15 साल से तैयार है अस्पताल, लेकिन इलाज के लिए तरस रहे ग्रामीण; गढ़वा के उप स्वास्थ्य केंद्र में आज तक नहीं बैठे डॉक्टर
गढ़वा के डंडई प्रखंड के बैलाझखड़ा गांव में 15 साल पहले बना उप स्वास्थ्य केंद्र स्टाफ की कमी के कारण आज तक शुरू नहीं हो पाया है। इससे ग्रामीणों को छोटी बीमारियों और प्रसव के लिए भी दूर के अस्पतालों पर निर्भर रहना पड़ता है, जबकि भवन असामाजिक तत्वों का अड्डा बन गया है।

AI द्वारा बनाई गई तस्वीर।
HighLights
गढ़वा में 15 साल से उप स्वास्थ्य केंद्र निष्क्रिय।
स्वास्थ्य कर्मियों की कमी से सेवाएँ शुरू नहीं हुईं।
सुधीर कुमार, डंडई (गढ़वा)। गढ़वा जिला अंतगर्त डंडई प्रखंड के बैलाझखड़ा गांव में ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर करीब 15 वर्ष पूर्व बना उप स्वास्थ्य केंद्र में आज तक स्वास्थ्य सेवा शुरू नहीं सका। स्वास्थ्य कर्मियों के अभाव में बंद पड़ा स्वास्थ्य उप केंद्र हाथी का दांत साबित हो रहा है।
भवन निर्माण के करीब 15 वर्ष बाद भी स्वास्थ्य कर्मी की पद स्थापना नहीं हो सकी। जिससे लाखों रुपये की लागत से निर्मित भवन बेकार पड़ा हुआ है। इस समय केंद्र में झाड़ियों और गंदगी का अंबार लगा हुआ है। भवन के खिड़की-दरवाजे खुले पड़े हैं तथा देखरेख के अभाव में असामाजिक तत्वों और शराबियों का अड्डा बना हुआ है।
ग्रामीणों ने बताया कि भवन बनने के बाद आज तक यहां डाक्टर तो दूर एक भी स्वास्थ्य कर्मी की पदस्थापना नहीं हो सकी है। ग्रामीण नसीर अंसारी, मंसूर अंसारी, मुश्ताक अंसारी,सविता देवी, मुन्नी प्रजापति सहित अन्य लोगों ने बताया कि जब गांव में उप स्वास्थ्य केंद्र का भवन बना था, तब ग्रामीणों में काफी खुशी हुई और लोगों को उम्मीद थी कि अब छोटी-मोटी बीमारियों के इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों में नहीं जाना पड़ेगा।
साथ ही गांव में ही प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। लेकिन स्वास्थ्य कर्मियों की पदस्थापना नहीं होने से उम्मीद पर पानी फिर गया। आज सर्दी, बुखार, वायरल फीवर सहित बीमारियों के उपचार के लिए करीब चार किलोमीटर दूर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डंडई जाना पड़ता है।
वहीं प्रसव के पीड़ा होने पर गर्भवती महिलाओं को काफी दिक्कत होती है। हालांकि बच्चों का टीकाकरण गांव के आंगनबाड़ी केंद्र हो जाता है।लेकिन अन्य जरूरी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए ग्रामीणों को दूसरे अस्पतालों पर निर्भर रहना पड़ता हैं।
उप स्वास्थ्य केंद्र भवन बने करीब 15 वर्ष से अधिक हो गया हैं, लेकिन आज तक यहां एक भी स्वास्थ्य कर्मी की पदस्थापना नहीं हुआ। जिस कारण ग्रामीणों को काफी परेशानी होती हैं।
- गुलाम यासीन, ग्रामीण।
स्वास्थ्य विभाग के उदासीन रवैया के कारण केंद्र वर्षों से बंद पड़ा है। यदि यहां स्वास्थ्य कर्मियों की नियुक्ति होती तो ग्रामीणों को गांव में ही इलाज की सुविधा मिलती।
- अमजद अंसारी, ग्रामीण।
केंद्र बंद रहने से प्रसव पीड़ित महिलाओं को काफी परेशानी होती है। खासकर रात में प्रसव पीड़ा होने पर उन्हें तत्काल दूसरे अस्पताल तक पहुंचने में काफी दिक्कत होती है।
- मकसूद अंसारी, ग्रामीण।
उप स्वास्थ्य केंद्र बंद रहने से बच्चों को टीकाकरण,सर्दी,बुखार सहित अन्य सामान्य बीमारियों के उपचार के लिए ग्रामीणों को भटकना पड़ता है।
- सेराज अंसारी,ग्रामीण।
विभाग में स्वास्थ्य कर्मियों की कमी है। लेकिन उक्त केंद्र को अविलंब चालू कराया जाएगा।
- डॉ. जान एफ कनेडी, सिविल सर्जन, गढ़वा।
यह भी पढ़ें- गढ़वा में 108 एंबुलेंस के 28 कर्मियों पर प्राथमिकी दर्ज, 14 पायलट और 14 EMT नामजद
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।