोप प्रमाणित होने के बाद संबंधित अधिकारी को कानून के अनुसार दंडित किया जाना चाहिए। शिकायत की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, झारखंड के मुख्य सचिव, गृह विभाग के प्रधान सचिव, अपर पुलिस महानिदेशक, एंटी करप्शन ब्यूरो रांची, पुलिस महानिरीक्षक पलामू प्रक्षेत्र, पुलिस उपमहानिरीक्षक पलामू प्रक्षेत्र, गढ़वा उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक को भी भेजी गई है।
बता दें कि 23 अक्टूबर 2026 को केंद्र सरकार के सीपीजीआरएएमएस जन शिकायत पोर्टल पर एएसआइ लक्ष्मीकांत महतो के विरुद्ध रिश्वत मांगने की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके आलोक में गढ़वा पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने रंका अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रोहित रंजन सिंह को मामले की जांच करने का निर्देश दिया था।
जांच प्रतिवेदन के अनुसार, रंका थाना कांड संख्या 143/26 (27 सितंबर 2026) के अनुसंधानकर्ता एएसआई लक्ष्मीकांत महतो थे। इस मामले में संदीप सिंह और कंचन विश्वकर्मा नामजद आरोपित थे। दोनों ने गढ़वा न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था, जहां से एक अक्टूबर 2026 को उन्हें जमानत मिल गई थी।
आरोप है कि जमानत मिलने के बाद एएसआइ उनके घर पहुंचे और रिश्वत के रूप में पैसे की मांग की। इसके बाद 15 और 16 अक्टूबर को संदीप सिंह को फोन कर पैसे मांगे गए। पैसे नहीं देने पर जमानत रद्द कराने और मोटरसाइकिल जब्त करने की धमकी भी दी गई थी।
बताया गया कि जांच में रिश्वत मांगने के आरोप की पुष्टि हुई थी। इसके बाद एएसआइ लक्ष्मीकांत महतो को निलंबित कर दिया गया था। लेकिन एंटी करप्शन एंड क्राइम कंट्रोल कमेटी ने निलंबन को पर्याप्त नहीं मानते हुए 15 नवंबर 2026 को सीपीजीआरएएमएस पोर्टल के माध्यम से डीजीपी को दोबारा शिकायत भेजी है। इसमें आरोपित एएसआई के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के कारण आम लोगों को सरकारी कार्यालयों में अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। रिश्वत मांगने जैसे गंभीर आरोपों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों का मनोबल बढ़ता है। इससे शासन-प्रशासन की पारदर्शिता और आम जनता के विश्वास पर प्रतिकूल असर पड़ता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।