स्पेनिश महिला से दुष्कर्म... राष्ट्रीय महिला आयोग ने लिया संज्ञान, सभी आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस को दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम
झारखंड के दुमका में स्पेन निवासी महिला से सामूहिक दुष्कर्म मामले पर राष्ट्रीय महिला आयोग ने संज्ञान लेते हुए रविवार देर शाम आयोग की सदस्य ममता कुमारी ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद पीडित महिला और उसके पति से मुलाकात की। आयोग ने सरकार की संवेदनहीनता और प्रशासन की लचर व्यवस्था पर सवाल उठाए और घटना को दुखद बताया है।

जागरण संवाददाता, दुमका। झारखंड के दुमका में स्पेन निवासी महिला से सामूहिक दुष्कर्म मामले पर राष्ट्रीय महिला आयोग ने संज्ञान लिया है। रविवार देर शाम आयोग की सदस्य ममता कुमारी ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद पीडित महिला और उसके पति से मुलाकात की।
आयोग ने सरकार की संवेदनहीनता और प्रशासन की लचर व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए घटना को दुखद बताया। साथ ही पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए घटना में शामिल सभी आरोपितों को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया।
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने एक्स पर किया पोस्ट
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा की ओर से डीजीपी को इस आशय का पत्र भेजे जाने से संबंधित जानकारी आयोग ने एक्स पर भी पोस्ट की है। इस बीच, दुमका के एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने बताया कि पुलिस पीडिता की मेडिकल जांच समेत आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है, शेष की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को स्पेनिश दंपती के दुमका आने की कोई जानकारी नहीं थी।
स्पेनिश दूतावास ने भारत के अधिकारियों का किया धन्यावाद
उधर, इस मामले में तीन आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद भारत में स्पेनिश दूतावास ने भारत के अधिकारियों को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद दिया है। एक्स पर स्पेनिश दूतावास ने पोस्ट किया कि आपके समर्थन के लिए आप सभी को धन्यवाद। हमें दुनिया में हर जगह महिलाओं के खिलाफ ¨हसा को समाप्त करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता में एकजुट होने की जरूरत है।
झालसा ने भी लिया संज्ञान
झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा) ने भी मामले पर संज्ञान लेते हुए पीडित महिला और उसके पति को कानूनी सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। दोनों की सुरक्षा की झालसा के कार्यपालक अध्यक्ष और हाई कोर्ट के जस्टिस एसएन प्रसाद निगरानी कर रहे हैं। कानूनी प्रविधानों के तहत पीडि़त को अधिकतम 10 लाख रुपये तक का मुआवजा, बेहतर इलाज और सभी कानूनी सुविधाएं प्रदान की जाएगी।
ढाई घंटे तक दुष्कर्म करते रहे दरिंदे
सामूहिक दुष्कर्म की शिकार स्पेन निवासी महिला ने पुलिस को प्राथमिकी के लिए दिए गए तीन पन्नों के आवेदन में अपनी पीड़ा प्रकट की है। पीडि़ता ने अपने आवेदन में बताया है कि सभी सातो आरोपितों ने पति का हाथ बांधकर बारी-बारी से उसके साथ करीब तीन घंटे तक दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपितों ने उसके पति के साथ मारपीट कर टेंट में उनका हाथ बांध दिया था।
आरोपितों की उम्र 25 से 30 वर्ष के बीच थी। दर्ज प्राथमिकी में पीडिता ने बताया है कि आरोपितों ने दुष्कर्म की घटना के बाद उनके पति की स्मार्टवॉच, डायमंड की अंगूठी, पर्स, ब्लूटूथ, स्पेन बैंक का क्रेडिट कार्ड, बांग्लादेशी सिक्के, 11 हजार भारतीय रुपये और 300 यूएस डालर लूट लिए। पीडि़ता के बयान पर महिला थाना पुलिस ने सात अज्ञात के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।