आग से चार घर व एक दुकान राख
बाजार में शुक्रवार की रात दो जगह आग

आग से चार घर व एक दुकान राख
संवाद सहयोगी, बासुकीनाथ (दुमका): जरमुंडी प्रखंड के ताराटीकर व मुख्य बाजार में शुक्रवार की रात दो जगह आग लगने से लाखों की संपत्ति जलकर खाक हो गयी। ताराटीकर गांव में सबसे पहले जनार्दन मंडल के घर में आग लगी। लपटों ने उसके भाई दुर्योधन मंडल, पड़ोसी सुखु मंडल व गुनाधर मंडल के घर को भी आगोश में ले लिया। आग इतनी विकराल थी कि देखते ही देखते जब तक ग्रामीण कुछ प्रयास कर पाते चारों घर जलकर राख हो गए। ग्रामीणों के सामूहिक प्रयास से आग को अन्य घरों में फैलने से रोका जा सका। चारों घर का सारा सामान जलकर राख में तब्दील हो गया।
पीड़ितों के अनुसार करीब पांच लाख की संपत्ति का नुकसान हुआ। जबकि दूसरी घटना जरमुंडी मुख्य बाजार में हुई। यहां जूते चप्पल की मरम्मत करने वाली गुमटी में अज्ञात कारणों से आग लगने से पूरी गुमटी जलकर खाक हो गई। गुमटी मालिक मदनपुर निवासी मुसो दास को करीब 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ।
कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने दिखाई संवेदनशीलता : ग्रामीणों से घटना की जानकारी मिलने पर कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी आशुतोष ओझा व अंचलाधिकारी राजकुमार प्रसाद को यथाशीघ्र ताराटीकर में पानी से भरे टैंकर भिजवाने व जिला से अग्निशमन वाहन यथाशीघ्र भेजने का निर्देश दिया। अंचलाधिकारी ने पीड़ितों के घर जाकर क्षतिपूर्ति का आकलन कर यथाशीघ्र सरकार के द्वारा प्रदान की जाने वाली सहायता राशि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। कृषि मंत्री के निर्देश पर अंचल निरीक्षक सुधीर तिवारी एवं राजस्व कर्मचारी ओम प्रकाश शाह ने शनिवार को गांव जाकर क्षतिपूर्ति का आकलन किया।
प्रखंड मुख्यालय में अग्निशमन वाहन की मांग : ग्रामीणों ने कृषि मंत्री बादल पत्रलेख एवं जिला प्रशासन से भीषण गर्मी के दिनों में आए दिन होने वाले अगलगी की घटना को ध्यान में रखते हुए प्रखंड मुख्यालय में एक अग्निशमन वाहन दिलाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अक्सर कहीं न कहीं अगलगी की घटना होती है। जिला मुख्यालय से अग्निशमन वाहन आते-आते सब कुछ जलकर खाक हो जाता है। अगर जरमुंडी मुख्यालय में अग्निशमन वाहन उपलब्ध करा दिया जाए तो जरमुंडी के साथ जामा, तालझारी, सहारा, सरैयाहाट, हरिपुर, हंसडीहा, नोनीहाट, रामगढ़ के एक बड़े भू-भाग में आए दिन होने वाली घटना पर समय रहते काबू पाया जा सकता है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।