Dumka News: शादी में आई नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, दो पहरेदार सहित पांच आरोपी गिरफ्तार
दुमका के धमना गांव में शादी समारोह में आई शिकारीपाड़ा की 16 वर्षीय किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पांच आरोपियों ने इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच कर रही है। पीड़िता ने 18 मई को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
जागरण संवाददाता, दुमका। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के धमना गांव में एक शादी समारोह में आई शिकारीपाड़ा के 16 साल की किशोरी को घर से उठाकर खेत में ले जाकर तीन लड़कों ने सामूहिक दुष्कर्म किया, जबकि दो लड़के पहरेदारी करते रहे।
घटना 15 मई की रात की है और पीड़िता ने 18 मई की देर शाम थाना में जाकर मामला दर्ज कराया। पुलिस ने वारदात में शामिल पांच लड़कों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज कर पांचों को गिरफ्तार किया है।
शिकारीपाड़ा की रहने वाली पीड़िता अपनी बहन और बहनोई के साथ 15 मई को एक रिश्ते की शादी में शामिल होने के लिए आई थी। देर शाम तक घर में शादी की रस्म चलती रही। रात को जगह कम पड़ जाने के कारण किशोरी बहन के दो बच्चों के साथ सोने के लिए पड़ोस के घर चली गई।
रात करीब 12 बजे धमना गांव का रंजीत टुडू कमरे में आया और सोती हुई किशोरी को उठाकर खेत की ओर ले गया। पहले उसने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। किशोरी ने शोर मचाया, लेकिन कोई बचाने नहीं आया। इसके बाद चार और लड़के आ गए। उनमें से दो ने उसके साथ गलत काम किया।
जाते समय आरोपित ने धमकी दी कि अगर किसी को कुछ बताया तो अंजाम बुरा होगा। रात को वह किसी तरह खेत से घर आई और स्वजन को घटना की जानकारी दी। 18 की देर शाम किशोरी ने थाना जाकर शिकायत दर्ज कराई।
रंजीत ने फोन कर साथियों को बुलाया
किशोरी ने पुलिस को बताया कि पहले रंजीत ने उसके साथ खेत में दुष्कर्म किया। इसके बाद किसी को फोन कर आने को कहा। थोड़ी देर के बाद चार और लड़के बिट्टू हेंब्रम, सुरमी उर्फ बोनी टुडू, जानी मुर्मू व अनिल हेम्ब्रम आ गए।
इनमें दो लड़के पहरेदारी करते रहे और दो ने उसके साथ दुष्कर्म किया। बताया कि वह राेती-चीखती रही, लेकिन दुष्कर्मी हवस का शिकार बनाते रहे।
शिकारीपाड़ा की आदिवासी किशोरी के साथ तीन युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया है। पांचों पर पॉक्सो एक्ट तहत मामला दर्ज किया गया है। सभी को गिरफ्तार कर लिया गया है। - सत्यम कुमार, थाना प्रभारी मुफस्सिल
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।