पुलिस की वर्दी में आए थे डकैत, महिला को बेहोश कर लूटे 3 लाख के जेवरात और कैश
दुमका के मसलिया में वर्दीधारी नकाबपोश डकैतों ने सीमा गोराई के घर में घुसकर बेहोशी की दवा डाली और 5 लाख रुपये के जेवरात व नकदी लूट लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला ने बताया कि डकैतों ने पुलिस बनकर दरवाजा खुलवाया और फिर लूटपाट की। मसलिया क्षेत्र में पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं।

संवाद सूत्र, मसलिया। दुमका जिले के मसलिया थाना क्षेत्र के पाटनपुर गांव में शुक्रवार की रात लगभग 11 बजे स्कॉर्पियो में सवार करीब दस वर्दीधारी नकाबपोश डकैतों ने सीमा गोराई को बेहोशी की दवा डालकर लगभग तीन लाख रुपये के जेवरात और बेटी की शादी के लिए रखे दो लाख रुपये लूट लिए।
घटना की जानकारी मिलने पर मसलिया, जामा और पालोजोरी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। सभी पुलिसकर्मियों के हाथों में डंडा था। शनिवार की सुबह डीएसपी ने भी घटनास्थल का जायजा लिया और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने सीमा के बयान पर अज्ञात डकैतों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पति लखन गोराई की मृत्यु के बाद सीमा ने अपने बच्चों का भरण-पोषण करने के लिए घर में किराना की दुकान खोली रखी है। रात करीब 11 बजे एक स्कॉर्पियो पर सवार डकैत उसके दरवाजे पर आए और दरवाजा खटखटाया।
जब महिला ने अंदर से पूछा कि कौन है, तो डकैतों ने कहा कि वे पुलिस हैं और घर की जांच करने आए हैं। महिला ने दरवाजा खोलने से मना किया तो डकैतों ने धमकी दी कि वे अंदर आकर जान से मार देंगे।
डर के मारे महिला ने दरवाजा खोल दिया। इसके बाद चार डकैत अंदर आए और महिला पर बेहोशी का स्प्रे डाल दिया, जिससे वह बेहोश हो गई।
डकैतों ने उसके दोनों बच्चों को कमरे में बंद कर पूरे घर की तलाशी ली। उन्होंने अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे सारे जेवरात और बेटी की शादी के लिए एकत्रित दो लाख रुपये लूट लिए।
होश में आने के बाद महिला ने पुलिस को सूचना दी। डकैतों के भाग जाने के एक घंटे बाद महिला को होश आया तो उसने सबसे पहले बच्चों को कमरे से बाहर निकाला। इसके बाद मसलिया थाना की पुलिस को सूचना दी। रात में ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की।
इससे पहले भी मसलिया क्षेत्र में इसी तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। पिछले साल 26 सितंबर को बेदिया गांव में भी इसी प्रकार के डकैतों ने लूटपाट की थी।
एक वाहन में करीब आठ डकैतों ने पूरी घटना को अंजाम दिया। चार डकैतों ने सारी लूटपाट की और बाकी बाहर ही रहे। पुलिस की वर्दी में आए डकैतों ने जांच के नाम पर घर खुलवाया। अज्ञात पर मामला दर्ज कर अपराधियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।- इकुड डुंगडुंग, पुलिस उपाधीक्षक, दुमका
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।