Chhath Mahaparv: क्यों खास है छठ का पर्व? BBMKU की डा. तनुजा कुमारी ने बताया इसका ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व
Chhath Puja 2026: बीबीएमकेयू की प्रोफेसर डॉ. तनुजा कुमारी के लेख में छठ पर्व की प्राचीनता, ऐतिहासिक विकास और सांस्कृतिक महत्ता पर प्रकाश डाला गया है।

Chhath Mahaparv: आल इंडिया सर्वे आफ हायर एजुकेशन की नोडल आफिसर डा.तनुजा कुमारी। (फोटो साैजन्य)
HighLights
डॉ. तनुजा कुमारी ने छठ पर्व की महत्ता पर विस्तृत लेख लिखा।
छठ पर्व की जड़ें प्राचीन वैदिक साहित्य और परंपराओं में निहित।
गिरमिटिया मजदूरों द्वारा छठ पर्व का वैश्विक विस्तार हुआ।
जागरण संवाददाता, धनबाद। Chhath Mahaparv: Its Ancient Roots, Spiritual Significance, Cultural Heritage: प्रकृति-पूजा, सूर्योपासना और लोक-आस्था का महान पर्व छठ केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, भारतीय सभ्यता, संस्कृति और वेदों की प्राचीन वैज्ञानिक दृष्टि का एक जीवंत दस्तावेज है। बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश और नेपाल के तराई क्षेत्रों से निकलकर यह महापर्व आज वैश्विक फलक पर अपनी एक विशिष्ट पहचान बना चुका है।
बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (बीबीएमकेयू) इतिहास विभाग की प्रोफेसर और आल इंडिया सर्वे आफ हायर एजुकेशन की नोडल आफिसर डा.तनुजा कुमारी ने अपने एक विस्तृत आलेख में इस पर्व की प्राचीनता, ऐतिहासिक विकास और सांस्कृतिक महत्ता पर गहराई से प्रकाश डाला है।
छठ पर्व की जड़ें भारतीय उपमहाद्वीप के प्राचीनतम वैदिक साहित्य से जुड़ी हुई हैं। ऋग्वेद में सूर्य, सविता और उषा (भोर की पहली किरण) तथा प्रत्युषा (संध्या की अंतिम किरण) की स्तुति के अनेक मंत्र और सूर्य सूक्त मिलते हैं। वैदिक काल में ऋषि-मुनि सूर्य की ऊर्जा से शारीरिक और मानसिक शुद्धि प्राप्त करने के लिए कठोर उपवास और अर्घ्य की विधि अपनाते थे।
रामायण और महाभारत काल में भी इसके स्पष्ट ऐतिहासिक संदर्भ मिलते हैं। लंका विजय के बाद भगवान राम और माता सीता द्वारा कार्तिक शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को उपवास रखकर सूर्योपासना करने को इस अनुष्ठान का प्रथम पौराणिक प्रसंग माना जाता है।
महाभारत काल में अंग देश के राजा कर्ण द्वारा प्रतिदिन कमर तक जल में खड़े होकर सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा आज भी लोक-आस्था में जीवित है।
पौराणिक कथाएं और छठी मैया का प्रादुर्भाव
प्रो.तनुजा के अनुसार पौराणिक साहित्यों, विशेषकर ब्रह्मवैवर्त पुराण और मार्कंडेय पुराण में षष्ठी देवी (छठी मैया) की उत्पत्ति और पूजा-विधान का विस्तृत उल्लेख मिलता है। ब्रह्मवैवर्त पुराण के अनुसार, प्रकृति के छठे अंश से उत्पन्न देवसेना को बच्चों की रक्षा करने और उनकी आयु लंबी करने वाली देवी माना गया है।
राजा प्रियव्रत और रानी मालिनी की कथा के माध्यम से संतान प्राप्ति और लोक-कल्याण के इस व्रत का शास्त्रीय विधान स्थापित हुआ। बिहार का मुंगेर (सीता चरण मंदिर) और बक्सर (अदिति आश्रम) इस परंपरा के प्रमुख ऐतिहासिक व पौराणिक केंद्र हैं।
मध्यकाल में कृषि संस्कृति और लोक-समाज का जुड़ाव
मध्यकाल में यह पर्व राजदरबारों से दूर ग्रामीण और लोक समाज (विशेषकर मगध, मिथिला और भोजपुरी अंचल) की संस्कृति का अटूट हिस्सा बन गया। बिना किसी जटिल कर्मकांड के आम जनता, किसानों और महिलाओं ने मिलकर इसे सहेजा।
धान की कटाई और रबी की फसलों की बुवाई के ठीक पहले प्रकृति द्वारा दी गई नई फसलों को सूर्य देव को समर्पित करने की परंपरा ने इसे कृषि अर्थव्यवस्था से जोड़ दिया। 18वीं शताब्दी की पटना कलम की चित्रकला और यूरोपीय यात्रियों के विवरणों में भी गंगा तट पर मनाए जाने वाले छठ के जीवंत दृश्य मिलते हैं।
आधुनिक काल, गिरमिटिया मजदूर और वैश्विक विस्तार
आधुनिक काल में 19वीं और 20वीं शताब्दी के औपनिवेशिक दौर के दौरान जब यहां के मजदूरों को गिरमिटिया मजदूर बनाकर मारीशस, फिजी, गुयाना, ट्रिनिडाड और सूरीनाम ले जाया गया, तो वे अपनी संस्कृति के साथ छठ पर्व को भी समुद्र पार ले गए। आज इन देशों में यह पर्व एक राष्ट्रीय सांस्कृतिक पहचान बन चुका है।
21वीं सदी के वैश्वीकरण और डिजिटल युग में महानगरों से लेकर अमेरिका, यूरोप और आस्ट्रेलिया तक फैले प्रवासी भारतीयों ने अपने फ्लैटों की छतों और कृत्रिम तालाबों पर इस महापर्व को पूरी निष्ठा से मनाकर वैश्विक मंच पर इसे स्थापित कर दिया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।