Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Jharkhand Politics: धान खरीद में सरकार मार रही डंडी, अन्नपूर्णा ने हेमंत को बताया किसान विरोधी

    By MritunjayEdited By:
    Updated: Sun, 06 Mar 2022 09:57 AM (IST)

    केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि राज्य सरकार किसानों पर ध्यान नहीं दे रही है। इस सरकार के पास किसानों के लिए कोई योजना नहीं है। जमुआ विधायक केदार हाजरा ने झारखंडियों के हित में स्थानीय नीति बनाने और 1932 का खतियान लागू करने पर जोर दिया।

    Hero Image
    केंद्रीय राज्य मंत्री अन्नपूर्णा यादव ( फाइल फोटो)।

    जागरण संवाददाता, गिरिडीह। भाजपा किसान मोर्चा किसानों के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें बेहतर सुविधाएं मुहैया कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं, लेकिन राज्य की हेमंत सरकार किसानों को नकार रही है। ये बातें कोडरमा सांसद केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने शनिवार को हरिचक स्थित भाजपा जिला कार्यालय में आहूत किसान मोर्चा की जिला कार्यसमिति की बैठक में कही। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों पर ध्यान नहीं दे रही है। इस सरकार के पास किसानों के लिए कोई योजना नहीं है।जमुआ विधायक केदार हाजरा ने झारखंडियों के हित में स्थानीय नीति बनाने और 1932 का खतियान लागू करने पर जोर दिया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पवन साव ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना चाहती है, ताकि किसान स्वाभिमान के साथ जीएं। इसके लिए केंद्र सरकार लगातार प्रयास कर रही है। केंद्र सरकार किसानों के हित में योजना बनाती और राज्य को राशि उपलब्ध कराती है, लेकिन राज्य सरकार उस पैसे को खर्च नहीं कर पाती है। केंद्र सरकार ने एफपीओ के माध्यम से किसानों के मजबूत करने की योजना बनाई है। अधिक से अधिक किसानों को एफपीओ से जोड़ें और लाभ दिलाएं। मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष सह जमशेदपुर के जिप उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने कहा कि राज्य में किसानों की क्या स्थिति है, यह किसी से छिपी नहीं है। सिस्टम से किसानों का धान क्रय नहीं हो रहा है। इसमें बिचौलिए हावी हैं। किसानों को केवल ठगा जा रहा है। सरकार केवल ट्रांसफर-पोस्टिंग कर रही है। इस सरकार के खिलाफ रणनीति बनाएंगे।

    पूर्व विधायक नागेंद्र महतो ने कहा कि किसान किसी पर आश्रित नहीं हैं। किसान आंदोलन के नाम पर जनता को गुमराह किया गया। झामुमो सरकार ने राज्य की दशा और दिशा को बर्बाद कर दिया है। भाजपा जिलाध्यक्ष महादेव दुबे ने कहा कि भाजपा के कुल सात मोर्चा हैं, जिनमें एक किसान मोर्चा भी है। सभी मोर्चा मिलकर भाजपा को मजबूत बनाते हैं। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय कार्यक्रमों के बारे में भी जानकारी दी। बैठक की अध्यक्षता कर रहे मोर्चा के जिलाध्यक्ष दिलीप वर्मा ने कहा कि मोर्चा की जिला कार्यसमिति की यह पहली बैठक है। प्रत्येक तीन माह में यह बैठक होनी है। पैक्सों में धान बेचने वाले किसानों को हर तरह से ठगा जा रहा है। एक क्विंटल में 15 किलो धान की कटौती की जा रही है। साथ ही उन्हें समय पर भुगतान भी नहीं दिया जा रहा है। इस दौरान मोर्चा की ओर से एक साल में किए गए कार्यों की समीक्षा करते हुए आगे की कार्ययोजना बनाई गई। किसानों के मुद्दों को लेकर अप्रैल महीना में किसान महासम्मेलन करने का निर्णय लिया गया। बैठक का संचालन देवनाथ राणा ने किया। मौके पर प्रदेश मीडिया प्रभारी विक्रांत उपाध्याय, कार्यालय प्रभारी सुरेंद्र नाथ, प्रवक्ता रंजीत राय, जिला उपाध्यक्ष महेंद्र वर्मा, अनूप सिन्हा, परमेश्वर यादव, फाल्गुनी राय, नकुल राय, जय प्रकाश मंडल, प्रकाश चंद्र मिश्र, परमेश्वर मोदी, चुन्नूकांत, ओम प्रकाश मंडल, सदानंद वर्मा आदि उपस्थित थे।