'हमारी राजनीति का केंद्र सत्ता का सुख नहीं, बल्कि जनता की सेवा'; पौड़ी गढ़वाल में बोले सीएम धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रीनगर गढ़वाल में प्रसिद्ध बैकुंठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ किया।

मेले में पहुंची जनता का अभिनंदन करते मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
HighLights
मुख्यमंत्री धामी ने बैकुंठ चतुर्दशी मेले का विधिवत शुभारंभ किया।
उत्तराखंड की संस्कृति और विकास योजनाओं पर मुख्यमंत्री ने जोर दिया।
मेले के लिए सरकार की ओर से वित्तीय सहयोग की घोषणा की गई।
जागरण संवाददाता, श्रीनगर गढ़वाल। प्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक बैकुंठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी का सोमवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया।
विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां देकर समारोह में लोक संस्कृति के रंग बिखेरे। दस दिवसीय मेले के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री ने जहां उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं के संरक्षण पर जोर दिया, वहीं श्रीनगर के विकास से जुड़ी योजनाओं और सरकार की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया।
एनआईटी मैदान से मेला स्थल तक भव्य रोड शो का आयोजन किया गया। इस रैली में युवाओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नारे लगाये तो वहीं जगह-जगह जेसीबी से फूलों की वर्षा हुई। मेले के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मेला स्थल पर लगे स्वयं सहायता समूहों के स्टालों का निरीक्षण किया। इसके बाद दीप प्रज्वलित कर मेले का विधिवत शुभारंभ किया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेले में हर कोई नहीं पहुंच पाता है। जिस पर कमलेश्वर महादेव की कृपा होती है, वही यहां पहुंच पाता है। उन्होंने कहा कि वह भी मेले में आने को लेकर असमंजस में थे, लेकिन बाबा की कृपा से उन्हें यहां आने का अवसर मिला। यह मेला मनोरंजन और व्यापार के साथ उत्तराखंड की लोक संस्कृति एवं विरासत को संजोने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
मेले हमारी परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों की देश-विदेश में मांग बढ़ रही है। सरकार इन उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने घोषणा की कि एक दिसंबर से आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों के मानदेय में वृद्धि की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लैंड जिहाद के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है।
सरकार नकलविहीन परीक्षाएं करा रही है और अब तक करीब 36 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। महापौर आरती भंडारी ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए बताया कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला पौराणिक व ऐतिहासिक महत्व रखता है। कहा कि निगम अपने संसाधनों से ही मेले का आयोजन कराती है।
उन्होंने सीएम से मेले के लिए पचास लाख की आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की। कैबिनेट मंत्री डा. धन सिंह रावत ने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला उत्तराखंड के पांच बड़े मेलों में शामिल है। अगले वर्ष तक श्रीनगर में रेल पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि श्रीनगर की ज्वलंत समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। शहर में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए 70 करोड़ रुपये की लागत से 24 घंटे जलापूर्ति की योजना पर काम किया जा रहा है।
वहीं पूरे श्रीनगर में करीब 200 करोड़ रुपये की लागत से सीवर लाइन बिछाने की योजना की डीपीआर तैयार हो चुकी है। उन्होंने भी मुख्यमंत्री से मेले में सरकार की ओर से आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग रखी। इस अवसर पर देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी, पौड़ी विधायक राजकुमार पोरी, जिला पंचायत अध्यक्ष रूद्रप्रयाग पूनम कठैत, छात्रसंघ अध्यक्ष हिमांशु भंडारी समेत अन्य मौजूद रहे।
तुष्टिकरण की राजनीति से आगे नहीं बढ़ पाई कांग्रेस
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस झूठ और तुष्टिकरण की राजनीति से आगे नहीं बढ़ पाई है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार की राजनीति का केंद्र सत्ता का सुख नहीं, बल्कि जनता की सेवा करना है। कार्यकाल में शुरू की गई योजनाओं को पूरा करने का भी प्रयास किया गया है।
मेले को सरकार देगी वित्तीय सहयोग
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बैकुंठ चतुर्दशी मेले के आयोजन के लिए सरकार की ओर से सहयोग देने की घोषणा की। उन्होंने श्रीनगर में सीवर लाइन बिछाने की योजना को लेकर कहा कि इस पर अंतिम चरण में कार्य चल रहा है। साथ ही श्रीनगर को सोलर सिटी के रूप में विकसित करने के लिए प्रस्ताव पर कार्य किया जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।