गढ़वा में नेटवर्क और इंटरनेट की खराब स्थिति पर उपायुक्त सख्त, सुधार नहीं तो कंपनियों पर होगी कार्रवाई
गढ़वा के सुदूरवर्ती इलाकों में खराब इंटरनेट और मोबाइल कनेक्टिविटी पर उपायुक्त ने जिला टेलीकॉम समिति की बैठक की। उन्होंने कंपनियों को त्वरित समाधान का निर्देश दिया।

टेलीकाम कंपनियों के प्रतिनिधियों से बात करते उपायुक्त पशुपतिनाथ मिश्र व अन्य।
HighLights
उपायुक्त ने खराब इंटरनेट-मोबाइल कनेक्टिविटी पर बैठक की।
कई प्रखंडों में नेटवर्क की गंभीर समस्या सामने आई।
उपायुक्त ने कंपनियों को त्वरित समाधान की चेतावनी दी।
संस, गढ़वा। जिले के सुदूरवर्ती प्रखंडों तथा ग्रामीण इलाकों में बेहतर इंटरनेट और मोबाइल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने को लेकर उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा की अध्यक्षता में जिला टेलीकाम समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विभिन्न मोबाइल टावर निर्माण व नेटवर्क सेवा प्रदाता कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान जिले के कई प्रखंडों में मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट कनेक्टिविटी की खराब स्थिति पर गंभीर चर्चा हुई।
इन प्रखंडों व थानों में सामने आई कनेक्टिविटी की दिक्कत
बैठक में बरगड़, बरडीहा, केतार, धुरकी, रंका, रमकंडा, चिनियां और खरौंधी प्रखंडों में इंटरनेट कनेक्टिविटी की समस्या प्रमुख रूप से सामने आई।
इसके अतिरिक्त सदर प्रखंड के अन्नराज नावाडीह सहित कई पंचायतों में भी बेहतर नेटवर्क उपलब्ध नहीं होने की बात कही गई।
विभिन्न प्रखंड मुख्यालयों और थानों में भी इंटरनेट कनेक्टिविटी कमजोर होने अथवा पूरी तरह नहीं मिलने की जानकारी दी गई।
कंपनियों से मांगा ब्योरा, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
टेलीकाम कंपनियों के प्रतिनिधियों ने बैठक में बताया कि पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुरूप कई क्षेत्रों में मोबाइल टावर स्थापित किए जा चुके हैं और नेटवर्क ऑप्टिमाइजेशन का काम भी जारी है।
इस पर उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने कंपनियों को निर्देश दिया कि वे सभी कार्यों का स्पष्ट प्रतिवेदन उपलब्ध कराएं और नेटवर्क की समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।
उन्होंने सख्त चेतावनी दी कि अगली बैठक तक समस्याओं का पूर्ण समाधान न होने तथा कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कंपनियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
रिचार्ज के अभाव में बाधित सेवाओं को बहाल करने का निर्देश
बैठक में यह बात भी सामने आई कि भारत नेट सहित अन्य कनेक्टिविटी सेवाओं का रिचार्ज नहीं होने के कारण कुछ स्थानों पर इंटरनेट सेवा बाधित है।
इस पर उपायुक्त ने संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों को जल्द से जल्द रिचार्ज कराने का निर्देश दिया। बैठक में पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर, अपर समाहर्ता विकास कुमार राय, सदर एसडीओ कुमार मयंक भूषण मौजूद रहे।