Wasseypur में होटल संचालक से रंगदारी की मांग, विरोध करने पर जानलेवा हमला, तोड़फोड़
Dhanbad News: धनबाद के रहमतगंज आरामोड़ में एक होटल संचालक मो. इकराम अंसारी से रंगदारी मांगी गई और दुकान बंद न करने पर जान से मारने की धमकी दी गई।

हमले के बाद होटल के बाहर बिखरे बर्तन और टूटा पड़ा चूल्हा। (फोटो साैजन्य)
HighLights
धनबाद में होटल संचालक से रंगदारी मांगने का मामला सामने आया।
दुकान बंद न करने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
विरोध करने पर हमलावरों ने सामान फेंका, जानलेवा हमला किया।
जागरण संवाददाता, धनबाद। Wasseypur News: रहमतगंज आरामोड़ के पास एक होटल संचालक से रंगदारी मांगने और विरोध करने पर मारपीट व जानलेवा हमला करने की कोशिश का मामला सामने आया है। इस संबंध में रहमतगंज आरामोड़ निवासी 32 वर्षीय मो. इकराम अंसारी ने बैंकमोड़ थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, इकराम अंसारी कई वर्षों से आरामोड़ स्थित झोपड़ीनुमा होटल चला रहे हैं। इसी से वह अपने परिवार का भरण-पोषण भी करते हैं। आरोप है कि हाल के दिनों में होटल में खाना खाने आए मो. कलाम कुरैशी, मो. जुम्मन कुरैशी, मो. आलम और उनके साथ मौजूद अन्य लोगों ने उन्हें दुकान बंद कर देने की धमकी दी।
आरोपितों ने कहा कि यदि होटल बंद नहीं की तो उसका मर्डर कर दिया जाएगा। साथ ही आरा मोड़ में रंगदारी चलने की बात कहते हुए रंगदारी देने की मांग की। इकराम ने पुलिस को लिखित शिकायत में बताया है कि रंगदारी देने से इनकार करने पर आरोपितों ने होटल का सारा सामान और पका हुआ भोजन फेंक दिया।
इसके बाद हथियार से हमला करने की कोशिश की। किसी तरह वह अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकला। भुक्तभोगी ने बैंकमोड़ थाना में आवेदन देकर पुलिस से आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस छानबीन कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।