ग्लोबल हुआ छठ का महापर्व, दुमका के बांस से बने सूप-डाला की देशभर में बढ़ी मांग
Chhath Puja 2026: दुमका के बांस से बने सूप-डाला की मांग छठ महापर्व के कारण देश-विदेश में बढ़ गई है, ...और पढ़ें

छठ के लिए दऊरा तैयार करती महिला। (फोटो जागरण)
HighLights
दुमका के बांस सूप-डाला की देशभर में बढ़ी मांग।
10 हजार मोहली परिवार बांस उत्पादों से कर रहे कमाई।
रिलायंस स्टोर्स, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध ये उत्पाद।
राजीव, दुमका। Dumka Bamboo Products: बदलते समय के साथ लोक आस्था का महापर्व छठ भले ही ग्लोबल हो रहा है लेकिन आस्था की गहराई अब भी पूरी तरह से अक्षुण्ण है। छठ के लिए अगर दुमका में तैयार प्राथमिक और खास कच्चे बांस से तैयार डाला और सूप की खरीदारी करनी हो तो वह देश के विभिन्न हिस्सों में संचालित रिलायंस के स्टोर में ले सकते हैं।
अगर किसी श्रद्धालु को यहां का सूप व डाला आनलाइन खरीदनी हो तो इसके लिए गो नेचर विकल्प है। इसाफ से जुड़े जोएल बताते हैं कि पारंपरिक तरीके से तैयार होने वाला सूप व डाला को आकर्षक लुक देने में होम डिकोर और फर्नीचर की सबसे बड़ी कंपनी आईकिया और इसाफ वैल्यू एडिशन कर रहे हैं।
इस वर्ष छठ पर्व की शुरूआत 14 नवंबर से होगी लेकिन इसके दो माह पहले से झारखंड की उपराजधानी दुमका जिले के तकरीबन 10 हजार परिवार सूप-डाला बनाने में जुटे हैं। दरअसल केंद्र सरकार के वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोग्राम स्कीम के तहत दुमका को बांस और इससे निर्मित उत्पाद जिला के तौर पर चिह्नित किया गया है।
केंद्र सरकार की इस घोषणा के बाद दुमका जिले में तैयार बांस के उत्पादों की डिमांड देश-विदेशों में होने लगी है। यहां तैयार हो रहे बांस के डिजाइनर सामग्रियों की पूछ जापान से लेकर स्कैंडिनेविया के देशों में और मध्य पूर्व तक हो चली है। टाटा और रिलायंस इसके मुरीद हो रहे हैं।
इसके लिए इसाफ को नोडल एजेंसी बनाया गया है जो बतौर पार्टनर एजेंसी बनकर बाय बैक पालिसी को बढ़ाने में जुटी है। इसाफ के जरिए ही बांस के उत्पाद को मार्केट लिकेंज प्रदान किया जा रहा है। तैयार उत्पादों की मार्केटिंग विदेशों तक की जा रही है।
दुमका के 10 हजार मोहली परिवार तैयार करते हैं सामग्रियां
दुमका जिले में तकरीबन 10 हजार ऐसे मोहली परिवारों को चिह्नित किया गया है जो कच्चे बांस की सामग्रियों का निर्माण कर जीवन बसर करते है। दुमका सदर प्रखंड के घासीपुर में मोहली समुदाय की आबादी को देखते हुए जिला प्रशासन इसे माडल गांव के तौर पर विकसित कर रही है।
घासीपुर गांव में तकरीबन 92 घर मोहली समुदाय की है। इसमें अधिकांश घरों की महिलाएं, पुरुष व बच्चे बांस की सामग्रियां तैयार करते हैं। गांव की हेमावती मरांडी, जयंती मोहली, सिलवंती मोहली, अनिता मोहली समेत दर्जनों महिलाएं बताती हैं कि वैसे तो बांस से निर्मित सामग्रियों की मांग सालों भर है लेकिन सावन और आश्विन का महीना उन लोगों के लिए खास बन जाता है।
सामान्य दिनों में औसतन प्रतिमाह 10 से 15 हजार रुपये की होने वाली कमाई इन दो महीनों में बढ़ जाती है। श्रावणी मेला और छठ उनके लिए उनके लिए कमाई का अवसर लेकर आता है। एक अनुमान के मुताबिक सिर्फ घासीपुर गांव में प्रतिवर्ष 15 से 20 लाख रुपये का कारोबार ठाट से होती है।
इसी तरह आंदीपुर, जामा प्रखंड के लखनपुर, जरमुंडी के तकरीबन दो से तीन दर्जन गांवों में यह कारोबार कुटीर उद्योग का रूप ले चुका है।
गांव की बुजुर्ग महिलाएं अब भी पारंपरिक सूप, डलिया बनाती हैं और नई पीढ़ी डिजाइनर सामग्रियां जिसमें हैट, सोफा सेट, टेबुल लैंप, पेन स्टैंड, डस्टबीन, फ्रूट बास्केट, कारनेल बाक्स, राउंड बाक्स, गुलदस्ता, मोमेंटो समेत कई सामग्रियां तैयार करती है।
जानकारी के मुताबिक दुमका में बांस से तैयार प्रोडक्ट का कारोबार करोड़ों में फैल चुका है। थोक व्यापारी गांव-गांव में पहुंच कर गाड़ियों मेंं भर-भर कर सूप-डाला व अन्य सामग्रियां थोक भाव में खरीदते हैं। दुमका के अलावा भागलपुर समेत बिहार-झारखंड के कई शहरों के थोक व्यवसायी इस धंधे में जुटे हैं।
सावन से लेकर आश्विन तक रहती है जबरदस्त आपसी प्रतिस्पर्धा
आंदीपुर गांव का युवा कारीगर रामनाथ मोहली कहता है कि सावन से लेकर आश्विन माह तक मोहली समुदाय के एक घर से दूसरे घर के बीच अधिक से अधिक बांस की सामग्रियां तैयार करने की प्रतिस्पर्धा रहती है।
इसकी मुख्य वजह सावन में श्रावणी मेला में बांस की सामग्रियों की जबरदस्त मांग और आश्विन में दशहरा से लेकर महा छठ पर्व तक बांस से बनी गिफ्ट आइटम से लेकर सूप-डाला की मांग है। रामनाथ मोहली की मानें तो सिर्फ आश्विन माह में सामान्य दिनों में 80 से 90 रुपये में बिकने वाला छोटा डाला का थोक भाव 120 से 150 रुपये हो जाता है।
मध्यम आकार का भाव 150 से बढ़कर 180 रुपये और बड़े साइज का डाला 180 से बढ़कर 220 रुपये तक पहुंच चुका है। जबकि सूप का भाव 50 से 80 रुपये के बीच है।
रामनाथ के मुताबिक एक कच्चा बांस की कीमत 80 रुपये के आसपास होती है जिससे चार से पांच डाला आसानी से बन जाता है जबकि एक बांस से पांच से आठ सूप तैयार होता है।
यह भी पढ़ें- काली पूजा की रात किसी घर नहीं बनता चावल: झारखंड के मलूटी गांव में 'लुची-माछेर झोल' की है अनोखी परंपरा
यह भी पढ़ें- World Radiography Day: दुमका में रेडियोलॉजिस्ट की उपलब्धता से बदली स्वास्थ्य सेवाओं की तस्वीर, मरीजों को राहत
महापर्व छठ हम सबके लिए खुशहाली लेकर आता है। छठ के लिए सूप-डाला तैयार करने का धंधा पुश्तैनी है। समय के साथ निसंदेह बांस से तैयार फैंसी उत्पादों की डिमांड बढ़ी है लेकिन छठ से ऐसी आस्था जुड़ी है कि दो माह पहले से हरेक मोहली परिवार के घर में सूप-डाला बनना शुरु हो जाता है। मंशा यह कि खपत के अनुरूप हरहाल में आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।
रामनाथ मोहली, कारीगर सह प्रशिक्षक, आंदीपुर, दुमका
ओडीओपी के तहत दुमका को बांस के प्रोडक्ट के लिए चुना गया है। पूर्व में भी बांस से निर्मित सामग्रियां यहां के स्थानीय बाजारों में डिमांड में रही है। खासकर श्रावणी मेला बांस के कारीगरों के लिए एक बड़ा अवसर होता है। अब नीति आयोग की राशि से बांस की सामग्रियों को अंतरराष्ट्रीय फलक पर लाने की पहल तेज हुई है। बड़ी संख्या में बांस कारीगरों को प्रशिक्षण दिया गया है। प्रत्येक प्रखंड में एक-एक बैंबू शेड का भी निर्माण भी इसी कड़ी का हिस्सा है।
अभिजित सिन्हा, उपायुक्त, दुमका
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।