Dumka News: झारखंड की खुशबू ने बिहार में किया कमाल, गूंज दिल्ली तक
गीत-संगीत के माध्यम से पाठ्यक्रम को आसानी से समझाने में बच्चों का ठहराव सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चहक कार्यक्रम चलाया गया है। झारखंड की बेटी बिहार में शिक्षिका हैं जिन्होंने शर्ट वीडियो के जरिये बच्चों को पढ़ा रहे कार्यक्रम को इंटरनेट पर डाल दिया यह काफी वायरल हुआ है।
अरविंद कुमार, हंसडीहा (दुमका) ः दुमका जिले के हंसडीहा निवासी शिक्षिका खुशबू कुमारी के द्वारा विद्यालय में चहक कार्यक्रम के तहत बच्चों के बीच बनाया गया शार्ट वीडियो इंटरनेट मीडिया में तेजी से ट्रेंड हो रहा है। शिक्षा मंत्रालय में ओएसडी संजय कुमार ने ट्वीट कर खुशबू के कार्यों की सराहना की है। उन्होंने लिखा है कि यह गतिविधि दिल को छू लेने वाला है, शिक्षिका खुशबू को बधाई। मैं ऐसे स्कूल में जाना चाहूंगा।
बताते चलें कि हंसडीहा बाजार के भागलपुर रोड निवासी मनोहर प्रसाद साह की पूत्रवधु व मनीष कुमार आनंद की पत्नी खुशबू कुमारी बिहार के बांका जिले के कटोरिया प्रखंड स्थित प्रोन्नत मध्य विद्यालय, कठौन में सहायक शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं। केंद्र सरकार की योजना एफएलएन चहक के तहत स्कूल में चल रही विशेष गतिविधियों पर आधारित वीडियो शनिवार को टीचर्स आफ बिहार फेसबुक ग्रुप में पोस्ट किया गया था। इस आकर्षक व बेहतरीन वीडियो की बिहार के शिक्षा जगत में काफी चर्चा हुई।
पढ़ाई के प्रति बच्चों को जागरूक बनाने, गीत-संगीत के माध्यम से पाठ्यक्रम को आसानी से समझाना व स्कूल में बच्चों का ठहराव सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चहक कार्यक्रम की एक वीडियो खुशबू ने बनाई थी। इस वीडियो में खुशबू बच्चों के साथ एक गीत पर झूमती-गाती नजर आती हैं। उनके साथ बच्चे भी झूम रहे हैं। पढ़ाने और बच्चों को स्कूल से जोड़े रखने का खुशबू के इस प्रयास की चहुंओर सराहना हो रही है। खुशबू के पति मनीष कुमार आनंद भी इसी स्कूल में सहायक शिक्षक हैं। अध्यापक पात्रता प्रतियोगिता परीक्षा के तहत 2013 में दोनों का चयन बिहार में सहायक शिक्षक पद के लिए हुआ था। खुशबू अपने 22 माह की बेटी माइरा माही के साथ स्कूल जाती है। खुशबू को बच्चों को पढ़ाना, और बच्चों के साथ बच्चा बनकर जीना बहुत पसंद है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।