1 लाख का फ्लाइट टिकट और ट्रेनों में नो रूम... तो अपनी कार से ही 2000 KM दूर बिहार चल पड़े प्रवासी, NHAI मालामाल!
छठ पूजा पर ट्रेनों में भीड़ और हवाई किराए की बढ़ोतरी के कारण लोग निजी वाहनों से घर लौट रहे ...और पढ़ें

अपनी कार से ही 2000 KM दूर बिहार चल पड़े प्रवासी, NHAI मालामाल! (AI Generated Image)
नीरज कुमार, कोईलवर (आरा)। लोक आस्था के महापर्व छठ (Chhath Puja 2026) पर अपने घर-गांव पहुंचने की चाह ने प्रवासियों को लंबी सड़क यात्रा का विकल्प चुनने पर मजबूर कर दिया है। ट्रेनों में लंबी प्रतीक्षा सूची और पांव रखने तक की जगह नहीं, वहीं हवाई जहाज का किराया आसमान छू रहा है।
ऐसे में दूसरे प्रदेशों में नौकरी और रोजगार करने वाले लोगों के लिए निजी चार पहिया वाहन घर पहुंचने का सहारा बन गए हैं। इसका नजारा एनएच-922 स्थित कुल्हड़िया टोल प्लाजा पर साफ दिखाई दे रहा है।
यहां से रोजाना हजारों छोटी गाड़ियां गुजर रही हैं और टैक्स से भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की झोली भर रही है।
कार से आने वालों में बड़ी संख्या उन परिवारों की है, जो दिल्ली, हरियाणा, बेंगलोर, मुम्बई समेत दूसरे राज्यों से छठ मनाने बिहार लौट रहे हैं।
हरियाणा में नौकरी करने वाले रंजन कुमार को जब दो महीने पहले ट्रेन में टिकट नहीं मिली तो वे बुधवार की शाम को पत्नी और बच्चों के साथ कार से ही पटना के लिए निकल पड़े और गुरुवार की सुबह टोल प्लाजा कोईलवर पहुंच गए। इसी तरह दिल्ली से चंदन मिश्रा भी अपनी कार से कोईलवर पहुंचे।
टोल प्लाजा कुल्हड़िया से पटना, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर के दर्जनों लोग मिले, जो छठ महापर्व पर अपने शहर और गांव जा रहे थे।
हालांकि, ये तो महज दो उदाहरण हैं। ऐसे सैकड़ों परिवार हैं, जिन्होंने रेल और हवाई यात्रा की मुश्किलों के बीच सड़क मार्ग को अपना विकल्प बनाया है। कई सौ किलोमीटर की दूरी और रास्ते की थकान भी छठ की आस्था के आगे छोटी पड़ रही है।
अपनों के बीच पर्व मनाने की चाह में प्रवासी परिवार निजी वाहनों से गांव लौट रहे हैं। सड़कों पर बढ़ती छोटी गाड़ियों की आवाजाही इस बात की गवाही दे रही है कि छठ के अवसर पर घर वापसी का सबसे बड़ा सहारा इस बार निजी वाहन बन रहे हैं।
बेंगलुरु से आ रहे पटना निवासी रूपेश सिंह ने बताया कि चार लोगों का फ्लाइट का किराया लगभग अस्सी हजार से एक लाख रुपये आ रहा था। ऐसे में छोटे वाहन से कम खर्च में परिवार संग मौज मस्ती करते हुए पहुंच रहे हैं।
टोल प्लाजा के आईटी सहायक प्रेम ने बताया कि पहले से छोटी गाड़ियों की संख्या दोगुनी हुई है और औसत आठ हजार कारें गुजर रहीं हैं।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार को यह आंकड़ा 10 हजार गाड़ियों तक हो सकता है। प्रेम ने बताया कि टोल प्लाजा पर कतार नहीं लगे और किसी को दिक्कत नहीं हो, इसके लिए कर्मी यात्रियों का सहयोग कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- बिना इसके अधूरा है छठ पूजा का महाप्रसाद! जानिए बिहार-पूर्वांचल के घरों में बनने वाले ठेकुआ की आसान रेसिपी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।