विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

45 साल से मुस्लिम परिवार कर रहा छठी मैया की पूजा, ऐसी कृपा कि सास के बाद बहू भी रख रही व्रत

Published: Thu, 12 Nov 2026 03:13 PM (IST)Updated: Thu, 12 Nov 2026 03:40 PM (IST)

गोपालगंज के बैरौना गांव में एक मुस्लिम सास-बहू 45 वर्षों से छठ पूजा कर रही हैं, पुत्र प्राप्ति की मन्नत ...और पढ़ें

45 वर्षीय अबरुन‌ नेसा और 70 वर्षीय सैदा खातून। सौ: स्वयं

45 वर्षीय अबरुन‌ नेसा और 70 वर्षीय सैदा खातून। सौ: स्वयं

बिनोद मिश्रा, भोरे (गोपालगंज)। लोक आस्था के महापर्व छठ (Chhath Puja 2026) पर चारों ओर श्रद्धा और भक्ति का माहौल है। इसी बीच डोमनपुर पंचायत के बैरौना गांव में एक मुस्लिम परिवार की छठ आस्था गंगा-जमुनी तहजीब की अनोखी मिसाल पेश कर रही है।

यहां सास-बहू पिछले कई वर्षों से पूरी श्रद्धा और विधि-विधान के साथ छठ महापर्व करती आ रही हैं। परिवार की महिलाओं की आस्था को देखकर गांव की हिंदू महिलाएं भी उनके साथ पूजा-अर्चना में शामिल होती हैं।

गांव की 70 वर्षीय सैदा खातून, पति जैनुल मियां की सात बेटियां थीं, लेकिन बेटा नहीं था। उन्होंने गांव की हिंदू महिलाओं को पुत्र प्राप्ति और सुख-समृद्धि की कामना से छठ व्रत करते देखा। इसके बाद उन्होंने भी छठी मईया से मन्नत मानकर व्रत शुरू कर दिया।

उनकी मन्नत पूरी हुई और सात बेटियों के बाद उन्हें पुत्र की प्राप्ति हुई। इसके बाद उनकी छठी मईया के प्रति आस्था और मजबूत हो गई। सैदा खातून पिछले करीब 45 वर्षों से लगातार छठ व्रत करती आ रही हैं।

अब सास की इस आस्था और परंपरा को उनकी 40 वर्षीय पतोहू अबरून नेशा, पति जाकिर हुसैन आगे बढ़ा रही हैं। अबरून की भी चार बेटियां थीं।

सास के कहने पर उन्होंने छठ व्रत शुरू किया। इसके बाद उन्हें भी पुत्र की प्राप्ति हुई। मन्नत पूरी होने के बाद उनकी आस्था और गहरी हो गई। अब सास-बहू दोनों मिलकर छठ पूजा करती हैं और पर्व के दौरान शुद्धता व पूजा के सभी नियमों का पूरा ध्यान रखती हैं।

सैदा खातून और अबरून नेशा की छठ के प्रति श्रद्धा को लेकर गांव के लोग भी काफी प्रभावित हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उनकी आस्था यह संदेश देती है कि भक्ति, विश्वास और आस्था किसी धर्म या जाति की सीमाओं में बंधे नहीं होते।

पर्व के दौरान आसपास की महिलाएं भी उनके साथ पूजा-अर्चना में शामिल होती हैं। बैरौना गांव में सास-बहू की यह आस्था केवल एक परिवार की धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे की भी मिसाल बन गई है।

छठ के घाट पर एक साथ जुटती महिलाओं के बीच यह परिवार प्रेम, विश्वास और गंगा-जमुनी तहजीब का संदेश देता नजर आता है।

यह भी पढ़ें- 1 लाख का फ्लाइट टिकट और ट्रेनों में नो रूम... तो अपनी कार से ही 2000 KM दूर बिहार चल पड़े प्रवासी, NHAI मालामाल!

यह भी पढ़ें- गोपालगंज के सासामुसा छठ घाट पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, NH27 का एक लेन रहेगा बंद 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।