बिना इसके अधूरा है छठ पूजा का महाप्रसाद! जानिए बिहार-पूर्वांचल के घरों में बनने वाले ठेकुआ की आसान रेसिपी
छठ पूजा में ठेकुआ का विशेष महत्व है, जो बिहार, पूर्वांचल और झारखंड में महाप्रसाद के रूप में बनाया जाता है।

बिस्किट जैसा खस्ता ठेकुआ घर पर बनाना है बेहद आसान (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। बिहार, पूर्वांचल और झारखंड के लोगों के लिए छठ पूजा सिर्फ एक त्योहार नहीं, बल्कि एक गहरी भावना है। बता दें, 13 नवंबर से नहाय-खाय के साथ इस पावन पर्व की विधिवत शुरुआत हो जाएगी। इस पूजा में साफ-सफाई और नियमों का जितना ध्यान रखा जाता है, उतना ही खास होता है इसका महाप्रसाद।
और जब बात छठ के प्रसाद की हो, तो सबसे पहला नाम जहन में 'ठेकुआ' का ही आता है। जी हां, खस्ता, मीठा और सौंधी महक वाला ठेकुआ छठी मईया का सबसे प्रिय भोग माना जाता है। इसके बिना छठ की पूजा पूरी ही नहीं हो सकती। आइए जानते हैं कि पारंपरिक स्वाद से भरपूर यह खास ठेकुआ आप अपने घर पर आसानी से कैसे बना सकते हैं।
ठेकुआ बनाने के लिए जरूरी सामग्री
- गेहूं का आटा - 2 कप
- गुड़ - 3/4 कप (बारीक टूटा हुआ)
- शुद्ध देसी घी (मोयन के लिए) - 3 से 4 बड़े चम्मच
- तलने के लिए - घी या रिफाइंड तेल
- सौंफ – 1 छोटा चम्मच
- इलायची पाउडर - आधा छोटा चम्मच
- सूखा नारियल (कद्दूकस किया हुआ या छोटे टुकड़ों में) - 2 बड़े चम्मच (ऐच्छिक)
- पानी - आधा कप (गुड़ पिघलाने के लिए)
ठेकुआ बनाने की आसान विधि
- सबसे पहले एक बर्तन में आधा कप पानी गरम करें और उसमें गुड़ डाल दें। जब गुड़ पूरी तरह से पानी में घुल जाए, तो गैस बंद कर दें और इसे ठंडा होने के लिए रख दें। ध्यान रहे, हमें इसकी चाशनी नहीं बनानी है, बस गुड़ को पानी में पिघलाना है।
- अब एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा लें। इसमें देसी घी डालकर हाथों से अच्छी तरह मिलाएं। इसे मोयन देना कहते हैं। जब आटा हाथों में मुट्ठी की तरह बंधने लगे, तो समझ जाइए कि मोयन एकदम सही है। यही आपके ठेकुए को खस्ता बनाएगा। अब इसमें सौंफ, इलायची पाउडर और नारियल डाल कर मिला लें।
- अब ठंडे हो चुके गुड़ के पानी को छानकर थोड़ा-थोड़ा आटे में डालें और गूंथ लें। ठेकुआ का आटा रोटी के आटे जैसा मुलायम नहीं होना चाहिए। इसे सख्त गूंथना है। अगर आटा ज्यादा भुरभुरा लगे तो हल्के पानी के छींटे मार सकते हैं।
- आटे की छोटी-छोटी लोइयां बना लें। अगर आपके पास ठेकुआ बनाने वाला लकड़ी का पारंपरिक सांचा है, तो उस पर थोड़ा सा घी लगाकर लोई को दबाएं ताकि उस पर सुंदर डिजाइन बन जाए। सांचा न होने पर आप घर की साफ टोकरी, कांटे वाली चम्मच या छलनी के पिछले हिस्से पर लोई को दबाकर भी मनचाहा डिजाइन बना सकते हैं।
- एक भारी तले वाली कड़ाही में घी या तेल गरम करें। जब घी हल्का गरम हो जाए, तो उसमें एक-एक करके ठेकुआ डालें। गैस की आंच धीमी या मध्यम ही रखें। तेज आंच पर ठेकुआ ऊपर से जल जाएगा और अंदर से कच्चा रह जाएगा। दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक इन्हें पलट-पलट कर तल लें।
- तैयार है आपका स्वादिष्ट और खस्ता ठेकुआ। जब यह गरम होता है तो थोड़ा मुलायम लगता है, लेकिन ठंडा होने के बाद यह एकदम कुरकुरा हो जाता है। इसे आप कई दिनों तक एयरटाइट डिब्बे में स्टोर करके भी रख सकते हैं। छठी मईया का नाम लें और इस महापर्व पर अपने हाथों से बने इस पवित्र प्रसाद का आनंद लें।
यह भी पढ़ें- क्या आप जानते हैं कैसे पड़ा 'ठेकुआ' का नाम? दिलचस्प है बिहार की पहचान बन चुके इस महाप्रसाद का इतिहास