विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

80 पार की उम्र और 58 साल की अटूट आस्था: छठ की खातिर अमेरिका से दुमका लौटीं महापति देवी, जुटा पूरा परिवार

Published: Thu, 12 Nov 2026 04:38 PM (IST)

80 वर्षीय महापति देवी अमेरिका से लौटकर झारखंड के दुमका में अपने परिवार के साथ छठ पूजा मना रही हैं। ...और पढ़ें

80 पार की उम्र और 58 साल की अटूट आस्था: छठ की खातिर अमेरिका से दुमका लौटीं महापति देवी, जुटा पूरा परिवार

80 पार की उम्र और 58 साल की अटूट आस्था: छठ की खातिर अमेरिका से दुमका लौटीं महापति देवी, जुटा पूरा परिवार

HighLights

  1. महापति देवी अमेरिका से दुमका छठ मनाने लौटीं।

  2. आठ माह का अमेरिकी नागरिक दर्श भी छठ में शामिल।

  3. परिवार के सदस्यों का दुमका में हुआ भव्य जुटान।

राजीव, दुमका। उम्र तकरीबन 80 साल के पार, नाम महापति देवी। मूल रूप से बनारस में रहती हैं। फरवरी से अपनी नतिनी सागर के पास अमेरिका में वॉशिंगटन के सिएटल शहर में रह रही थीं, लेकिन आठ माह बाद छठ करने के लिए भारत लौट आई हैं।

इस वर्ष वह अपनी बेटी विभा सिंह और दामाद डॉ. अजय कुमार सिंह के झारखंड के दुमका स्थित रसिकपुर आवास पर छठ करेंगी। यहीं पर सभी बेटी-दामाद, पुत्र-पुत्रवधू और परिवार के तमाम सदस्यों का जुटान हो रहा है। नतिनी सागर भी अपने आठ माह के बेटे (अमेरिकी नागरिक) दर्श के साथ दुमका आई हैं।

इनके अलावा पटना से आभा देवी व उनके पति शंभू प्रसाद, आरा से अल्पना देवी, रांची से कल्पना देवी व उनके पति दिनेश कुमार तथा बनारस से पुत्र विधान चंद्र राय और उनकी पत्नी नीलम देवी अपने बच्चों के साथ दुमका पहुंच चुके हैं।

छठ की बात करते ही महापति देवी उत्साहित व तरंगित हो उठती हैं। वह कहती हैं कि पर्व का नाम सुनते ही मन में लालसा बढ़ जाती है।

अपनी बोली मगही में कहती हैं, "जब तक छठी मईया के इच्छा होतई, तब तक छठ करते रहबई...। उमर के असर परब करे के नाम पर खतम हो जा हई। अइसन लगहई कि सूप-डाला सरिया के घाट जाएला हई... लेकिन अबकी घर के छते पर सब इंतजाम होइत हई।"

महापति देवी बताती हैं कि उनका मायका एकंगरसराय में है। मायके में बचपन से ही अपनी मां चंपा देवी को छठ करते देखती आई हैं। ब्याह कर जब ससुराल हांसेपुर आईं, तो वहां भी छठ करने की परंपरा थी। ससुर हरि महतो छठ करते थे, जिन्होंने छह साल बाद सूप उन्हें सौंप दिया।

वह बताती हैं कि वर्ष 1967 से वह लगातार छठ कर रही हैं और अब भी व्रत करने की इच्छा पहले जैसी ही बरकरार है। छठी मईया की बड़ी कृपा है, जिन्होंने आज तक उनकी सभी मनोकामनाएं पूरी की हैं।

वह कहती हैं कि समय के साथ बहुत कुछ बदल रहा है, लेकिन छठ के प्रति लोगों की आस्था और गहराती जा रही है। अब अमेरिका और इंग्लैंड में भी छठ होने लगा है। बस जरूरत इस बात की है कि इसकी पवित्रता और अक्षुण्णता बरकरार रखी जाए। नई पीढ़ी छठ की महत्ता को समझे और इस परंपरा को आगे बढ़ाए, यही उनकी कामना है।

परिवार के सदस्यों ने साझा किए अनुभव:

पुत्र विधान चंद्र राय: वे कहते हैं कि समय के साथ तैयारियों में काफी बदलाव आया है। पहले हम सभी हांसेपुर गांव में छठ करते थे, जहां सूर्य मंदिर पंचमुंहवा पुल पर छठ घाट है। तब छठ की तैयारी एक महीने पहले से ही शुरू हो जाती थी—मिट्टी का चूल्हा बनाने से लेकर अलग से गोइठा (उपले) की व्यवस्था करने तक। प्रसाद के लिए जांता (चक्की) में गेहूं, चावल और दाल पीसा जाता था, जबकि अब सब कुछ ऑनलाइन उपलब्ध है।

पुत्रवधू नीलम देवी: वह कहती हैं कि हम साल भर छठ का इंतजार करते हैं। यही एक ऐसा अवसर होता है जब पूरे परिवार का जुटान होता है और सामूहिक रूप से छठ करने का आनंद मिलता है।

आभा देवी (पटना): वह कहती हैं कि छठ आते ही माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो जाता है। यह पर्व नेम-धर्म व आस्था का प्रतीक है। पटना के गंगा घाट का छठ अलौकिक व अनूठा होता है। श्रद्धा से जुड़े इस महापर्व की परंपरा को अनवरत बनाए रखने के लिए नई पीढ़ी को तैयार करना एक बड़ी चुनौती है।

दामाद डॉ. अजय कुमार सिंह: वे याद करते हुए कहते हैं कि उनके पिताजी चिकित्सक थे, लेकिन व्यस्तता के बावजूद छठ में वह हर हाल में गांव पहुंच जाते थे।

बेटी विभा सिंह: वह कहती हैं कि यह हमारा सौभाग्य है कि मां और परिवार के तमाम लोग दुमका आकर छठ कर रहे हैं। बेटी सागर भी तीन साल बाद छठ में दुमका आई हैं। पूरा घर छठी मईया की कृपा से दमक रहा है।

नतिनी सागर: तीन साल बाद छठ मनाने दुमका आईं सागर कहती हैं कि अमेरिका में भी बिहार, यूपी और झारखंड के लोग छठ करते हैं, लेकिन अपनी माटी की खुशबू के बीच छठ मनाने का आनंद चौगुना हो जाता है। वहां और यहां के छठ की विधि एक जैसी ही है, लेकिन पूरे परिवार के साथ छठ के गीत गाना और गुनगुनाना भाव-विभोर कर देता है। इस वर्ष अपने घर दुमका में नानी के साथ छठ करने की खुशी शब्दों में बयां नहीं की जा सकती।

यह भी पढ़ें- नहीं बदली छठ के प्रति आस्था, पुणे से हर साल परिवार से जुड़ने गांव लौटते कमल

यह भी पढ़ें- 45 साल से मुस्लिम परिवार कर रहा छठी मैया की पूजा, ऐसी कृपा कि सास के बाद बहू भी रख रही व्रत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।