विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मजहब अलग, आस्था एक: तीन पीढ़ियों से छठ की परंपरा निभा रहा दुमका का मुस्लिम परिवार

Published: Sat, 14 Nov 2026 05:25 PM (IST)

दुमका में मोहम्मद खुर्शीद आलम का परिवार तीन पीढ़ियों से छठ महापर्व मना रहा है, जो आस्था और सामाजिक सद्भाव ...और पढ़ें

मो.खुर्शीद आलम और उनकी पत्नी। (फोटो सौजन्य)

मो.खुर्शीद आलम और उनकी पत्नी। (फोटो सौजन्य)

HighLights

  1. मोहम्मद खुर्शीद आलम का परिवार तीन पीढ़ियों से मना रहा छठ।

  2. इस वर्ष नतिनी सेहरा शमीम के नाम पर चढ़ा रहे हैं डाला।

  3. छठ पर्व आस्था, पारिवारिक विरासत और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक।

राजीव, दुमका। आस्था का कोई मजहब नहीं होता। यह दिल से निकलकर परंपरा और संस्कारों के रास्ते पीढ़ियों तक पहुंचती है। लोक आस्था के महापर्व छठ की ऐसी ही एक मिसाल दुमका में देखने को मिलती है। यहां पीएचईडी विभाग में चालक के पद पर कार्यरत मो.खुर्शीद आलम का परिवार तीन पीढ़ियों से छठ की परंपरा निभाता आ रहा है।

पांच वक्त के नमाजी खुर्शीद के परिवार में छठ केवल एक पूजा नहीं, बल्कि आस्था, पारिवारिक विरासत और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक बन चुका है। इस वर्ष खुर्शीद और उनकी पत्नी अमीना खातून अपनी चार वर्षीय नतिनी सेहरा शमीम के नाम पर डाला चढ़ा रहे हैं। उन्होंने खूंटाबांध निवासी और नगर परिषद दुमका के पूर्व उपाध्यक्ष विनोद कुमार लाल के घर में डाला दिया है।

मो.खुर्शीद आलम मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मझौलिया खेतल डुमरी गांव के रहने वाले हैं। वह बताते हैं कि उनके परिवार में छठ करने की शुरुआत उनके पिता स्वर्गीय मो. रज्जाक ने की थी। उनकी मां नाजमा खातून और परिवार के अन्य सदस्य भी पूरी आस्था व निष्ठा से इस परंपरा का निर्वहन कर रहे हैं।

पिता के शुरू किए इस धार्मिक अनुष्ठान को परिवार ने कभी टूटने नहीं दिया। समय बदला, पीढ़ियां बदलीं और परिवार की जिम्मेदारियां बढ़ीं, लेकिन छठ के प्रति आस्था पहले जैसा ही कायम है।

मुजफ्फरपुर के बूढ़ी गंडक के घाट से जुड़ी हैं बचपन की यादें

मो.खुर्शीद के लिए छठ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि बचपन की अनगिनत यादों का संसार भी है। वह भावुक होकर बताते हैं कि जब उनके गांव में बूढ़ी गंडक नदी के किनारे छठ पूजा होती थी, तब उनकी उम्र काफी कम थी।

मां नजमा खातून छठ के अवसर पर मिट्टी के हाथी चढ़ाती थीं। जैसे ही हाथी को नदी में अर्पित किया जाता, वह पानी में छलांग लगाकर उसे निकाल लेते थे। नदी का घाट, व्रतियों की भीड़, छठ के गीत और डूबते सूर्य को अर्घ्य देने का दृश्य उनकी स्मृतियों में रचा-बसा है। कहते हैं उनके गांव के हिंदू ईद पर रोजा रखते हैं। तजिया दाहा में पगड़ी बांध कर झूमर गाते हैं।

गांव में आज भी चौपाल लगता है। वह कहते हैं कि छठ घाट पर पहुंचते ही उनका रोम-रोम पुलकित हो उठता है। इस पर्व की पवित्रता और पारिवारिक जुड़ाव उन्हें अपनी जड़ों से जोड़ता है। यही वजह है कि दुमका में रहने के बावजूद उन्होंने अपने परिवार की पुरानी परंपरा को जीवित रखा है।

उम्र बढ़ी, पर आस्था की डोर नहीं हुई कमजोर

मो.खुर्शीद बताते हैं कि उम्र बढ़ने और अस्वस्थ रहने के कारण अब वह छठ का कठिन उपवास नहीं रखते हैं, लेकिन अर्घ्य देने की परंपरा का निर्वहन जरूर करते हैं। उनकी पत्नी अमीना खातून भी परिवार की इस आस्था को आगे बढ़ा रही हैं।

छठ के दौरान पूरा परिवार नेम-निष्ठा और पवित्रता का विशेष ध्यान रखता है। घर में पर्व की तैयारी से लेकर घाट तक की धार्मिक गतिविधियों में सभी की भागीदारी रहती है। इस वर्ष नतिनी के नाम पर डाला चढ़ाना भी इसी पारिवारिक परंपरा की अगली कड़ी है।

मो.खुर्शीद कहते हैं कि दरअसल, छठ की यही खूबसूरती है कि यह जाति, धर्म और समुदाय की सीमाओं से ऊपर उठकर लोक आस्था और सामाजिक एकता का संदेश देता है।

छठ से 15 दिन पहले बुला लेते थे कटिहार

मो.खुर्शीद कहते हैं कि उनके विभाग के चीफ इंजीनियर सदानंद मंडल थे। वह कटिहार के रहने वाले थे। उनके घर में छठ होता था। छठ के दौरान वह खास तौर पर मुझे 15 दिन पहले कटिहार बुला लेते थे और छठ की तमाम तैयारियां मेरे जिम्मे सौंप दी जाती थी।

कहते हैं कि छठ घाट पर पहुंचते ही मन श्रद्धा और आनंद से भर जाता है। हमारे लिए छठ परिवार की विरासत और आस्था का पर्व है। हम चाहते हैं कि आने वाली पीढ़ियां भी इस परंपरा को इसी श्रद्धा और नेम-निष्ठा के साथ आगे बढ़ाएं।

यह भी पढ़ें- Chhath Mahaparv: क्यों खास है छठ का पर्व? BBMKU की डा. तनुजा कुमारी ने बताया इसका ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व

यह भी पढ़ें- धनबाद में छठ पर सेवा की मिसाल: कहीं साड़ी-गंगाजल तो कहीं फल बांट रहे नेता और सामाजिक संगठन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।