Move to Jagran APP

'Hemant Soren और उनके मंत्रियों ने जनता का खून पिया है', पूर्व CM पर भड़के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

Jharkhand Politics झारखंड के दुमका में भाजपा उम्मीदवार सीता सोरेन के पक्ष में जनसभा को संबोधित करते हुए रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके मंत्रियों ने झारखंड की जनता का खून पिया है। इन लोगों ने झारखंड और देश के गरीबों के साथ धोखा किया है और अब जनता की बारी है।

By Rajeev Ranjan Edited By: Mohit Tripathi Fri, 10 May 2024 04:57 PM (IST)
'Hemant Soren और उनके मंत्रियों ने जनता का खून पिया है', पूर्व CM पर भड़के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह
सीता सोरेन के पक्ष में राजनाथ सिंह ने रैली को संबोधित किया। (फाइल फोटो)

जागरण संवाददाता, दुमका। झारखंड की दुमका लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी सीता सोरेन ने शुक्रवार को अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन के बाद आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हेमंत सोरेन और झारखंड सरकार पर हमलावर रहे।

राजनाथ सिंह ने कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके मंत्रियों ने झारखंड की जनता का खून पिया है। इन लोगों ने झारखंड और देश के गरीबों के साथ धोखा किया है और अब जनता की बारी है। वह वोट की चोट से बदला लेगी।

राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा की प्रत्याशी सीता सोरेन के पक्ष में मतदान करें। सीता अगर सांसद बनती हैं तो वह संसद में जनता की आवाज बनेगी।

आलमगीर आलम पर कसा तंज

कांग्रेस पर हमला बोलते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि इसके सांसद के यहां 300 करोड़ रुपये निकलता है। मंत्री के पीए के नौकर के यहां नोटों की गड्ढी बरामद होती है। कांग्रेस व झामुमो के नेताओं को इसका हिसाब राज्य की जनता को देना होगा।

उन्होंने कहा कि यह मोदी की गारंटी है कि अगर भाजपा का कोई मंत्री इस तरह का भ्रष्टाचार में संलिप्त मिला तो उसकी जगह जेल में होगी।

मोदी सरकार की उपलब्धियों का किया बखान

उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ सरकार बनाने के लिए नहीं बल्कि देश व समाज निर्माण के लिए राजनीति करती है।

मोदी सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए राजनाथ ने कहा कि आज भारत का डंका विदेशों में बज रहा है। अर्थव्यवस्था के मामले में देश ने काफी तरक्की करते हुए 11 वें स्थान से उछाल लेकर पांचवें स्थान पर पहुंच गया है। कहा कि आने वाले दिनों भारत की गिनती विश्व के धनवान देशों में होना तय है।

कांग्रेस-झामुमो ने सिर्फ छलने का काम किया: राजनाथ सिंह 

रक्षामंत्री ने कहा कि भाजपा ने अलग झारखंड राज्य का गठन किया गया है। तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने अलग झारखंड राज्य का गठन किया है, जिसमें यहां के आदिवासियों की भूमिका सबसे अहम है।

राजनाथ सिंह ने सत्तारूढ़ गठबंधन पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस-झामुमो ने यहां के आदिवासियों को छलने और ठगने का काम किया है। केंद्र सरकार किसी भेदभाव से काम नहीं कर रही है। ईडी-सीबीआई भ्रष्टाचारियों पर नकेल कस रही है। इससे केंद्र सरकार का कोई वास्ता नहीं है।

बाबूलाल मरांडी ने आइएनडीआइए पर किया अटैक

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि आइएनडीआइए विकास विरोधी है। झारखंड व झारखंडियों के विरोधी हैं। कांग्रेस ने 53 साल तक देश पर शासन किया है लेकिन गांवों तक विकास की रोशनी नहीं पहुंचा पाई। कहा कि हेमंत सोरेन अपनी करनी के कारण जेल में है। भाजपा ने अलग झारखंड बनाया है तो विकास भी भाजपा ही करेगा।

शोर मचा रहे कि जेल का ताला टूटेगा, लेकिन...: सीता सोरेन

सीता सोरेन ने कहा कि भ्रष्टाचार के दलदल में डूबे विरोधी दल के लोग अब आदिवासियों का सहानुभूति बटोरना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त और जेल में बंद मुख्यमंत्री को सहानुभूति कहां से मिलेगी।

सीता ने कहा कि यह शोर मचाया जा रहा है कि जेल का ताला टूटेगा, लेकिन जेल का ताला मामूली है क्या जो टूट जाएगा। जनसभा में भाजपा के कई नेता व बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।

यह भी पढ़ें: जमीन घोटाले के आरोपित के साथ सीतारमण की तस्वीर पर छिड़ा बवाल, JMM ने फोटो शेयर कर कुछ इस अंदाज में ले ली चुटकी

Hemant Soren : सुप्रीम कोर्ट से खाली हाथ लौटे हेमंत सोरेन, अब 13 मई को होगी अंतरिम जमानत पर सुनवाई