गढ़वा में CHO के लिए आसान नहीं 15000 का इंसेंटिव, 15 मानकों पर खरा उतरना होगा; ई-संजीवनी सेवा बंद
आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में सीएचओ को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि अब केवल उपस्थिति पर नहीं, बल्कि 15 विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं के प्रदर्शन पर आधारित होगी। इसमें मातृ-शिशु स्वास्थ्य से लेकर बीमारियों की स्क्रीनिंग और डिजिटल सेवाओं तक के कार्य शामिल हैं।

AI द्वारा बनाई गई तस्वीर।
HighLights
सीएचओ को प्रोत्साहन राशि कार्य प्रदर्शन पर आधारित।
15 इंडिकेटर पर लक्ष्य पूरा करने पर अतिरिक्त राशि।
अंजनी कुमार उपाध्याय, गढ़वा। आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में कार्यरत कम्युनिटी हेल्थ आफिसर (सीएचओ) को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि महज उपस्थिति के आधार पर नहीं, बल्कि उनके कार्यों और स्वास्थ्य सेवाओं के प्रदर्शन के आधार पर निर्धारित होती है। इसके लिए सीएचओ को 15 अलग-अलग इंडिकेटर पर काम करना होता है।
इनमें ई-संजीवनी के माध्यम से मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से आनलाइन परामर्श उपलब्ध कराना भी शामिल है। लेकिन यह कार्य पूरे जिले में बंद है। प्रत्येक इंडिकेटर के लिए अधिकतम एक हजार रुपये निर्धारित हैं। इस प्रकार सभी निर्धारित मानकों पर लक्ष्य हासिल करने वाले सीएचओ को 25 हजार रुपये के निश्चित मासिक मानदेय के अतिरिक्त 15 हजार रुपये तक प्रोत्साहन राशि मिल सकती है।
इन 15 इंडिकेटर में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, संक्रामक एवं गैर संचारी रोगों की पहचान, मरीजों का उपचार, डिजिटल स्वास्थ्य सेवाएं और सामुदायिक गतिविधियां शामिल हैं। यानी सीएचओ की जिम्मेदारी अपने कार्यक्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की पूरी व्यवस्था को मजबूत करना होता है।
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़े चार इंडिकेटर
पहले चार इंडिकेटर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित हैं। इनमें क्षेत्र की अनुमानित गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण और निर्धारित समय पर प्रसव पूर्व जांच सुनिश्चित करना शामिल है। इसका सत्यापन आरसीएच पोर्टल और स्वास्थ्य रिकार्ड से किया जाता है। इसके अलावा आशा कार्यकर्ताओं के समन्वय से नवजात शिशुओं का निर्धारित अंतराल पर गृह भ्रमण कर उनकी स्वास्थ्य जांच और देखभाल सुनिश्चित करनी होती है।
इसी तरह एक से दो वर्ष तक के बच्चों का निर्धारित टीकाकरण और पोषण संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराना तथा ग्राम स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस के तहत वीएचएसएनडी और एमसीएचएन सत्रों का आयोजन एवं निगरानी करना भी सीएचओ की जिम्मेदारी है।
बीमारियों की स्क्रीनिंग और उपचार से जुड़े छह इंडिकेटर
संक्रामक और गैर संचारी बीमारियों की पहचान एवं उपचार पर विशेष जोर दिया गया है। इसमें आयुष्मान आरोग्य मंदिर में नियमित ओपीडी संचालन और मरीजों का उपचार शामिल है। सामान्य परिस्थितियों में पांच हजार की आबादी पर प्रतिमाह 300 से 400 मरीजों के उपचार का लक्ष्य निर्धारित है।
इसके अलावा 30 वर्ष और उससे अधिक उम्र के लोगों की बीमारियों की प्रारंभिक पहचान के लिए कम्युनिटी बेस्ड असेसमेंट चेकलिस्ट (सीबैक) भरना होता है। इसी आयु वर्ग के लोगों में उच्च रक्तचाप और मधुमेह की पहचान के लिए ब्लड प्रेशर एवं ब्लड शुगर की जांच करनी होती है। बीमारी से पीड़ित लोगों का पंजीकरण कर नियमित उपचार की निगरानी भी करनी होती है।
कैंसर की प्रारंभिक पहचान के लिए मुंह, स्तन और गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर की स्क्रीनिंग तथा संदिग्ध मरीजों को हायर सेंटर में रेफर करना भी जरूरी है। वहीं, ओपीडी में आने वाले संभावित टीबी मरीजों की जांच, उनके संपर्क में रहने वाले लोगों की स्क्रीनिंग और निक्षय पोर्टल पर मरीजों का पंजीकरण कराना भी निर्धारित इंडिकेटर में शामिल है।
डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं और सामुदायिक गतिविधियों के पांच इंडिकेटर
पांच इंडीकेटर डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं और सामुदायिक गतिविधियों से संबंधित हैं। इसके तहत ई-संजीवनी के माध्यम से मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से ऑनलाइन परामर्श उपलब्ध कराना होता है। इसके लिए सामान्यतः प्रतिमाह न्यूनतम 50 टेली कंसल्टेशन का लक्ष्य बताया गया है।
इसी तरह आयुष्मान आरोग्य मंदिर में प्रतिमाह न्यूनतम 10 योग एवं वेलनेस सत्र आयोजित कर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना होता है। उच्च स्वास्थ्य केंद्रों में रेफर किए गए मरीजों का रिकार्ड रखना और उपचार के बाद वापस लौटने वाले मरीजों का फालोअप करना भी सीएचओ की जिम्मेदारी है।
इसके अतिरिक्त जन आरोग्य समिति की मासिक बैठक आयोजित करना, इसमें कम से कम 60 प्रतिशत सदस्यों की उपस्थिति सुनिश्चित करना और अनटाइड फंड का नियमानुसार उपयोग करना होता है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से निर्धारित विशेष स्वास्थ्य दिवसों, जागरूकता कार्यक्रमों और विभिन्न स्वास्थ्य अभियानों का आयोजन भी वार्षिक स्वास्थ्य कैलेंडर के तहत करना अनिवार्य है।
पोर्टल पर दर्ज आंकड़ों से होता है कार्यों का सत्यापन
सीएचओ के इन 15 इंडिकेटर पर किए गए कार्यों का मूल्यांकन केवल उनके द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट के आधार पर नहीं होता है। इसके लिए एबी-एचडब्ल्यूसी पोर्टल, एचएमआईएस, आरसीएच, सीपीएचसी-एनसीडी, ई-संजीवनी और निक्षय जैसे विभिन्न पोर्टल पर दर्ज आंकड़ों का मिलान किया जाता है।
वहीं, प्रोत्साहन राशि के भुगतान के लिए संबंधित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र या सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी की ओर से मासिक दावा फार्म का सत्यापन किया जाता है।
निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार कुछ इंडिकेटर पर 75 प्रतिशत से 99 प्रतिशत तक उपलब्धि हासिल करने पर आंशिक प्रोत्साहन राशि तथा 100 प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने पर पूरी निर्धारित राशि का भुगतान किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें- गढ़वा में नेटवर्क और इंटरनेट की खराब स्थिति पर उपायुक्त सख्त, सुधार नहीं तो कंपनियों पर होगी कार्रवाई
यह भी पढ़ें- 'हमारी राजनीति का केंद्र सत्ता का सुख नहीं, बल्कि जनता की सेवा'; पौड़ी गढ़वाल में बोले सीएम धामी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।